अप्रैल 16, 2026 7:44 अपराह्न

printer

अमरीकी सीनेट ने ईरान पर हमलों के लिए कांग्रेस मंजूरी अनिवार्य करने वाला विधेयक खारिज किया

अमरीकी सीनेट ने उस विधेयक को खारिज कर दिया है जिसमें ईरान पर अमरीका के और हमले के लिए कांग्रेस की मंजूरी अनिवार्य की गई है। यह इस वर्ष चौथी बार है जब सांसदों ने औपचारिक अनुमति के बिना ही संघर्ष में इस्राएल के साथ अमरीकी भागीदारी को प्रभावी रूप से अनुमति दी है। हालांकि ऐसे हमलों की वैधता और दायरे को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।

कई सीनेटरों ने स्पष्ट रणनीति की आवश्यकता पर जोर दिया है और बताया है कि अमरीकी कानून के अनुसार कांग्रेस को 60 दिनों के भीतर सैन्य कार्रवाई को मंजूरी देनी होती है, जिसकी समय सीमा इस महीने के अंत में समाप्त हो रही है। इस बीच, सांसदों ने चेतावनी दी है कि संघर्ष को लंबा खींचने से लागत के साथ अस्थिरता भी बढ़ सकती है।

यह मतदान इस्लामाबाद में असफल वार्ता के बाद हुआ, जो बिना किसी समझौते के समाप्त हुई। हालांकि आधिकारिक तौर पर किसी भी नए संघर्ष की घोषणा नहीं की गई, लेकिन अमरीका ने तब से ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी शुरू कर दी है। मध्यस्थों द्वारा वार्ता के एक और दौर की व्यवस्था करने के प्रयास जारी हैं।