मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी में वायु सेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का अवलोकन करेंगे। श्री मोदी उड़ीसा के भुवनेश्वर में रिजर्व बैंक डेटा सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे।
- प्रधानमंत्री आज आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
- पांचवां काशी तमिल संगमम 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।
- बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलकर बुधवार तक आंध्र प्रदेश और यनम तट की ओर बढ़ने की संभावना।
- सऊदी अरब में उड़ानें रद्द होने से प्रभावित भारतीय यात्रियों के लिए नया परामर्श जारी।
- पेरिस में फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में आज पीवी सिंधु का सामना दक्षिण कोरिया की आन-से-यंग से होगा।
**********
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित मेगा एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के तीसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह आयोजन भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी उपस्थित रहेंगे।
एरियल डिस्प्ले में तेजस, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर ‘प्रचंड’ और राफेल जैसे लड़ाकू विमानों के साथ-साथ परिवहन विमान भी हिस्सा लेंगे। भारतीय नौसेना और भारतीय सेना के विमान भी इसमें हिस्सा लेंगे। भारतीय वायु सेना की प्रमुख डिस्प्ले टीमें, जिनमें ‘सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम’ और ‘सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ इस कार्यक्रम का हिस्सा होंगी। इससे पहले, प्रधानमंत्री वाराणसी में परिधान निर्माण से जुड़ी एक नई इकाई का उद्घाटन करेंगे। यह इकाई भारत के टेक्सटाइल और परिधान निर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने और इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रेम चन्द्र गुप्ता, आकाशवाणी समाचार, वाराणसी।
**********
प्रधानमंत्री आज ही उड़ीसा में भुवनेश्वर के पास जटनी में रिजर्व बैंक के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। लगभग 170 करोड़ रुपये की लागत से बने इस संस्थान से डेटा सुरक्षा मज़बूत करने और डिजिटल वित्तीय ढांचे को अधिक सुरक्षित बनाने में सहायता मिलेगी।
ओडिशा में भारतीय रिज़र्व बैंक का देश का दूसरा डेटा सेंटर स्थापित किया जा रहा है। उम्मीद है कि यह सुविधा महत्वपूर्ण वित्तीय डेटा की सुरक्षा करने और देश के डिजिटल वित्तीय बुनियादी ढांचे को अधिक मजबूत बनाने में अतिरिक्त क्षमता प्रदान करेगी। इसके साथ बना साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, एंटरप्राइज़ कंप्यूटिंग और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में विशेष प्रशिक्षण, अनुसंधान और क्षमता निर्माण के लिए एक समर्पित केंद्र के रूप में काम करेगा। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती हुई तकनीकों पर भी ध्यान केंद्रित करेगा। यह पहल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत का डिजिटल भुगतान इकोसिस्टम लगातार विस्तार कर रहा है, जिससे सुरक्षित, भरोसेमंद और मजबूत वित्तीय प्रणालियों की आवश्यकता बढ़ रही है। प्रकाश दास, आकाशवाणी समाचार, भुवनेश्वर।
***********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 11 बजे आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों से अपने विचार साझा करेंगे। मासिक रेडियो कार्यक्रम की यह 139वीं कड़ी होगी। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूज़ऑन एआईआर मोबाइल ऐप पर किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण आकाशवाणी समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी किया जाएगा। हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी से प्रादेशिक भाषाओं में भी इसका प्रसारण होगा।
***********
निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 20, 21 और 26 पर शुक्रवार को हुए मतदान को निरस्त कर दिया है। आयोग ने इन केंद्रों पर कल पुनर्मतदान कराने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी को लिखे पत्र में, आयोग ने कहा कि पुनर्मतदान के दौरान ऐसे किसी भी व्यक्ति को तैनात न किया जाए जो उन गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल रहा हो, जिनके कारण मतदान प्रक्रिया में अनियमितताएँ या कमियाँ आईं और चुनाव की शुचिता प्रभावित हुई।
**********
काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य तमिलनाडु और काशी के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को मज़बूत करना है।
