प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पूर्णिया जिले से बिहार के लिए चालीस हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पूर्णिया के गुलाब बाग स्थित शीशा बाड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिहार के लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने नवनिर्मित पूर्णिया हवाई अड्डे का उद्घाटन किया और हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू की। उन्होंने कहा कि अब पूर्णिया देश के विमानन मानचित्र पर आ गया है। इस हवाई अड्डे के साथ पूर्णिया से देश के अन्य हिस्सों के लिए घरेलू उड़ान सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का भी शुभारंभ किया। श्री मोदी ने कहा कि जैसा कि उन्होंने बिहार के लोगों से वादा किया था, केंद्र सरकार ने कल राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की स्थापना के लिए एक अधिसूचना जारी की है। बोर्ड उत्पादन और नई प्रौद्योगिकी विकास को बढ़ावा देगा बिहार देश के कुल मखाना उत्पादन में लगभग 90 प्रतिशत का योगदान देता है। इसमें मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, सहरसा, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, किशनगंज और अररिया प्राथमिक केंद्र हैं। बोर्ड की स्थापना से मखाना उत्पादन को काफी बढ़ावा मिलेगा और इस क्षेत्र में बिहार की वैश्विक उपस्थिति मजबूत होगी।
ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने भागलपुर के पीरपैंती में 2,400 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना की आधारशिला रखी। अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल, कम उत्सर्जन वाली तकनीक पर डिजाइन किया गया पीरपैंती पावर प्लांट बिहार का सबसे बड़ा निजी क्षेत्र का निवेश है। इसकी लागत 25 हजार करोड़ रुपये है। श्री मोदी ने 2,680 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कोसी-मेची अंतर-राज्यीय नदी लिंक परियोजना के पहले चरण की आधारशिला भी रखी। इससे पूर्वोत्तर बिहार के कई जिलों में सिंचाई का विस्तार होगा, बाढ़ नियंत्रण मज़बूत होगा और कृषि क्षमता में वृद्धि होगी।
रेल क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया और नई ट्रेनों को रवाना किया। प्रधानमंत्री ने बिक्रमशिला और कटारिया के बीच 2,170 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली रेल लाइन की आधारशिला रखी। यह गंगा नदी के उस पार सीधा रेल संपर्क प्रदान करेगी। उन्होंने अररिया और गलगलिया के बीच 4,410 करोड़ रुपये की लागत वाली एक नई रेल लाइन का भी उद्घाटन किया, जो सीमांचल के अररिया और किशनगंज जिलों को जोड़ेगी।