प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वर्चुअल माध्यम से बिहार के पूर्णिया से 40 हज़ार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री पूर्णिया में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और नवनिर्मित हवाई अड्डे के टर्मिनल का लोकार्पण भी करेंगे। इससे इस क्षेत्र की हवाई संपर्क की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का भी उद्घाटन करेंगे। बोर्ड की स्थापना की घोषणा इस वर्ष के केंद्रीय बजट में की गई थी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मखाना और बिहार का गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मखाना बोर्ड इस क्षेत्र के किसानों को लाभान्वित करेगा। यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी सीमांचल के अररिया और किशनगंज जिलों को जोड़ने वाली अररिया और गलगलिया के बीच 4,410 करोड़ रुपये की नई रेल लाइन का लोकार्पण करेंगे। अररिया-गलगलिया खंड पर रेलगाड़ियों के संचालन से पूर्वोत्तर बिहार में संपर्क सुविधा में सुधार होगा।
प्रधानमंत्री जोगबनी और दानापुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगुसराय, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और पटना सहित कई जिले लाभान्वित होंगे। प्रधानमंत्री मोदी सहरसा-छेहरटा (अमृतसर) और जोगबनी-इरोड के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी पीएम आवास योजना – ग्रामीण के अंतर्गत 35 हज़ार ग्रामीण लाभार्थियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। इस अवसर पर पीएम आवास योजना – शहरी के अंतर्गत लगभग 60 हज़ार शहरी लाभार्थियों को घरों की चाबियां सौंपी जाएंगी।