March 22, 2024 10:10 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  • प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविन्‍द केजरीवाल को शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार किया। सर्वोच्‍च न्‍यायालय आज उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई कर सकता है।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी भूटान की दो दिन की यात्रा पर रवाना।
  • कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए 57 उम्‍मीदवारों की तीसरी सूची जारी की।
  • अनुभवी टेबल टेनिस खिलाडी अचन्‍ता शरत कमल पेरिस ओलंपिक में भारत के ध्‍वजवाहक होंगे।
  • लेबनॉन में विश्‍व टे‍बल टेनिस बेरूत टूर्नामेंट में भारत के सत्‍यन ज्ञानसेकरन ने पुरूष सिंगल्‍स का खिताब जीता।

****

प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार किया है। निदेशालय ने श्री केजरीवाल को कल रात उनके दिल्‍ली स्थित आवास से गिरफ्तार किया। सर्वोच्‍च न्‍यायालय आज श्री केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुनवाई कर सकता है। एक रिपोर्ट..

प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए नौ समन भेजे थे। हालांकि श्री केजरीवाल ने सभी समन को गैर कानूनी और राजनीति से प्रेरित बताया तथा वे एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए। इस बीच, आम आदमी पार्टी ने श्री केजरीवाल की गिरफ्तारी को निरस्‍त कराने तथा मामले की तत्‍काल सुनवाई के लिए सर्वोच्‍च न्‍यायालय का दरवाजा खटखटाया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि यह कानूनी प्रक्रिया है और यह कार्रवाई भ्रष्‍टाचार के खिलाफ की जा रही है। उन्‍होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।

****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह भूटान की दो दिन की यात्रा पर रवाना हो गए। यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और भूटान के चौथे राजा जिग्मे सिंग्ये वांगचुक से मुलाकात करेंगे। वह भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे के साथ भी बातचीत करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह यात्रा भारत और भूटान के बीच नियमित उच्च स्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा और सरकार की पड़ोसी प्रथम नीति के अनुरूप है। मंत्रालय के अनुसार यह यात्रा दोनों पक्षों को परस्‍पर हित के द्विपक्षीय तथा क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करेगी।

****

भारत ने हैती से अपने नागरिकों को निकालने के लिए ऑपरेशन इंद्रावती शुरू किया है। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मणयम जयशंकर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया है कि कल 12 भारतीयों को निकाला गया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा और भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

****

कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए 57 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की है। अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी अरुणाचल पश्चिम सीट से जबकि पुद्दुचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री वैथिलिंगम पुद्दुचेरी सीट से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

****

अखिल भारतीय कांग्रेस समिति ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्‍मीदवारों की तीसरी सूची कल शाम जारी कर दी जिसमें तेलंगाना की पांच सीटों के उम्‍मीदवार भी शामिल हैं। इसके साथ ही कांग्रेस ने राज्‍य में अब तक 17 लोकसभा सीटों में से नौ के लिए उम्‍मीदवार तय कर दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी पंद्रह लोकसभा सीटों के लिए पार्टी उम्‍मीदवारों और बीआरएस 11 संसदीय क्षेत्रों के लिए उम्‍मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है।

****

पहले चरण की अधिसूचना जारी होने के साथ ही मेघालय में लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई है। मेघालय में केवल दो लोकसभा सीट हैं, एक शिलांग और दूसरी तुरा। दोनों सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। राज्य में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। एक रिपोर्ट-

मेघालय में चुनाव की सरगर्मीयां तेज हो गई है और प्रशासन चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर डॉक्टर बीडीआर तिवारी ने लोकसभा सीटों पर की जा रही चुनावी तैयारियों और उनके बारे में विस्तार से बताया

चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर ने जानकारी दी की फोटो युक्त मतदाता परिचय पत्रों के वितरण का कार्य अपने अंतिम चरण में है, वहीं राज्य में सुरक्षा के सख्त बंदोबस्त किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेघालय राज्य की बांग्लादेश से लगी सीमा यानी की बॉर्डर एरिया के नॉनसेंसिंग क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं। परितोश दीक्षित आकाशवाणी शिलांग।

****

निर्वाचन आयोग ने कल चुनावी बांड की विशेष संख्‍या सहित संबंधित डेटा अपनी वेबसाइट पर जारी किया है। इन नम्‍बरों में बॉण्‍ड के खरीदारों का धन प्राप्त करने वाले राजनीतिक दलों के साथ मिलान करने में सहायता मिल सकती है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद भारतीय स्टेट बैंक ने इनके बारे में विवरण प्रस्तुत किया था। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने दानदाताओं और प्राप्तकर्ताओं की अलग-अलग सूचियां अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित की हैं।

****

निर्वाचन आयोग भ्रामक सूचना की चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। आयोग ने कड़े दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी हितधारकों से जिम्‍मेदारीपूर्ण व्‍यवहार करने और सतर्क रहने का आग्रह किया है। इस स्थिति की गंभीरता का उल्‍लेख करते हुए आयोग ने किसी प्रकार की भ्रामक सूचना का प्रसार करने से पहले राजनीतिक पार्टियों को उनकी जांच करने को कहा है। ब्‍यौरा हमारे संवादाता से..

भ्रामक सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मो पर जिम्मेदारी पूर्वक ऐसी सामग्री का इस्तेमाल करें जो विभाजन के बजाय एकता को प्रेरित करें। फर्जी खबरों से निपटने के लिए चुनाव आयोग ने कहा है कि गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ मौजूदा कानूनों के तहत गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। चुनावी प्रक्रिया पर इसके नकारात्मक प्रभाव को रोकने के लिए राज्यों में तैनात नोडल अधिकारियों को गैरकानूनी सामग्री को हटाने का निर्देश दिया गया है। दुर्गेश भदोरिया आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

****

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने परामर्श जारी कर सोशल मीडिया पर सभी समर्थनकर्ताओं और प्रभावशाली लोगों से, किसी भी रूप में ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ प्लेटफार्मों के भ्रामक विज्ञापनों सहित सभी विज्ञापनों और प्रचार सामग्री दिखाने से परहेज करने को कहा है। मंत्रालय ने उपभोक्ताओं, विशेषकर युवाओं पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के वित्तीय और सामाजिक-आर्थिक प्रभावों को देखते हुए यह परामर्श जारी किया है। मंत्रालय ने आगाह किया है कि इस परामर्श के अनुपालन में विफलता पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा सकती है। 

****

राष्ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए ने कल साजिश, विस्फोटकों और आई ई डी के निर्माण और आतंकी संगठन आईएसआईएस के लिए धन जुटाने में शामिल तीन लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया। नई दिल्ली में पटियाला हाउस की विशेष एनआईए अदालत में आरोप-पत्र दायर किया गया।अभिकरण ने कहा है कि आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन के भारत विरोधी एजेंडे को बढ़ावा देने में सक्रिय रूप से शामिल थे। जांच से पता चला है कि वे चरमपंथी और हिंसक विचारधारा को बढ़ावा देने में भी शामिल थे।

****

पंजाब में कीरतपुर साहिब के गुरुद्वारा पातालपुरी साहिब में ऐतिहासिक और पारंपरिक होला महल्ला कल से शुरू हो गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि होला महल्ला कीरतपुर साहिब और आनंदपुर साहिब में तीन दिन तक चलेगा।                                                                     

होली के पर्व के संदर्भ में कीरतपुर साहिब में होला महल्ला की शुरुआत गुरुद्वारा पातालपुरी साहिब में पारम्परिक नगाड़े की चोट और श्री अखंड पाठ साहिब की शुरुआत के साथ हुईI देश विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी के समक्ष नतमस्तक हो रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से सरकार ने बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की हैI असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैंI शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।

****

होली के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे 93 विशेष रेलगाड़ियों का परिचालन कर रहा है। रेलवे मंत्रालय के अनुसार देशभर में 540 विशेष रेलगाड़ियाँ चलाई जा रही है। पिछले साल के मुकाबले इस साल 219 अतिरिक्त गाड़िया चलाई जा रही है।

****

भारतीय ओलंपिक संघ-आईओए ने आगामी पेरिस ओलंपिक में भारतीय ध्‍वज वाहक के रूप में अनुभवी टेनिस खिलाडी अचंता शरत कमल के नाम की घोषणा की है। ओलंपिक खेलों के ध्‍वज वाहक एक प्रतीकात्‍मक प्रतिनिधि होते हैं। वे भव्‍य उद्घाटन समारोह परेड के दौरान देश के प्रतिनिधिमंडल के मार्च में प्रथम व्‍यक्ति होते हैं। एक रिपोर्ट..

आईओए ने कल ओलंपिक की कांस्‍य पदक विजेता और कई बार की मुक्‍केबाजी में विश्‍व चैंपियन मैरीकॉम को पेरिस में भारतीय खिलाडियों के लिए शेफ दे मिशन अर्थात मिशन प्रमुख बनाने की घोषणा की। शेफ दे मिशन अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍पर्धा में खेल प्रतिनिधिमंडल का प्रमुख होता है। पूर्व शीतकालिन ओलंपिक खिलाडी शिवा केशवन उपशेफ दे मिशन होंगे। गगन नारंग भारतीय निशानेबाजी टीम के प्रभारी होंगे। डॉक्‍टर दिनशॉ पारदीवाला को मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी नियुक्‍त किया गया है। भारत इससे पहले ही पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए निशानेबाजी में 19 कोटा सुरक्षित कर चुका है। स्‍वाति की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सकलेन अख्‍तर।

****

खेल खबरों के साथ हैं मुकेश कुमार बल।

स्विस ओपन बैडमिंटन में किदांबी श्रीकांत किरण जॉर्ज और प्रियांशु राजावत सहित प्रमुख भारतीय शटलर पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। स्विट्जरलैंड के बेसल में श्रीकांत ने मलेशिया के ली व‍ि जिया को हराया। जबकि युवा खिलाड़ी किरण ने फ्रांसीसी प्रतिद्वंदी एलेक्‍स लानियर को पराजित किया। प्रियांशु ने चीन के लेई लेन सी को हराया हालांकि पुरुष सिंगल्स के प्रीक्‍वार्टर फाइनल में लक्ष्य सेन ताइवान के ली चिया हाउ से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। पीवी सिंधू जापान की टोमोका मियाज़की से हार कर महिला सिंगल्स मुकाबले से बाहर हो गई। टेबल टेनिस ने भारत के सत्यन ज्ञानसेकरण ने लेबनान में डब्‍ल्‍यू टी टी फीडर बेरूत स्पर्धा में पुरुष सिंगल्स का खिताब जीता। सत्यन ने खिताबें मुकाबले में कल मानव विकास ठक्कर को हराया। इससे पहले सत्‍यन ने सेमीफाइनल में विश्व के 39 नंबर के चीनी ताइपे के खिलाड़ी चुआंगचीयुवान को हराया था।

****

दिल्ली यातायात पुलिस ने राजधानी में सुरक्षित सड़कें सुनिश्चित करने के लिये कल विशेष अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय पुलिस कर्मचारियों के साथ लगभग 250 ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने 22 जगहो पर बैरिकेड लगाकर चेकिंग की। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, यातायात दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कुल 428 चालान जारी किए गए। उन्होने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्‍य शराब पीकर गाड़ी चलाना, ओवरलोड वाहन और दोषपूर्ण नंबर प्लेट थे। श्री कुमार ने बताया कि यातायात पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने के खिलाफ पूर्वी, केंद्रीय और उत्तरी रेंज में रात के दौरान दो घंटे के लिए यह अभियान चलाया। संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में विशेष जांच की बारीकी से निगरानी की। उन्होने बताया कि दिल्ली में सुरक्षित सड़कें सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

