मार्च 20, 2025 8:57 पूर्वाह्न

printer

यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की रूस के खिलाफ युद्ध में आंशिक युद्धविराम पर सहमत

अमरीका ने कहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस के खिलाफ संघर्ष में आंशिक युद्धविराम पर सहमति जताई है जिस पर अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चर्चा की थी।

 

अमरीका के राष्ट्रपति कार्यालय- व्हाइट हाउस ने कहा कि श्री ट्रम्प ने श्री पुतिन के साथ अपनी बातचीत और प्रमुख मुद्दों पर हुई चर्चा के बारे में श्री ज़ेलेंस्की को जानकारी दी। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने कहा कि दोनों नेताओं ने आंशिक युद्धविराम पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पूर्ण युद्धविराम के लिए तकनीकी टीमों की एक बैठक सऊदी अरब में होगी। 

 

राष्ट्रपति ट्रम्प ने 30 दिन के पूर्ण युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था। लेकिन राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की और राष्ट्रपति पुतिन ने केवल ऊर्जा और बुनियादी ढाँचे पर हमला न करने के सीमित युद्धविराम पर सहमति व्यक्त की।

 

सुश्री लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प और राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कुर्स्क में स्थिति की समीक्षा की और रक्षा कर्मचारियों के बीच सूचनाओं को साझा करने पर सहमति व्यक्त की। राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त वायु रक्षा प्रणालियों की माँग की। राष्ट्रपति ट्रम्प ने यूक्रेन की विद्युत आपूर्ति और परमाणु ऊर्जा संयंत्रों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अमरीका अपनी विद्युत और उपयोगिता विशेषज्ञता के साथ उन संयंत्रों को संचालित करने में बहुत मददगार साबित हो सकता है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला