अप्रैल 25, 2026 7:31 अपराह्न

printer

तेलंगाना पुलिस की मौजूदगी में 47 माओवादियों ने हैदराबाद में किया आत्मसमर्पण

तेलंगाना पुलिस की मौजूदगी में, छत्तीसगढ़ राज्य की कुछ महिला माओवादियों सहित लगभग 47 माओवादियों ने आज हैदराबाद में आत्मसमर्पण कर दिया। छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर संभाग से संबंधित इन माओवादियों ने पुलिस महानिदेशक-डीजीपी शिवधर रेड्डी के समक्ष आत्मसमर्पण किया।

इस अवसर पर श्री रेड्डी ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों ने अपने कब्जे में मौजूद 32 हथियार पुलिस को सौंप दिए। उन्होंने घोषणा की कि आत्मसमर्पण करने वालों को केंद्र सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं और मुफ्त स्वास्थ्य कार्डों के साथ-साथ एक करोड 20 लाख रुपये का पुनर्वास पैकेज प्रदान किया जाएगा। डीजीपी ने आश्वासन दिया कि सरकार उन सभी को हर संभव सहायता प्रदान करेगी जो वनवास छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं।

झारखंड में हाल ही में हुई मुठभेड़ और केंद्र द्वारा निर्धारित समय सीमा की समाप्ति के मद्देनजर माओवादियों के इस बड़े पैमाने पर आत्मसमर्पण का महत्व बढ़ गया है। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादी छत्तीसगढ़ के हैं और उनमें तेलंगाना का कोई भी व्यक्ति शामिल नहीं है।

डीजीपी ने विशेष खुफिया शाखा पुलिस के समर्पित समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक तेलंगाना में कुल 260 भूमिगत माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। डीजीपी ने कहा कि तेलंगाना के केवल चार माओवादी कैडर अभी भी भूमिगत हैं और तेलंगाना से बाहर सक्रिय हैं।