आंध्रप्रदेश में “एक भारत श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत युवा संगम का छठा चरण कल से शुरु हो गया है। तिरुपति के जिलाधिकारी डॉक्टर एस. वेंकटेश्वर ने जिले के येरपेडु स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-आईआईटी में इसका उद्घाटन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, बौद्धिक विकास और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर आईआईटी तिरुपति के निदेशक प्रो. के. एन. सत्यनारायण ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को देश की सांस्कृतिक विविधता और विरासत को समझने का अवसर प्रदान करता है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम 27 मई तक चलेगा।
भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राज्य की प्रगति से अवगत कराने के लिए विद्यार्थी आंध्रप्रदेश के मंदिरों, ऐतिहासिक स्थलों और महत्वपूर्ण विकास केंद्रों का दौरा करेंगे। वे प्रतिभागी अमरावती, चंद्रगिरी किला और राज्य के औद्योगिक प्रतिष्ठान भी जाएंगे। ये विद्यार्थी 21 मई को श्रीहरिकोटा में रॉकेट प्रक्षेपण के भी प्रत्यक्षदर्शी बनेंगे।