June 27, 2025 9:46 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम क्षेत्र उद्यमशीलता और जमीनी स्तर पर आर्थिक परिवर्तन को बढ़ावा देता है।

 

  • पुरी में विश्व प्रसिद्ध वार्षिक रथ यात्रा में बडी संख्‍या में श्रद्धालु पहुंचे। पवित्र रथ गुंडिचा मंदिर की ओर अग्रसर।

 

  • भारत का मोजाम्बिक को आधुनिक सुविधाओं वाले स्वदेशी उन्नत डीजल इंजनों का निर्यात।

 

  • घरेलू शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी के साथ यह 9 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा।

 

  • पाकिस्तान में, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अचानक आई बाढ़ में अठारह लोग पानी में बहे।

 

  • शतरंज में, भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानंदा ने ताशकंद में उज्बेकिस्तान मास्टर्स का खिताब जीता।

 

****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि देश के सतत आर्थिक विकास के लिए एक मजबूत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम- एम.एस.एम.ई. तंत्र ज़रूरी है। आज नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय एम.एस.एम.ई. दिवस समारोह को संबोधित करते हुए श्रीमती मुर्मु ने कहा कि एम.एस.एम.ई. क्षेत्र उद्यमशीलता और जमीनी स्तर पर आर्थिक परिवर्तन को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का देश के सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 30 प्रतिशत, विनिर्माण क्षेत्र में 36 प्रतिशत और निर्यात में 45 प्रतिशत का योगदान है।

 

उन्होंने कहा कि एम.एस.एम.ई. ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित कर रहा है।

 

इन उद्यमों में अपेक्षाकृत कम पूंजी की लागत पर रोजगार के अधिक अवसर पैदा होते हैं। इन उद्यमों के विषय पर सबसे महत्‍वपूर्ण बात यह है कि इनके माध्‍यम से ग्रामीणों और पिछडे क्षेत्र में रोजगार पैदा होते हैं। इस तरह एमएसएमई क्षेत्र के उद्यम कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण और विकास के विकेंद्रीकरण के जरिए समावेशी विकास में मदद करते हैं।

 

****

 

भारत ने चीन के साथ वर्ष 2020 के बाद सीमा गतिरोध समाप्‍त करने और आपसी विश्‍वास बढाने के लिए सीमा निर्धारण के स्‍थायी समाधान पर बल दिया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चीन में शंघाई सहयोग संगठन के रक्षा मंत्रियों की बैठक से इतर चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल तुं चीउन के साथ बैठक की। दोनों नेताओं ने सीमा से जुडे विभिन्‍न मुद्दों पर बातचीत जारी रखने पर स‍हमति व्‍यक्‍त की।

  

****

 

श्री राजनाथ सिंह ने रूस के रक्षा मंत्री आंद्रे बेलौसो के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की जिसमें विभिन्‍न मुद्दों पर विस्‍तार से चर्चा ह‍ुई। रक्षा मंत्री ने रूस के साथ एस-400 प्रणालियों, उन्‍नत एसयू-30 एमकेआई और महत्‍वपूर्ण सैन्‍य हार्डवेयर की खरीद के बारे में चर्चा की। इस दौरान रूस के रक्षा मंत्री ने लम्‍बे समय से चले आ रहे भारत-रूस संबंधों का उल्‍लेख किया और पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत की कार्रवाई का समर्थन किया।

 

****

 

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि चीन में शंघाई सहयोग संगठन के रक्षा मंत्रियों की बैठक के संयुक्त दस्तावेज पर भारत ने हस्ताक्षर नहीं किए हैं, क्योंकि इसमें आतंकवाद का उल्‍लेख नहीं किया गया था। नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में डॉक्‍टर जयशंकर ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ शब्‍दों में कहा कि अगर संयुक्त दस्तावेज में आतंकवाद का उल्लेख नहीं होगा, तो इस पर भारत हस्ताक्षर नहीं करेगा।

