फ़रवरी 23, 2026 9:12 अपराह्न

printer

अमरीका की सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा एजेंसी कल से आईईईपीए के अंतर्गत लगाए गए शुल्‍क की वसूली रोक देगी

अमरीका की सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा एजेंसी ने कहा है कि वह कल से पूर्वी मानक समय -ईएसटी के अनुसार रात 12 बजकर एक मिनट पर अंतर्राष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम- आईईईपीए के अंतर्गत लगाए गए शुल्‍क की वसूली रोक देगी।

यह कदम अमरीका के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा तीन दिन पहले इन शुल्कों को अवैध घोषित किए जाने के बाद उठाया गया है।

एजेंसी ने अपने कार्गो सिस्टम मैसेजिंग सर्विस पर माल भेजने वालों को भेजे गए संदेश में कहा कि वह कल से राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के आईईईपीए से संबंधित पूर्व आदेशों से जुड़े सभी शुल्‍क कोड निष्क्रिय कर देगी।

आईईईपीए शुल्‍क की वसूली पर रोक ट्रम्प द्वारा शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा रद्द किए गए शुल्‍क के स्थान पर एक अलग कानूनी अधिकार के अंतर्गत 15 प्रतिशत का नया वैश्विक शुल्‍क लागू करने के साथ हुई है।