सरकार ने कहा है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और कल 52 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए देशभर में प्रवर्तन कार्रवाई जारी है। मंत्रालय ने कहा कि देशभर में दो हजार सात सौ से अधिक छापे मारे गए। मंत्रालय ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की तेल विपणन कंपनियों ने अचानक निरीक्षण को मजबूत और जारी रखा है। अब तक 219 एलपीजी वितरकों पर जुर्माना लगाया है और 56 वितरकों को निलंबित किया है। मंत्रालय ने कहा कि कुल वाणिज्यिक एलपीजी आवंटन को संकट-पूर्व स्तर के लगभग 70 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है। इसमें 10 प्रतिशत सुधार-संबंधी आवंटन शामिल है।
मंत्रालय के अनुसार 23 मार्च से अब तक छात्रों और प्रवासी श्रमिकों सहित कमजोर समुदायों को 13 लाख से अधिक 5-किलो के मुक्त व्यापार एलपीजी सिलेंडर वितरित किए जा चुके हैं। पिछले महीने से 4 लाख 24 हजार से अधिक पीएनजी कनेक्शनों को गैसयुक्त किया गया है और 4 लाख 66 हजार से अधिक ग्राहकों ने नए कनेक्शनों के लिए पंजीकरण कराया है।
इस बीच, बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय द्वारा पश्चिम एशिया क्षेत्र में संचालित भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय किए गए हैं। क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है।