उत्तर कोरिया द्वारा आज एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपित किए जाने के बाद जापान ने इमरजेंसी अलर्ट जारी किया है। यह प्रक्षेपण ऐसे समय में हुआ है जब अमरीका, दक्षिण कोरिया के साथ होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास का दायरा कम करने की तैयारी कर रहा है।
जापान के प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे जानकारी इकट्ठा करने और उसका विश्लेषण करने के लिए पूरी कोशिश करें और जनता को समय-समय पर अपडेट देते रहें। अधिकारियों से यह भी कहा गया है कि वे विमानों, जलयानों और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी सहित सभी संभव एहतियाती उपाय करें।
इससे पहले, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को इन अभ्यासों का दायरा काफी कम करने का आदेश दिया था। उन्होंने इन अभ्यासों को महंगा बताया था और कहा था कि इनसे उत्तर कोरिया को दुश्मनी का संकेत मिलता है। सालाना ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ अभ्यास सोमवार से शुरू होने वाला है। श्री ट्रंप ने कहा कि अभ्यास रद्द करने में अब बहुत देर हो चुकी है, लेकिन उन्होंने पेंटागन प्रमुख को निर्देश दिया है कि वे इनका दायरा घटा दें।
आज का यह अलर्ट, इसी महीने की 6 और 12 तारीख को उत्तर कोरिया द्वारा संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च किए जाने पर जापान द्वारा जारी किए गए इसी तरह के अलर्ट के बाद आया है।