मई 18, 2026 10:17 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्रियों ने प्रधानमंत्री मोदी को नॉर्वे के सर्वोच्च सम्मान मिलने पर बधाई दी

केन्‍द्रीय मंत्री अमित शाह, जगत प्रकाश नड्डा, पीयूष गोयल, मनोहर लाल और किरेन रिजिजू सहित कई अन्‍य मंत्रियों ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नॉर्वे के सर्वोच्च सम्मान, ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी।

गृह मंत्री ने कहा कि यह 32वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के विस्तार का प्रतीक है। यह दक्षिण से उत्तर तक फैला है। उन्‍होंने कहा कि यह शांति और सहयोग का संदेश फैलाता है और विभिन्न देशों के बीच भारत के राजनयिक प्रभाव को मजबूत करता है।

स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि यह सम्मान मोदी के सशक्त नेतृत्व और विश्व भर में भारत के बढ़ते सम्मान को दर्शाता है। उन्‍होंने कहा कि यह भारत और नॉर्वे के बीच गहरी मित्रता को भी दर्शाता है। यह विश्वास, सहयोग और मजबूत जन-संबंधों पर आधारित है और समय के साथ और भी मजबूत होती जा रही है।

विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह सम्मान ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के चिरस्थायी सिद्धांतों के माध्यम से वैश्विक सद्भाव को मजबूत करने के प्रति श्री मोदी की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।