September 12, 2024 9:04 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में नागर विमानन संबंधी दूसरे एशिया प्रशांत मंत्रिस्‍तरीय सम्‍मेलन में भाग लेंगे।
  • केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने 70 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों को आयुष्‍मान भारत जन-अरोग्‍य योजना में शामिल करने को मंजूरी दी।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज जोधपुर में भारत रक्षा विमानन प्रदर्शनी-आईडेक्‍स-2024 का उद्घाटन करेंगे।
  • हरियाणा विधानसभा चुनाव में एक ही चरण और जम्‍मू-कश्‍मीर में तीसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए नामांकन भरने का आज अंतिम दिन।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज से दो दिन की स्विट्जरलैण्‍ड यात्रा पर।
  • खेलों में, मणिपुर के टी. जी. इंग्लिश स्कूल ने सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में जूनियर बॉयज़ का खिताब जीता।

************************

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नागर विमानन से सम्बंधित दूसरे एशिया-प्रशांत मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में भाग लेंगे। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित सम्मेलन में प्रधानमंत्री श्री मोदी सदस्य देशों से “दिल्ली घोषणापत्र” को अपनाने का ऐलान करेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि दिल्ली घोषणापत्र विमानन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का एक दूरदर्शी रोडमैप है।

दिल्ली घोषणा पत्र को अपनाए जाने के साथ या सम्मेलन एशिया प्रशांत नागरिक उड्डयन क्षेत्र में सतत विकास और सुरक्षा को आगे बढ़ाएगा। यह सम्मेलन एशिया प्रशांत क्षेत्र के देशों के बीच मौजूदा सहयोग की भावना को उजागर करता है। भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ता विमानन बाजार है और वर्तमान में घरेलू क्षेत्र में तीसरा सबसे बड़ा देश है। पिछले दशक में भारत में विमानों की संख्या 400 से बढ़कर 800 से अधिक हो गई है और हवाई अड्डों की संख्या 10 वर्ष में 74 से बढ़कर 157 हो गई है। पूरे देश का आम नागरिक उड़ान जैसी सरकार की योजना ने क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ाया है, जिससे दूर दराज के इलाकों में भी हवाई संपर्क सुनिश्चित हुआ है। आकाशवाणी समाचार के लिए दिल्ली से मैं सुपर्णा सैकिया।

एशिया-प्रशांत मंत्रिस्तरीय सम्मेलन का कल नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने उद्घाटन किया। श्री नायडू को एशिया-प्रशांत मंत्रिस्तरीय सम्मेलन का अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने वर्ष 2035 तक सालाना साढ़े तीन अरब यात्रियों को समायोजित करने के लिए एशिया-प्रशांत विमानन क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में रणनीतिक निवेश का आह्वान किया है। श्री नायडू ने इस बात पर बल दिया कि भारत का लक्ष्य वर्ष 2025 तक विमानन कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी को 25 प्रतिशत तक ले जाना है।

************************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में कल केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कई बडे़ फैसले लिये गये। इनमें 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल करना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण को मंजूरी देना, मौसम मिशन योजना और 38 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक बसों को संचालित करने जैसी योजनाएं शामिल हैं।

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी।

70 वर्ष की आयु के ऊपर के हर बुजुर्ग को आयुष्‍मान योजन के दायरे में लाया जाएगा और 70 साल के ऊपर के हर बुजुर्ग जो चाहे वो गरीब हो, चाहे माध्‍यम वर्ग के हो, चाहे उच्‍च-मध्‍यम वर्ग के हो, ये नया दायरा होगा, जिनको पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी और इससे देश में करीब साढे चार करोड फैमिली, जिसमें करीब छह करोड सीनियर सिटीजन्‍स कवर होंगे यह नया एडिशनल इसमें जोडा गया है।

************************

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मौसम पूर्वानुमानों और जलवायु संबंधी जानकारी में अधिक सक्षमता हासिल करने के लिए मिशन मौसम योजना को भी मंजूरी दी। यह योजना दो वर्षों में दो हजार करोड़ रुपये के परिव्यय से कार्यन्वित होगी। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा कार्यान्वित मिशन मौसम से देश में मौसम और जलवायु संबंधी विज्ञान, अनुसंधान और सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। इससे अत्यधिक सटीकता से मौसम और जलवायु संबंधी जानकारी प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी।

