पंजाब में फाजिलका में पंजाब पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में सीमा सुरक्षा बल ने 27 पिस्तौल और चार सौ 70 जिंदा कारतूसों की एक बडी खेप बरामद की है। संयुक्त बल ने सीमा पार के दो हथियार तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। हाल के समय में यह बरामदगी एक बडी ऐतिहासिक सफलता का परिचायक है।
बाद में पंजाब पुलिस ने दावा किया कि इस अभियान के साथ सीमा पार हथियार तस्करी मॉडयूल का भंडाफोड किया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि विदेश से जुडे निकाय के जरिए पाकिस्तान से ये हथियार भेजे गये हैं। आपराधिक गिरोहों द्वारा पंजाब में इन हथियारों को इस्तेमाल करने के लिए भेजा गया था।
अमृतसर में खुफिया एजेंसी के नेतृत्व में एक अन्य अभियान में पांच लाख 75 हजार के हवाला रूपये और कई पिस्तौल के साथ सीमा पार तस्करी मॉडयूल के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा समूचे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच जारी है।