पारादीप तट पर सारेक्स 26 समुद्री खोज और बचाव अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अति विशिष्ट सेवा पदक-एवीएसएम, राष्ट्रपति तटरक्षक पदक-पीटीएम, तटरक्षक पदक- टीएम से सम्मानित भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि ने आज पारादीप तट पर 12वें राष्ट्रीय समुद्री खोज और बचाव अभ्यास सारेक्स 26 का अवलोकन किया। भारतीय तटरक्षक बल, नौसेना के जहाज, तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टर और डॉर्नियर विमान, भारतीय वायु सेना के 130जे विमान, सीमा शुल्क और अन्य एजेंसियों तथा हितधारकों के वाहन उत्कृष्ट समन्वय और संपूर्ण प्रक्रिया के सटीक निष्पादन के साथ इस शानदार सारेक्स 26 समुद्री खोज तथा बचाव अभियान में शामिल हुए।
आईसीजीएस समुद्र प्रताप पर आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक ने कहा कि तटरक्षक बल समुद्री खोज तथा बचाव अभियानों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल ने भविष्य में वास्तविक समय के खोज और बचाव अभियानों में विदेशी भागीदारों को शामिल करने के उद्देश्य से सारेक्स 26 आयोजन की योजना बनाने के लिए विदेशी पर्यवेक्षकों को भी साथ लिया था। आज 30 मित्र विदेशी देशों के 32 पर्यवेक्षकों ने सारेक्स 26 कार्यक्रम में भाग लिया।
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में, ऑस्ट्रेलियाई सीमा बल के अधीक्षक ब्लेज़ टेलर ने आईसीजीएस समुद्र प्रताप पर कहा कि भारतीय तटरक्षक बल खोज और बचाव अभियानों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने पड़ोसी देशों के साथ सहयोग करते हुए तटरक्षक बल की भूमिका की सराहना की।