श्री वैष्णव ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 3 हजार 4 सौ 35 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ सार्वजनिक परिवहन प्राधिकरणों द्वारा ई-बसों की खरीद और संचालन के लिए पीएम-ईबस सेवा-भुगतान सुरक्षा तंत्र योजना को मंजूरी दे दी है।

इनके अतिरिक्त केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने वित्‍तीय वर्ष 2024-25 से 2028-29 के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के कार्यान्‍वयन के लिए ग्रामीण विकास विभाग के प्रस्‍ताव का अनुमोदन किया है। इस कार्यक्रम पर कुल 70 हजार 125 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 62 हजार किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कें बनाने के लिए वित्‍तीय सहायता दी जाएगी। इन सड़कों से 25 हजार बस्तियों को नई कनेक्‍टि‍विटी प्रदान की जाएगी। श्री वैष्‍णव ने कहा कि इसके अंतर्गत चालीस करोड़ श्रम दिवसों के लिए रोजगार सृजन भी होगा।

************************

भारतीय वायु सेना जोधपुर में कई देशों के साथ मिलकर अपने सबसे बड़े युद्धाभ्यास तरंग शक्ति-24 आयोजित कर रही है। इस अवसर पर वायु सेना भारत रक्षा विमानन प्रदर्शनी -आईडेक्स 2024 (IDAX-24) का भी आयोजन कर रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। 14 सितंबर तक आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में विभिन्न उत्पादों और प्रौद्योगिकियों के साथ रक्षा उद्योग की भागीदारी रहेगी।  एक रिपोर्ट….

जोधपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम से गूंज रहा है। वायु सेना के विमान दुनिया के सामने अपनी आसमानी ताकत का परिचय पेश कर रहे हैं। वायु सेना के शौर्य और साहस का परिचायक, तरंग शक्ति 2024 भारत का पहला बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास है। इस युद्धाभ्यास का पहला चरण तमिलनाडु के सुलूर में आयोजित किया गया था। यह युद्धाभ्यास 14 सितंबर तक चलेगा। तरंग शक्ति  युद्दाभ्यास, अमरीका द्वारा आयोजित रेड फ्लैग अभ्यास से प्रेरित है। इसमें भारतीय लडाकू विमान तेजस को शामिल करना भारत के रक्षा बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण में स्वदेशी निर्माण क्षमता की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। IDAX का लक्ष्य तरंग शक्ति 2024 में भाग लेने वाली वैश्विक वायु सेनाओं के निर्णय-कर्ताओं और अंतिम उपयोगकर्ताओं के समक्ष भारतीय विमानन उद्योग के स्वदेशी कौशल को प्रदर्शित करना है। समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।

************************

हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है। नामांकन पत्रों की जांच कल होगी और 16 सितंबर तक नाम वापस लिये जा सकते हैं। 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा के लिए मतदान 5 अक्टूबर को होगा। मतगणना आठ अक्टूबर को की जाएगी।

************************

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की। पार्टी ने रोहताश जांगड़ा को सिरसा विधानसभा सीट से टिकट दिया है, जबकि कंवर सिंह यादव महेंद्रगढ़ से और सतीश फागना एनआईटी फरीदाबाद सीट से चुनाव लड़ेंगे।

वहीं, कांग्रेस ने भी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला कैथल से और चंद्र मोहन पंचकुला सीट से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने निर्मल सिंह को अंबाला सिटी से और रामनिवास राणा को हिसार विधानसभा सीट से चुनाव में उतारा है।

************************

आम आदमी पार्टी ने भी हरियाणा के लिए अपनी चौथी सूची की घोषणा कर दी है। इसमें 21 उम्मीदवारों के नाम हैं। पार्टी ने सोनीपत से देवेन्द्र गौतम, गुडगांव से निशांत आनंद को मैदान में उतारा है। राज कौर गिल अंबाला कैंटोनमेंट सीट के उम्मीदवार और करनाल सीट से सुनील बिंदल पार्टी के उम्मीदवार हैं।

************************

उधर, जम्‍मू-कश्‍मीर में विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है। इस चरण में पहली अक्‍टूबर को चालीस विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच कल की जाएगी और 17 सितम्‍बर तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। जम्‍मू कश्‍मीर में पहले चरण में 18 सितम्‍बर को और दूसरे चरण में 25 सितम्‍बर को वोट डाले जाएंगे।

************************

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अमरीका में कथित भारत विरोधी टिप्पणियों के लिए उनकी कड़ी आलोचना की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी जिस तरह की भ्रामक और आधारहीन बातें कह रहे हैं, वह बेहद शर्मनाक है। श्री सिंह ने कहा कि भारत में सिख समुदाय पर राहुल का ये बयान पूरी तरह से निराधार है। उनका यह दावा भी पूरी तरह से गलत है कि एनडीए सरकार आरक्षण खत्म करना चाहती है। भारत-चीन सीमा विवाद पर उनके दावों को रक्षा मंत्री ने भ्रामक और तथ्यों से परे बताया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने भी राहुल गांधी की टिप्‍पणियों पर नाराजगी जताई।

************************

आन्ध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडु ने कहा है कि सरकार हाल की बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति के लिए न्याय सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री ने कल एलुरू जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद उन्होंने कोलेरू, उप्पुतेरु और तम्मिलेरू क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति को लेकर अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने किसानों को प्रति एकड़ फसल के नुकसान के लिए 10 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति राशि देने की भी घोषणा की। 

************************

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर आज से दो दिन की स्विटजरलैंड की यात्रा पर रहेंगे। यह उनकी तीन देशों सऊदी अरब, जर्मनी और स्विटजरलैंड की य़ात्रा का तीसरा और अंतिम चरण है। जिनेवा में विदेश मंत्री अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रमुखों से मुलाकात करेंगे। इन संगठनों से भारत सक्रियता से जुड़ा हुआ है। जिनेवा बड़ी संख्या में संयुक्त राष्ट्र निकायों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों का ठिकाना है। श्री जयशंकर दोनों देशों के बीच निकटतम साझेदारी की समीक्षा करने के लिए स्विटजरलैंड के विदेश मंत्री के साथ भी बैठक करेंगे और द्विपक्षीय़ संबंधों को और आगे बढ़ाने की संभावनाएं तलाशेंगे।

इससे पहले कल डॉ. जयशंकर ने जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की व्यक्तिगत शुभकामनाओं से उन्हें अवगत कराया। डॉ. जयशंकर तीन देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में जर्मनी में थे।

************************

फिलिस्तीनी आतंकी गुट हमास ने युद्धविराम समझौते के अमरीका के प्रस्ताव को बिना किसी नई शर्तों के लागू करने की इच्छा जताई है। कतर और मिस्र के मध्यस्थों के साथ दोहा में बैठक के दौरान हमास प्रतिनिधिमंडल ने गजा पट्टी में युद्धविराम समझौता लागू करने की दिशा में रचनात्‍मक और लचीला रुख प्रदर्शित किया। हमास ने कहा है कि उन्होंने गज़ा पट्टी से इस्रायली सेना की पूर्ण वापसी की मांग की है ।

इससे पहले इस्रायल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने सुझाव दिया था कि इस्रायल छह सप्ताह के लिए गलियारे से हट सकता है ताकि बंधकों को इस्रायल की सुरक्षा से समझौता किए बिना मुक्त किया जा सके।

************************

दक्षिण कोरियाई सेना ने बताया है कि उत्तर कोरिया ने आज सुबह पूर्वी सागर की ओर कम दूरी की कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। एक जुलाई के बाद उत्‍तर कोरिया की ओर से यह अपनी तरह की पहली कार्रवाई है। जापान के प्रधान मंत्री कार्यालय ने भी अपने एक्स अकाउंट पर अलर्ट जारी किया था जिसमें संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल के प्रक्षेपण की बात कही गई थी।

