आंध्र प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष पी.वी.एन. माधव ने आज युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और शिक्षा के साथ सामाजिक कार्यों में योगदान का भी आह्वान किया।
श्री माधव ने पूर्वी गोदावरी जिले में राजनगरम के आईएसटीएस महिला इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण सुना। इसके बाद उन्होंने कहा कि यह मासिक प्रसारण युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी, स्वच्छता, नवाचार और स्टार्टअप के लिए प्रेरित कर रहा है।
उन्होंने छात्रों से देश में हो रहे सकारात्मक बदलावों को समझने के लिए नियमित रूप से यह कार्यक्रम सुनने का आग्रह किया और युवा महिलाओं को राष्ट्रीय विकास के लिए अपनी प्रतिभा का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर राज्य भाजपा महासचिव लक्ष्मी प्रसन्ना, कॉलेज के स्टाफ और छात्र उपस्थित थे।