फ़रवरी 22, 2026 1:52 अपराह्न

printer

अफगानिस्तान सीमा पर पाकिस्तान के हवाई हमलों में 17 लोग मारे गए

पाकिस्तान की वायु सेना के हमले में पाकिस्‍तान-अफगानिस्तान सीमा क्षेत्र में 17 अफगान नागरिकों की मौत हो गई और 12 से अधिक घायल हो गए।

अफगान सरकार के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि पाकिस्तानी वायु सेना ने कल रात नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में नागरिकों पर बमबारी की। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने हमले की पुष्टि करते हुए पिछले सप्ताह रमजान की शुरुआत से अब तक हुए तीन हमलों का उल्‍लेख किया।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी बलों ने सीमा क्षेत्र में पाकिस्तानी तालिबान और उसके सहयोगियों से संबंधित सात आतंकवादी शिविरों और ठिकानों को निशाना बनाया है।

वर्ष 2021 में तालिबान अधिकारियों द्वारा काबुल पर पुनः नियंत्रण स्थापित करने के बाद से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल के महीनों में घातक सीमा संघर्षों के कारण दोनों देशों के बीच संबंध और भी बिगड़ गए हैं।

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के तालिबान अधिकारियों पर अफगान भूमि को आतंकवादियों को पनाह देने के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। हालांकि, काबुल में तालिबान सरकार इन आरोपों से इनकार करती रही है।