************************

मणिपुर के टी. जी. इंग्लिश स्कूल ने 63वें सुब्रतो कप अंतरर्राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में जूनियर बॉयज़ कप का खिताब जीत लिया है। उन्‍होंने कल नई दिल्ली में खेले गए फाइनल में मेघालय के मिंगकेन क्रिश्चियन हायर सेकेंडरी स्कूल को हराया। मणिपुर ने 44 सालों में पहली बार यह खिताब अपने नाम किया है और इतिहास में तीसरी बार सुब्रतो कप जीता है।  

सुब्रतो कप एशिया के सबसे पुराने टूर्नामेंट्स में से एक है। परंपरा से जुड़े इस टूर्नामेंट का लक्ष्य देश में जमीनी स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा देना है।

************************

मौसम विभाग ने देश के पूर्वी, पश्चिमी, पूर्वोत्‍तर और मध्‍यवर्ती भागों में अगले चार दिन के लिए बहुत तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। बिहार, ओडिशा, झारखंड नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कल भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने, इस सप्ताह, मध्य भारत, कोंकण, गोवा और गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश होने भी की संभावना जताई है। इस बीच दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में देर रात से हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। बारिश के कारण आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी में यातायात भी प्रभावित हुआ। रहीसुद्दीन रिहान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

************************

ये समाचार हमारी वेबसाइट www. news on air.gov.in और हमारे News on air App पर भी उपलब्ध हैं

************************

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– सरफिरोजी।

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ग्रेटर नोएडा में सेमीकॉन इंडिया 2024 का शुभारंभ करने का समाचार आज सभी अखबारों की सुर्खी बनी है। हिन्दुस्तान लिखता है- प्रधानमंत्री बोले- वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग को आगे बढ़ाने में भारत बड़ी भूमिका निभाने जा रहा है। अमर उजाला की सुर्खी है- दुनिया की हर डिवाइस में लगी हो भारत की चिप, यही सपना।
  • 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त ईलाज, आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाया गया। दैनिक जागरण सहित कई अखबारों की सुर्खी है।
  • अगले साल तैयार हो जाएगा भारत का अपना 4जी ढांचा। वर्ष 2025 के मध्य तक इसे किया जाएगा स्थापित। स्वदेशी प्रौद्योगिकी को अपनाना ज्यादा महत्वपूर्ण। राष्ट्रीय सहारा की खबर है।
  • इस साल ला-नीना के कारण पड़ सकती है अधिक ठंड। विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने चेताया, अल-नीनो के प्रबल होने की संभावना शून्य। जनसत्ता ने यह खबर प्रथम पृष्ठ पर प्रकाशित की है।
  • 90 प्रतिशत भारतीय, बच्चों को विदेश में पढ़ाने के लिए खर्च करने को तैयार, एचएसबीसी क्वालिटी ऑफ लाइफ रिपोर्ट से मिली जानकारी। दैनिक भास्कर की खबर है।
  • अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव से पूर्व पहली ही बहस में भारी पड़ी भारत वंशी कमला हैरिस, रक्षात्मक हुए ट्रंप। अमर उजाला सहित कई अखबारों की सुर्खी है।
  • 2023 में आयोजित हुए वन डे विश्व कप ने भारतीय अर्थव्यवस्था में लगाए चार चांद, 11 हजार 6 सौ 38 करोड़ रुपये का हुआ मुनाफा। राजस्थान पत्रिका ने यह खबर आंकड़ों सहित प्रकाशित की है। धन्‍यवाद सरफिरोजरी

************************

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में नागर विमानन संबंधी दूसरे एशिया प्रशांत मंत्रिस्‍तरीय सम्‍मेलन में भाग लेंगे।
  • केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने 70 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों को आयुष्‍मान भारत जनअरोग्‍य योजना में शामिल करने को मंजूरी दी।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज जोधपुर में भारत रक्षा विमानन प्रदर्शनी आईडेक्‍स2024 का उद्घाटन करेंगे।
  • हरियाणा विधानसभा चुनाव में एक ही चरण और जम्‍मू-कश्‍मीर में तीसरे तथा अंतिम चरण के मतदान के लिए नामांकन भरने का आज अंतिम दिन।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज से दो दिन की स्विट्जरलैण्‍ड यात्रा पर।
  • खेलों में, मणिपुर के टी. जी. इंग्लिश स्कूल ने सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में जूनियर बॉयज़ का खिताब जीता। 

************************