काशी तमिल ‘संगमम’ के तहत, तमिलनाडु से लगभग 1,400 प्रतिभागी सात समूहों में बंटकर आठ दिनों की यात्रा करेंगे, समूह में लगभग 200 सदस्य होंगे। इस यात्रा में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या का दौरा किया जाएगा। इस दौरान, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपराओं को समझ सकें और उनसे जुड़ सकें। इसका उद्देश्य भारत की संस्कृतिक एकता, भाषाई विविधता तथा साझा सभ्यतागत विरासत का उत्सव मनाना है। इच्छुक आवेदक आईआईटी मद्रास द्वारा संचालित ‘काशी तमिल संगमम’ के आधिकारिक पोर्टल kashitamil.iitm.ac.in/ पर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण इसी महीने की 22 तारीख से शुरू हो गया है और अगले महीने की 13 तारीख तक जारी रहेगा। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार इस कार्यक्रम के लिए सात श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*********
12वां ब्रिक्स संसदीय सम्मेलन कल से नई दिल्ली में शुरू होगा। दो दिन के इस कार्यक्रम का विषय है – जन-केंद्रित विकास के लिए संसदों को सशक्त बनाना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों से भेंट करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कार्यवाही की अध्यक्षता करेंगे और द्विपक्षीय बैठकों में अतिथियों के साथ चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में ब्रिक्स के ग्यारह सदस्य देशों और 10 भागीदार देशों को आमंत्रित किया गया है।
**********
लिचटेंस्टाइन के कार्यवाहक राष्ट्राध्यक्ष, प्रिंस एलोइस आज चार दिन की यात्रा पर भारत आ रहे हैं। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रिंस एलोइस के बीच बैठक होगी। इसमें व्यापार और निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा होगी। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी विचार साझा करेंगे।
**********
सऊदी अरब में रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने यात्रियों के लिए परामर्श जारी किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आज से हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 और 2 से उड़ानें फिर से शुरू हो जाएंगी।
यह परामर्श यमन के हूती विद्रोहियों का किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ पूरे देश में कई अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और हवाई अड्डों को निशाना बनाने के दावों के बाद जारी किया गया है। इससे पहले, हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया था कि हूती विद्रोहियों ने रियाद में किंग खालिद हवाई अड्डे के साथ-साथ ऊर्जा केन्द्रों, तेल शोधन कारखानों और पूरे सऊदी अरब में कई अन्य विमानन तथा सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया था। याह्या सरी के बयानों के अनुसार, रियाद, यानबू, दम्माम और राबिग सहित कई स्थानों को निशाना बनाया गया था। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
***********
इस बीच, इंडिगो एयरलाइन ने कहा है कि सुरक्षा स्थिति को देखते हुए सऊदी अरब के चार शहरों से आने-जाने वाली उड़ानें 31 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। एयरलाइन ने बताया कि रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए उड़ानें रद्द रहेंगी।
***********
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना कम दबाव दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ गया है। यह अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के श्रीविजय पुरम से 470 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से 860 किलोमीटर दूर है। मौसम विभाग ने बताया कि इसके आज गहरे दबाव में बदलने और फिर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है।
**********
केरलम से हमारे संवाददाता ने बताया कि मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलग-अलग जिलों के लिए अलर्ट जारी किए हैं।
केरल के मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों में आज भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पलक्कड़, त्रिशूर, इडुक्की, एर्नाकुलम, कोट्टायम और पथानामथिट्टा जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शेष पांच जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। लक्षद्वीप में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। केरल के पलक्कड़ और इडुक्की जिलों में कल भी रेड अलर्ट रहेगा। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम. पल्लुरूथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विकास नापा।
