देश के विभिन्न हिस्सों में आज ईद-उल-फित्र का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
यह त्योहार रमज़ान के महीने के समापन का प्रतीक है। दिल्ली में, ईद की मुख्य नमाज जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद और शाही ईदगाह में अदा की जाएगी। इस अवसर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज ईद-उल-फित्र के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्योहार आत्मसंयम, दान और वंचितों के प्रति करुणा के साथ प्रेम, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने इस अवसर पर सभी से जरूरतमंदों की मदद करने, समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
उपराष्ट्रपति ने इस अवसर पर सभी के लिए आशा, सद्भाव, करुणा और सफलता की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री ने कामना की कि ये त्योहार आपसी भाईचारे और दया की भावना मजबूत करे और सभी के जीवन में स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि लाए।
जम्मू-कश्मीर में रमज़ान के पवित्र महीने के समापन पर ईद-उल-फित्र आज पूरे उत्साह और खुशी के साथ मनाई जा रही है। जम्मू की मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों लोग ईद की नमाज़ अदा करने के लिए इकट्ठा हुए हैं।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सभी को ईद की शुभकामनाएं दी और त्याग, साझेदारी और मानव सेवा की भावना अपनाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी जम्मू-कश्मीर सहित दुनिया भर में ईद मना रहे लोगों को शुभकामनाएं दीं।
उत्तर प्रदेश में ईद पूरे राज्य में पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ मनाई जा रही है। रमज़ान के पवित्र महीने के समापन के उपलक्ष्य में हजारों श्रद्धालु मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए एकत्रित हुए हैं।
त्रिपुरा में ईद-उल-फित्र का त्योहार बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। रमज़ान के महीने भर के रोज़े खत्म होने पर, लोग सुबह जल्दी उठकर ईद की विशेष नमाज अदा करने के लिए इकट्ठा हुए।
अगरतला के शिवनगर स्थित गेदू मियां मस्जिद समेत विभिन्न जिलों के ईदगाहों और मस्जिदों में भारी भीड़ देखी गई।
ईद की नमाज़ के बाद, राज्य, देश और विश्व भर में शांति, समृद्धि और सद्भाव के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं।
मौलवियों ने सांप्रदायिक सद्भाव, भाईचारा और आपसी सम्मान के महत्व पर जोर दिया। लोगों ने गर्मजोशी से ईद की बधाई दी, एक-दूसरे को गले लगाया और एकता और एकजुटता की भावना का जश्न मनाया।
लद्दाख में ईद-उल-फित्र उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई। लेह के ईदगाह और पोलो ग्राउंड में ईद की विशेष नमाज़ अदा की गई।
जम्मू-कश्मीर में भी आज ईद मनाई जा रही है। जम्मू-कश्मीर के ग्रैंड मुफ़्ती, मुफ़्ती नासिर-उल-इस्लाम ने शव्वाल का चाँद दिखने की पुष्टि की, जिसके साथ ही रमज़ान के पवित्र महीने का समापन हो गया।