भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बिहार में एनडीए सरकार विकसित बिहार बनाने की दिशा में काम कर रही है और उसे केंद्र सरकार का पूरा समर्थन प्राप्त है।
रोहतास जिले के डेहरी में शाहबाद और मगद क्षेत्रों से आए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के क्षेत्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने उनका आह्वान किया कि वे नितीश सरकार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी सहायकों, ममता दीदियों, जीविका दीदियों, युवाओं और महिलाओं के लिए किए गए उपायों के बारे में घर-घर जाकर लोगों को जानकारी प्रदान करें। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एकता पर बल दिया और आगामी विधानसभा चुनाव के पहले एनडीए को मजबूत करने की अपील की।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा वास्तव में घुसपैठियों को सुरक्षा प्रदान करने का अभियान है। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता अधिकार यात्रा के तहत कांग्रेस नेता घुसपैठियों को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं। क्षेत्रीय सम्मेलन में हजारों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हिस्सा लिया।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने पिछले 11 वर्षों में बिहार को विकास परियोजनाओं और कार्यों के लिए 14 लाख 85 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी है।
बेगूसराय में पटना, मुंगेर, नालंदा और अन्य क्षेत्रों के भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक में उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 से 2014 तक यूपीए सरकार के कार्यकाल में बिहार को केवल दो लाख 80 हजार करोड़ रुपये मिले थे।
गृहमंत्री शाह ने राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद की कड़ी आलोचना की। गृहमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। गृहमंत्री शाह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को घुसपैठियों से मुक्त करने का अभियान है।
गृहमंत्री शाह ने कहा कि घुसपैठियों को किसी भी हालत में वोट नहीं डालने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद और राहुल गांधी अपनी वोट बैंक की राजनीति के कारण घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाने का विरोध कर रहे हैं।
इससे पहले केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बेगूसराय में एक बैठक में भाग लिया। बेगूसराय के अलावा पटना ग्रामीण, पटना महानगर, बाढ़, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, जमुई, लखीसराय और खगड़िया जिलों के नेता और कार्यकर्ता भी इस बैठक में शामिल हुए।
यह बैठक आगामी चुनावों की तैयारी और पार्टी संगठन को मज़बूत करने के लिए आयोजित की गई थी। गृहमंत्री ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहने का आग्रह किया। शाह ने इससे पहले रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।