दिल्ली सरकार नगरवासियों के लिए सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – सोमनाथ यात्रा’ का आयोजन करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत 30 अप्रैल को राजधानी के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से लगभग 1300 श्रद्धालुओं को लेकर एक विशेष ट्रेन गुजरात के सोमनाथ धाम के लिए रवाना होगी। श्रीमती गुप्ता ने इस आयोजन की घोषणा करते हुए कहा कि यह पावन पहल सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – 1000 वर्षों की अखंड आस्था को समर्पित है और दिल्लीवासियों को अपनी आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। एक रिपोर्ट –
श्रीमती गुप्ता ने बताया कि यह विशेष ट्रेन इस महीने की 30 तारीक से चलकर अगले दिन 1 मई को गुजरात पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि 1, 2 और 3 मई को श्रद्धालुजन भगवान शिव के पावन ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे और आसपास स्थित अन्य प्रमुख मंदिरों के भी दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। श्रीमती गुप्ता ने बताया कि यह यात्रा निशुल्क होगी। वहीं यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पीने के पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था गुजरात सरकार द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को भी नई ऊर्जा देते हैं। मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, भारतीय परंपरा और देश कि आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का पावन अवसर है।