फ़रवरी 25, 2026 7:40 अपराह्न

printer

दिल्ली में पहली बार अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव का आयोजन, अगले माह 25 से 31 तक चलेगा महोत्सव

दिल्‍ली में पहली बार अंतरराष्‍ट्रीय फिल्मोत्‍सव आयोजित होने जा रहा है। यह महोत्‍सव अगले माह की 25 से 31 तारीख तक चलने वाला है। इसके बारे में जानकारी देते हुए मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने बताया कि यह महोत्‍सव दिल्ली को वैश्विक सांस्कृतिक और सिनेमाई केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा। 

मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने कहा कि यह महोत्सव केवल फिल्मों का आयोजन नहीं, बल्कि राजधानी की रचनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सोच का उत्सव है। यह शहरव्‍यापी फिल्म महोत्‍सव भारत मण्डपम सहित राजधानी के विभिन्न प्रतिष्ठित स्थलों पर आयोजित किया जाएगा।

श्रीमती गुप्‍ता ने कहा कि इस आयोजन से स्थानीय फिल्मकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा इसके साथ ही फिल्म पर्यटन, प्रतिभा विकास और रचनात्मक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।  

दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम द्वारा आयोजित इस महोत्सव में एक सौ पच्चीस से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही गाला प्रीमियर, मास्टरक्लास, फिल्‍म उद्योग संवाद, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। उन्‍होंने बताया कि इस अंतरराष्‍ट्रीय फिल्‍मोत्‍सव के तहत फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे शहर की सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। श्रीमती गुप्‍ता ने कहा कि इस महोत्‍सव के माध्‍यम से युवा प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने और उद्योग से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। प्रादेशिक समाचार के लिए नीतिका गुप्‍ता।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला