October 19, 2026 8:21 PM

printer

सातवां एग्रीवोल्टाइक्स विश्व सम्मेलन बुधवार से नई दिल्ली में शुरू होगा

खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सातवां एग्रीवोल्टाइक्स विश्व सम्मेलन बुधवार से नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में कृषि और सौर ऊर्जा उत्पादन के संयुक्त मॉडल को बढ़ावा देने पर बल दिया जाएगा। इस मॉडल को व्यावसायिक रूप से लाभकारी और किसान-केंद्रित बनाने पर जोर दिया जाएगा।

नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव संतोष कुमार सारंगी ने बताया कि तीन दिन के इस सम्मेलन में 40 से अधिक देशों के लगभग एक हजार पांच सौ प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें करीब चार सौ किसान भी होंगे।

श्री सारंगी ने कहा कि यह सम्मेलन किसानों, नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने तथा एग्रीवोल्टाइक्स के विस्तार की रणनीतियों पर चर्चा करने का मंच प्रदान करेगा।

सम्मेलन में कृषि उत्पादन के साथ नवीकरणीय ऊर्जा के उत्पादन को जोड़ने के तरीकों पर विचार किया जाएगा, ताकि भारत की खाद्य और ऊर्जा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। श्री सारंगी ने बताया कि एग्रीवोल्टाइक्स में एक ही भूमि का उपयोग कृषि कार्यों और सौर ऊर्जा उत्पादन दोनों के लिए किया जाता है। इससे भारत और दुनिया भर में सतत विकास को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।