 

****

 

डॉ. जयशंकर ने आज ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्‍बास अरागची के साथ वहां की स्थिति पर बातचीत की। डॉ. जयशंकर ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में भारतीय नागरिकों के सुरक्षित स्‍वदेश लौटने में सहयोग करने के लिए उनका आभार व्‍यक्‍त किया।

 

****

 

भारत ने केन्‍द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की किशनगंगा और रतले जलविद्युत परियोजनाओं पर तथाकथित मध्यस्थता न्यायालय के फैसले को खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में इसके गठन को सिंधु जल संधि का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा कि भारत ने कभी भी इस मध्यस्थता न्यायालय की कानूनी वैधता को मान्यता नहीं दी है। मंत्रालय ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया है।

 

****

 

ओडिशा के पुरी में आज प्रसिद्ध वार्षिक रथ यात्रा के दौरान लगभग 10 लाख श्रद्धालु पहुंचे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि रथों को गुंडिचा मंदिर ले जाने के लिए आज दोपहर पुरी जगन्नाथ मंदिर से ग्रैंड रोड तक ले जाया गया।

 

श्री जगन्नाथ नंदिघोष पर, श्री बलभद्र तालध्वज और देवी सुभद्रा दर्पदलन रथ पर सवार होकर आज अपनी मौसी के घर नौ दिनों की यात्रा पर निकले हैं। सुबह करीब साढ़े 10 बजे पहंडी में भगवानों को रथों पर लाया गया। गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव ने रथों पर छेरापहँरा की नीति संपन्न की। लाखों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पर्व का साक्षी बनने पुरी पहुंचे हैं। रथयात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। इसके साथ ड्रोन और एआई कैमरे भी लगाए गए हैं। वहीं लोगों को स्वास्थ्य सेवा मुहैया करवाने के लिए डाक्टरों को तैनात किया गया है। श्रीमंदिर प्रशासन की तरफ से श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नम्बर जारी किए गए हैं। जय जगन्नाथ के उद्घोष से एक बार फिर पुरी गूंज रहा है। भक्त और भगवान का यह मिलन सच में अद्भुत है। आकाशवाणी समाचार के लिए इतिश्री सिंह राठौर।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रथ यात्रा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

 

जगत के नाथ जगन्‍नाथ का रथ यात्रा है। जगन्‍नाथ हम सबको सुख-शांति दें, इसलिए आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देती हूं और सबको मैं कहती हूं कि सब उसी ध्‍वनि से बोले की जगन्‍नाथ के कर्ण तक यह आवाज पहुंचे जय जगन्‍नाथ।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि ओडिशा के रेल बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पिछले ग्यारह साल ऐतिहासिक रहे हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा लिखे एक लेख को साझा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि अब देश में रेल यात्रा आसान हो गई है, खासकर जगन्नाथ पुरी के पवित्र शहर के तीर्थयात्रियों के लिए।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अगले महीने घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील तथा नामीबिया की आठ दिन की यात्रा पर रहेंगे। श्री मोदी अगले महीने की दो से तीन तारीख तक घाना की यात्रा करेंगे। यह प्रधानमंत्री की घाना की पहली यात्रा होगी। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री घाना के राष्ट्रपति के साथ वार्ता करेंगे। अपनी यात्रा के दूसरे चरण में श्री मोदी तीन से चार जुलाई तक त्रिनिदाद और टोबैगो की आधिकारिक यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2025 में भाग लेने के लिए 5 से 8 जुलाई तक ब्राजील की यात्रा करेंगे।

 

****

 

प्रधानमंत्री कल नई दिल्ली में आचार्य विद्यानंद जी महाराज के शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम आचार्य विद्यानंद जी महाराज की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में भगवान महावीर अहिंसा भारती ट्रस्ट के सहयोग से सरकार द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

 

****

 

