नवम्बर 13, 2026 9:29 अपराह्न

printer

दिल्ली पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी पर यमुना में मरी हुई मछलियां डालने का लगाया आरोप

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी पर यमुना में मरी हुई मछलियां डालने का आरोप लगाया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिरसा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने मछलियां डालते हुए वीडियो भी रिकॉर्ड किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली वर्तमान भाजपा सरकार ने दिल्ली में यमुना का 60 प्रतिशत हिस्सा साफ करके एक रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की यही उपलब्धि उनसे देखी नहीं गई।

वहीं, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार में मंत्री परवेश साहिब सिंह और मनजिंदर सिंह सिरसा द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताकर खारिज किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के लिए हजारों मरी हुई मछलियों को ढूंढ़ना, उन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाना और फिर यमुना में इस तरह छोड़ना कि किसी को पता भी न चले असंभव है।