भारतीय वायुसेना देश भर में योग सत्रों का आयोजन करके अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएगी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ये कार्यक्रम उत्तर में लेह के ऊंचे पहाड़ों से लेकर दक्षिण में कार निकोबार के समुद्र तटों तक और पूर्वी सीमांत तवांग से लेकर पश्चिम में पवित्र शहर द्वारका तक आयोजित किए जाएंगे। मंत्रालय ने कहा कि वायुसेना कर्मियों और उनके परिवारों के अलावा, स्कूली बच्चे और एनसीसी कैडेट भी देश भर के विभिन्न वायुसेना स्टेशनों पर आयोजित होने वाले योग सत्रों में भाग लेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को विश्व भर में मनाया जाता है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का विषय है- स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग। यह विषय, निवारक स्वास्थ्य देखभाल में योग की भूमिका और हर उम्र में लोगों को जीवंतता और आत्मनिर्भरता बनाए रखने में सहायता करने की योग की क्षमता को रेखांकित करता है।