भारत मोज़ाम्बिक को तीन हजार तीन सौ हॉर्सपॉवर क्षमता वाले दस डीजल इलैक्ट्रिक इंजन का निर्यात करेगा। इसका निर्माण बनारस लोकोमोटिव वर्क्‍स ने किया है। आकाशवाणी समाचार के साथ बातचीत में रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि इस महीने दो इंजन मोज़ाम्बिक भेजे जा चुके हैं जबकि शेष आठ इंजन को इस वर्ष के अंत तक भेजा जाना है।     

 

वाराणसी में स्थित रेलवे कारखाना को मोज़ाम्बिक से 10 लोकोमोटिव के निर्यात का आर्डर प्राप्त हुआ है और उसी के तहत दो लोकोमोटव ऑलरेडी जून महीने में वहां भेजा जा चुका है इसकी कैपेसिटी जो है वह है 3300 हॉर्स पावर की है और जो बाकी आठ लोकोमोटिव है। वह दिसंबर 2025 तक वहां भेजे जाएंगे।

 

****

 

उत्‍तराखंड उच्‍च न्‍यायालय ने राज्‍य में त्रिस्‍तरीय पंचायत चुनाव पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया है। न्‍यायालय ने राज्‍य निर्वाचन आयोग को चुनाव के लिए नई तारीखों की घोषणा करने का आदेश दिया है। इसके अनुसार पहले से घोषित तारीख को तीन दिन और बढ़ा दिया गया है। मुख्‍य न्‍यायाधीश न्‍यायमूर्ति जी. नरेंद्र और न्‍यायमूर्ति आलोक मेहरा की पीठ ने इस चुनाव में आरक्षण रोस्‍टर से संबंधित मामले में सुनवाई के बाद यह आदेश दिया।

 

****

 

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो-सीबीआई ने सीमापार साईबर आधारित जबरन धन वसूली मामले में अहमदाबाद और मुंबई के कई स्‍थानों पर समन्वित तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान में आपत्तिजनक साक्ष्‍य जब्‍त किए गए और गिरोह के मुख्‍य संदिग्‍ध को गिरफ्तार कर लिया गया। ऑपरेशन चक्र-फाइव के अंतर्गत यह अभियान चलाया गया है।

 

****

 

राष्‍ट्रीय महिला आयोग ने पश्चिम बंगाल में दक्षिण कोलकाता में विधि महाविद्यालय के प्रांगण में एक छात्रा के साथ कथित दुष्‍कर्म की घटना पर स्‍वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने कोलकाता पुलिस आयुक्‍त को पत्र लिखकर इस घटना पर गहरी चिंता व्‍यक्‍त की है और तीन दिनों के भीतर उचित कार्रवाई करते हुए विस्‍तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है।

 

****

 

घरेलू शेयर बाजार में आज लगातार चौथे दिन तेजी देखी गई। यह 9 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा गया है। आर्थिक जगत की अधिक जानकारी के साथ हैं सुबोध मिश्रा…

 

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स आज तीन सौ तीन अंक बढ़कर 84 हजार उनसठ पर बंद हुआ। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी-फिफ्टी नवासी अंक बढ़कर 25 हजार छह सौ अड़तीस पर बंद हुआ। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया आज 23 पैसे बढ़कर 85 रुपए 48 पैसे पर बंद हुआ और, दुनिया में कच्‍चे तेल की कीमतें बढ़ी, ब्रेंट क्रूड अड़सठ डॉलर्स इक्‍कीस सेंट्स प्रति बैरल।

 

****

 

भारतीय रिजर्व बैंक-आरबीआई ने अपने तरलता प्रबंधन ऑपरेशन के हिस्‍से के रूप में बैंकिंग प्रणाली से अधिक तरलता लेने के लिए सात दिन के परिवर्तनीय रिवर्स रेपो दर-वीआरआरआर नीलामी का आयोजन किया। आकाशवाणी से विशेष बातचीत में वरिष्‍ठ आर्थिक विशेषज्ञ पुनीत जैन ने बताया कि दीर्घकालिक आर्थिक विकास के लिए एक अच्छा कदम है।

 

आज रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने करीब 84 हजार करोड़ रुपए का वेरिएबल रिवर्स रेपो रेट ऑक्शन किया जिससे जो बैंकिंग सिस्टम में एक्सेस लिक्विडिटी है, उसको उन्होंने कम किया। इसका मुख्य लक्ष्य जब आप लिक्विडिटी बैंक सिस्टम में कम करते हैं तो आप इन्फ्लेशन को कंट्रोल में लाने के लिए सरप्लस लिक्विडिटी को कम करते हैं। पिछले दिनों रिजर्व बैंक ने इकोनामिक ग्रोथ को सपोर्ट करने के लिए काफी लिक्विडिटी बढ़ाई थी और उसके चलते नजर हमने देखा कि बैंकिंग सिस्टम में काफी अच्छी सरप्लस लिक्विडिटी थी तो आज रिजर्व बैंक में थ्रू दिस मेकैनिज्म उन लिक्विडिटी को कम किया।  इससे जो है आने वाले समय में इन्‍फ्लेशन पर भी कंट्रोल रहेगा और बैंकिंग सिस्टम में जो इंटरेस्ट रेट है। उसको भी सपोर्ट मिलेगा।

 

****

 

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बारहमासी स्वात नदी में आज अचानक आई बाढ़ में एक ही परिवार के कम से कम अठारह सदस्य डूब गए। सात लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। लापता लोगों को ढूंढ़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। स्वात नदी में ख्वाजाखेला में पानी का स्तर 77 हजार सात सौ 82 क्यूसेक तक बढ़ने के बाद प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है।

 

****

 

पाकिस्‍तान में आज पोलियो का इस वर्ष का 13वां मामला दर्ज किया गया। इस्‍लामाबाद में पोलियो उन्‍मूलन के लिए बनाई गई प्रयोगशाला ने दक्षिणी खैबर पख्तूनख्वा में 18 महीने की बच्‍ची में पोलियो के वायरस की पुष्टि की है। यह इस क्षेत्र में पोलिया का पांचवां मामला है।

 

****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने वर्ष 2029 के विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलों के लिए भारत को मेजबान देश के रूप में नामित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। श्री शाह ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।

 

****

 

शतरंज में, भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंदा ने आज ताशकन्द में उज्बेकिस्तान मास्टर्स कप के दूसरे संस्करण का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ 19 वर्षीय प्रज्ञानंदा अपने करियर में पहली बार लाइव क्लासिकल फिडे रेटिंग में नंबर 1 रैंक वाले भारतीय शतरंज खिलाड़ी बन गए हैं।

 

****

 

मौसम विभाग ने उत्‍तराखंड में पहली जुलाई तक बारिश होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने चारधाम तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी प्राप्‍त करने के बाद ही यात्रा पर निकलें।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम क्षेत्र उद्यमशीलता और जमीनी स्तर पर आर्थिक परिवर्तन को बढ़ावा देता है।

 

  • पुरी में विश्व प्रसिद्ध वार्षिक रथ यात्रा में बडी संख्‍या में श्रद्धालु पहुंचे। पवित्र रथ गुंडिचा मंदिर की ओर अग्रसर।

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अगले महीने की 2 तारीख से पांच देशों की यात्रा पर जाएंगे।

 

  • भारत का मोजाम्बिक को आधुनिक सुविधाओं वाले स्वदेशी उन्नत डीजल इंजनों का निर्यात।

 

  • पाकिस्तान में, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अचानक आई बाढ़ में अठारह लोग पानी में बहे।

 

  • शतरंज में, भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानंदा ने ताशकंद में उज्बेकिस्तान मास्टर्स का खिताब जीता। 

 

****