भारी उद्योग और इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विनिर्माण आधारित विकास और रोजगार सृजन पर अभूतपूर्व ध्यान दिया है। इससे औद्योगिक विकास में तेजी आई है और रोजगार के व्यापक अवसर सृजित हुए हैं।
श्री कुमारस्वामी ने कल बेंगलुरु में केंद्रीय विनिर्माण प्रौद्योगिकी संस्थान के 65वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान रणनीतिक क्षेत्र में अनुसंधान में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। श्री कुमारस्वामी ने कहा कि इसकी क्षमता मजबूत करने और राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करने के लिए संस्थान को वित्तीय तथा संस्थागत सहायता प्रदान की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिंदुस्तान मशीन टूल्स-एचएमटी के पुनरुद्धार की परियोजना रिपोर्ट अंतिम चरण में है और हितधारकों से परामर्श के बाद इसका कार्यान्वयन शुरू होगा। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के पूर्व सदस्य वी. के. सारस्वत की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति इस पर काम कर रही है। समिति की सिफारिशों के आधार पर एक पुनर्स्थापन कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।