दक्षिण कोरिया और जापान ने आज कोरिया प्रायद्वीप के परमाणु निरस्त्रीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की और पड़ोसी देशों के बीच सुरक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए संयुक्त खोज और बचाव अभ्यास को फिर से शुरू करने पर सहमति व्यक्त की।
सियोल में हुई बैठक में दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री आन ग्यू-बैक और जापान के रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइज़ुमी ने दोनों देशों के बीच वार्ता के छठे दौर में क्षेत्रीय स्थिरता पर द्विपक्षीय रूप से और अमरीका के साथ साझेदारी से काम करने पर सहमति व्यक्त की।
दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों मंत्रियों ने गंभीर सुरक्षा वातावरण के बीच क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सहयोग जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।
अमरीका के प्रयास से दक्षिण कोरिया और जापान वर्ष 2022 से घनिष्ठ संबंध विकसित करने और पुराने मतभेदों को दूर करने के लिए काम कर रहे हैं। यह नीति दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग और जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची सनाए द्वारा जारी रखी गई है।