केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज इंडिया मोबाइल कांग्रेस -आईएमसी)2026 के दौरान राज्य सरकारों के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रियों और सचिवों के साथ एक उच्च स्तरीय गोलमेज सम्मेलन की अध्यक्षता की। बैठक को संबोधित करते हुए श्री सिंधिया ने राष्ट्रीय ब्रॉडबैंड मिशन 2.0 को आगे बढ़ाने में राज्यों की सह-भागीदारी की भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए, नागरिकों को टीम इंडिया के रूप में कार्य करना होगा। इसके लिए उन्हें राज्यों को पूंजी निवेश के लिए विशेष सहायता योजना के अंतर्गत पूंजीगत प्रोत्साहन प्राप्त करने के लिए मार्ग अधिकार अनुमोदन में तेजी लानी होगी, भारतनेट और 4जी की पहुंच को अंतिम छोर तक पहुंचाना होगा, संचार साथी योजना के माध्यम से नेटवर्क को सुरक्षित करना होगा और समृद्ध ग्राम योजनाओं का विस्तार करना होगा ताकि कनेक्टिविटी प्रत्येक नागरिक के जीवन को सार्थक रूप से बदल सके।
मंत्रालय ने कहा कि इस गोलमेज सम्मेलन ने दूरसंचार, डिजिटल अवसंरचना और नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाओं से संबंधित मुद्दों पर केंद्र, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच व्यवस्थित संवाद और समन्वय के लिए एक मंच प्रदान किया।