***********
फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में आज पीवी सिंधु का सामना कोरिया की आन से यंग से होगा। सिंधु ने कल महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में जापान की हिना अकेची को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी।
*********
भारत ने क्राइस्टचर्च में दूसरे टी-20 क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में दो-शून्य की बढ़त बना ली है। न्यूज़ीलैंड के 181 रन के लक्ष्य को भारत ने छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की ओर से तिलक वर्मा ने 26 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए। श्रृंखला का तीसरा मैच 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा।
**********
तेलंगाना सरकार ने सभी पात्र नेटवर्क अस्पतालों को पीएम राहत योजना से जुड़ने का निर्देश दिया है। इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को डेढ़ लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा दी जाती है। मुख्य सचिव संजय जाजू ने जिला अधिकारियों, पुलिस और परिवहन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर योजना की समीक्षा की।
***********
धन्यवाद जागृति, वायु सेना की वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी में आयोजित भव्य एयर-शो नवभारत टाइम्स सहित सभी अखबारों की सुर्खी है। पत्र ने सचित्र खबर दी है- काशी के आसमान में बही एयरफोर्स के शौर्य की गंगा। शनिवार को नमो घाट पर विंग्स ओवर गंगा एयर शो में रफाल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस समेत लडाकू विमानों ने हवाई करतब दिखाए।
हिन्दुस्तान की सुर्खी है – फास्टैग से प्रदूषण सात फीसदी तक घटा। उत्तर प्रदेश में टोल के आसपास के इलाकों में प्रदूषण 17 प्रतिशत और राजस्थान में 15 फीसदी तक कम हुआ।
दैनिक भास्कर ने विशेष खबर में विश्लेषण दिया है- एसआईपी तीन साल में तीन गुना बढ़ी लेकिन शेयरों में सीधे निवेश घटा।
दैनिक जागरण ने खबर दी है- ऑनलाइन खरीद में ग्राहक को भ्रामक जानकारी देने पर प्लेटफॉर्म की भी होगी जवाबदेही। उत्पादों की सही जानकारी, जरूरी प्रमाणपत्र और इस्तेमाल की शर्तें स्पष्ट रूप से बताएं।
अमर उजाला की सुर्खी है- एनसीईआरटी ने तैयार किया नया मॉड्यूल, अब 9वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थी पढ़ेंगे आर्टिफिशियल इंटेलीजैंस और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग। बताया जाएगा कि एआई पर भरोसा कब करें। इससे बढ़ेगी सीखने की क्षमता।
जनसत्ता ने भारतीय मूल की बोधना के 11 साल की उम्र में अंतर्राष्ट्रीय शतरंज मास्टर बनने की उपलब्धि को प्रथम पृष्ठ पर दिया है।
राजस्थान पत्रिका के शब्द हैं- रोल मॉडल बना हमारा पूर्वोत्तर… सड़क पर नो हॉर्न कल्चर, खुली दुकानों पर ईमानदार ग्राहकों का भरोसा। ट्रैफिक अनुशासन ऐसा कि साइलैंट सिटी कहलाया आईजोल। नागरिकों का गजब सिविक कल्चर, पहला पूर्ण साक्षर और जैविक राज्य होने का गौरव भी नॉर्थ ईस्ट के राज्यों के पास।
**********
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बाकू में अज़रबैजान के विदेश मंत्री जेहुन बायरामोव के साथ सीमा पार आतंकवाद, सुरक्षा और साझा खतरों पर चर्चा की। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि चर्चा सार्थक रही। उन्होंने कहा कि दोनों देश अपने नागरिकों के लिए शांति, समृद्धि और सुरक्षा को बढ़ावा देने और साझा चुनौतियों का समाधान करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए।
—————
मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी में वायु सेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का अवलोकन करेंगे। श्री मोदी उड़ीसा के भुवनेश्वर में रिजर्व बैंक डेटा सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे।
- प्रधानमंत्री आज आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
- पांचवां काशी तमिल संगमम 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।
- बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलकर बुधवार तक आंध्र प्रदेश और यनम तट की ओर बढ़ने की संभावना।
- सऊदी अरब में उड़ानें रद्द होने से प्रभावित भारतीय यात्रियों के लिए नया परामर्श जारी।
- पेरिस में फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में आज पीवी सिंधु का सामना दक्षिण कोरिया की आन-से-यंग से होगा।
***********