विदेश मंत्रालय में सचिव सिबी जॉर्ज ने कहा है कि ऑस्ट्रिया के चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर की भारत यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण और फलदायी रही है। उन्होंने कहा कि इससे भारत-ऑस्ट्रिया सहयोग के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय करने में सहायता मिली है। सचिव ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऑस्ट्रिया को सुरंग तथा निर्माण क्षेत्र, नवीकरणीय ऊर्जा और स्वच्छ प्रौद्योगिकियों में विशेषज्ञता प्राप्त है, जो उसे भारत के लिए स्वाभाविक भागीदार बनाती है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रिया की विशेषज्ञता को देखते हुए भारत और ऑस्ट्रिया साझेदारी, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी सरकार की प्रमुख पहलों को सहयोग देगी।
श्री सिबी जॉर्ज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चांसलर स्टॉकर ने पश्चिम एशिया तथा अन्य क्षेत्रों में हाल के घटनाक्रमों से संबंधित सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की है। यूक्रेन संघर्ष के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों पर आधारित संवाद तथा कूटनीति के माध्यम से यूक्रेन में व्यापक, न्यायपूर्ण और स्थायी शांति प्राप्त करने के प्रयासों का समर्थन करना जारी रखेंगे।
श्री सिबी जॉर्ज ने कहा कि दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों पर भी चर्चा की। उन्होंने समुद्री जहाजों के सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सहित मुद्दों को शांतिपूर्ण ढंग से हल करने में संवाद तथा कूटनीति के महत्व पर जोर दिया।