सातवें एग्रीवोल्टेइक्स विश्व सम्मेलन का आयोजन आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुआ। इसका उद्देश्य कृषि और सौर ऊर्जा उत्पादन को एक साथ बढ़ावा देकर खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करना है। एग्रीवोल्टेइक्स के अंतर्गत एक ही भूमि पर खेती के साथ-साथ सौर ऊर्जा का उत्पादन भी किया जाता है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी तथा कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। तीन दिन के इस सम्मेलन का विषय है- ‘ग्लोबल साउथ को ऊर्जा से सशक्त बनाना’।
सम्मेलन में 40 से अधिक देशों के लगभग 1500 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें करीब 400 किसान शामिल हैं। सम्मेलन किसानों, नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने तथा कृषि और सौर ऊर्जा के इस मॉडल का विस्तार करने की रणनीतियों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान कर रहा है। इसमें देश की खाद्य और ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए खेती के साथ नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन को जोड़ने के उपायों पर विचार किया जाएगा।