नवम्बर 25, 2026 10:32 अपराह्न

printer

भारत-सिंगापुर के बीच विमानन क्षेत्र में कौशल और उद्योग विकास सहयोग को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज भारत और सिंगापुर के बीच विमानन रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल- एमआरओ में कौशल और उद्योग विकास सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने को मंजूरी दी। इस सहयोग से दोनों देशों के बीच ज्ञान और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान होगा। इससे भारतीय प्रशिक्षण संस्थानों को अपने पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, उन्हें उद्योग जगत के अनुभव और कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलेगा।

 इस पहल से उद्योगों की अधिक भागीदारी के जरिए देश में एमआरओ से जुड़ा बुनियादी ढाँचा विकसित करने में भी मदद मिलेगी। इससे समय के साथ विमानों के रखरखाव के लिए विदेशों पर भारत की निर्भरता कम हो सकेगी।

नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और सिंगापुर के बीच यह समझौता काफी महत्वपूर्ण साबित होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत के विमानन क्षेत्र को मजबूत करने, युवाओं के लिए कुशल रोजगार के अवसर पैदा करने और विमानन क्षेत्र में एमआरओ के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला