भारतीय नौसेना के प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शनी ने कल कैनरी द्वीप समूह के लास पाल्मास में अपना तीन दिवसीय पड़ाव पूरा किया, जो लोकायन 26 समुद्री अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस यात्रा के दौरान, आईएनएस सुदर्शनी के कमान अधिकारी ने कैनरी द्वीप समूह नौसेना कमान के प्रमुख रियर एडमिरल सैंटियागो डी कोल्सा ट्रूबा से मुलाकात की। इससे भारत और स्पेन के बीच समुद्री सहयोग और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्रालय ने बताया कि बंदरगाह पर रुकने के दौरान पोत आगंतुकों के लिए खुला था, जिससे स्थानीय समुदाय और भारतीय प्रवासी आकर्षित हुए। यह जहाज अब तक सात बंदरगाहों का दौरा कर चुका है और पश्चिम एशिया, भूमध्य सागर, यूरोप और अफ्रीका की नौसेनाओं के साथ संपर्क स्थापित कर चुका है। यह अभियान वैश्विक समुद्री साझेदारी को मजबूत करने और राष्ट्रों के बीच सद्भावना को बढ़ावा देने के प्रति भारतीय नौसेना की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।