दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने बताया है कि अभी गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है और तेज धूप और गर्म हवाओं का दौर जारी रहेगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मौसम विभाग ने इस स्थिति को लेकर विस्तृत दिशानिर्देश और सलाह जारी की है।
पिछले 24 घंटों में दिल्ली का तापमान काफी अधिक रहा। दिन का तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से ज्यादा है। रात का तापमान भी 23 से 26 डिग्री के बीच रहा, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला जाता है और सामान्य से काफी ज्यादा होता है, तब उसे लू यानि हीटवेव कहा जाता है।
लू की स्थिति के बीच, डॉक्टरों ने लू लगने के बढ़ते खतरे को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि यह एक जानलेवा स्थिति है, इसमें शरीर का तापमान 105 डिग्री से ऊपर हो सकता है। भीषण गर्मी को देखते हुए डॉक्टरों ने शुरुआती सावधानियां बरतने का आग्रह किया है।
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल के निदेशक डॉ. एल. श्याम सिंह ने कहा कि लू एक धीमी गति से बढ़ने वाली, लेकिन संभावित रूप से जानलेवा स्थिति है, जो लंबे समय तक उच्च तापमान के संपर्क में रहने और शरीर में पानी की कमी के कारण होती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखें। दिन में सबसे तेज़ धूप वाले समय में बाहर निकलने से बचें, बाहर काम करते समय बीच-बीच में आराम करें, और हल्के और हवादार कपड़े पहनें।
दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मेडिसिन के प्रोफेसर और हीट स्ट्रोक यूनिट के प्रमुख डॉ. अजय चौहान ने लोगों को सलाह दी कि जब तक बहुत ज़रूरी न हो, तब तक बाहर न निकलें। हल्के सूती कपड़े पहनें, सिर को ढककर रखें, और नमक मिले पानी का सेवन करके शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखें। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल में भीषण गर्मी को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में बताया।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। खासकर दोपहर में बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी गर्मी का असर जारी रह सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। प्रादेशिक समाचार के लिए अमन यादव।