उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो की महिला 48 किलोग्राम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर अस्मिता डे और पुरुष 60 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने पर हर्ष सिंह को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर अपने संदेश में उपराष्ट्रपति ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अस्मिता डे का शानदार प्रदर्शन लंबे समय तक याद रखा जाएगा और इससे देश में जूडो को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि हर्ष सिंह के उत्कृष्ट प्रदर्शन में उनकी लगन और समर्पण साफ दिखाई देता है। प्रधानमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में महिला 48 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर अस्मिता डे को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि अस्मिता ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय जूडो खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया है।