उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने आज केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल स्थापना दिवस के अवसर पर सभी जवानों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री राधाकृष्णन ने कहा कि असाधारण साहस, अटूट समर्पण तथा उच्चतम मानकों के साथ, सीआरपीएफ ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा की रक्षा में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सीआरपीएफ के वीर जवानों के शौर्य, बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति अटूट निष्ठा को नमन करता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस अवसर पर सीआरपीएफ कर्मियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ अटूट साहस, असाधारण कर्तव्यनिष्ठा और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है।
गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल -सीआरपीएफ के जवानों और उनके परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि अपनी स्थापना के बाद से, सीआरपीएफ ने भारत की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर लड़ाई जीतकर गौरव के अनगिनत मील के पत्थर स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि चाहे नक्सलवाद का खात्मा हो या देश की शांति और प्रगति की रक्षा करना, बल ने हमेशा राष्ट्र की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने कर्तव्य की राह में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को भी नमन किया।