सितम्बर 15, 2025 10:32 अपराह्न

printer

केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने पर्यावरण संरक्षण के साथ तीव्र विकास के संतुलन की आवश्यकता पर बल दिया

सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि भारत का परिवहन क्षेत्र जैव ईंधन, इलेक्ट्रिक वाहनों और नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाकर टिकाऊ बुनियादी ढाँचे की ओर बढ़ रहा है। आज नई दिल्ली में पंचजन्य इन्फ्रा कॉन्फ्लुएंस 2025 को संबोधित करते हुए, श्री गडकरी ने पर्यावरण संरक्षण के साथ तीव्र विकास के संतुलन की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्‍होंने बताया कि भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग का आकार 22 लाख करोड़ रुपये का है, जो जापान को पीछे छोड़कर चीन और अमरीका के बाद दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग बन गया है। उन्होंने कहा कि इस उद्योग ने लगभग चार करोड़ लोगों को रोजगार प्रदान किया है।

    श्री गडकरी ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि पराली को जैव ईंधन में बदलने से दिल्ली के प्रदूषण से निपटने और किसानों को आय प्रदान करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगी। अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगी और प्रकृति को कम से कम नुकसान पहुँचाते हुए विकास सुनिश्चित करेगी।