****

समाचारपत्रों की सुर्खियों के साथ हैं सिद्धार्थ सिंह।

दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल के गिरफ्तार होने की खबर आज सभी अख़बारों के प्रथम पृष्‍ठ पर है। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में ईडी का शिकंजा, पद पर रहते हुए मुख्‍यमंत्री की गिरफ्तारी का पहला मामला। जनसत्‍ता की सुर्खी है- दिल्‍ली हाईकोर्ट की गिरफ्तारी पर रोक से इंकार के बाद प्रवर्तन निदेशालय की शराब घोटाले में त्‍वरित कार्रवाई। हजारों करोड़ रुपये का चुनावी चंदा लेने के लिए इस्‍तेमाल किए गए चुनावी बॉंड से जुड़े महत्‍वपूर्ण डेटा को चुनाव आयोग द्वारा आम जनता के सामने पेश करने की खबर भी अधिकतर अखबारों की सुर्खी बनी है। देशबन्‍धु लिखता है- नौ सौ से अधिक पन्‍नों में जनता के सामने आए आकड़े, चुनाव आयोग ने एसबीआई से मिला सारा डेटा अपलोड किया। सोने की कीमत तेजी से बढ़ने की खबर आज कई अख़बारों ने आकड़ों सहित प्रकाशित की है- अमर उजाला लिखता है- सोना पहली बार 67 हजार के पार। राष्‍ट्रीय सहारा की सुर्खी है- सोने का नया रिकार्ड, अब तक के उच्‍चतम स्‍तर पर पहुंचा। भारत में “हम दो हमारा एक” का ट्रेंड, 2050 तक घटेगी आबादी। राजस्‍थान पत्रिका की खब़र है। पत्र लिखता है- लैंगिक अनुपात भी गड़बडाने का खतरा। जनसत्‍ता ने भी इस विषय पर शोध पत्रिका लांसेट का हवाला दिया है। भारत की प्रजनन दर दो से कम, 2050 में एक दशमलव तीन प्रतिशत हो जाएगी। आज विश्‍व जल दिवस पर दैनिक जागरण ने विशेष खबर प्रकाशित की है- ओडिसा प्रयोगशाला में डिजाइन किया कृत्रि‍म कोरल रीफ, समुद्र में बनने लगा जंगल। मत्‍स्‍य उत्‍पादकता बढने के साथ पारिस्‍थ‍ितिकि तंत्र में होगा सुधार, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियां भी होंगी कम। दैनिक भास्‍कर ने वॉटर डे चैलेंज विषय के साथ पानी बचाने की पांच आदतों को सुर्खी बनाया है। नवभारत टाइम्‍स ने फिल्‍म ऐ मेरे वतन के माध्‍यम से रेडियो की याद ताज़ा की, पत्र लिखता है- रेडियो के सहारे लड़ी आजादी की जंग की दास्‍तान। काशी मणिकर्णिका घाट पर जलती चिताओं के बीच पांच लाख भक्‍तों ने खेली भस्‍म से होली। अमर उजाला की सुर्खी है।           

****

अंत में मुख्‍य समाचार एक बार फिर

  • प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविन्‍द केजरीवाल को शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार किया। सर्वोच्‍च न्‍यायालय आज उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई कर सकता है।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी भूटान की दो दिन की यात्रा पर रवाना।
  • कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए 57 उम्‍मीदवारों की तीसरी सूची जारी की।
  • अनुभवी टेबल टेनिस खिलाडी अचन्‍ता शरत कमल पेरिस ओलंपिक में भारत के ध्‍वजवाहक होंगे।
  • लेबनॉन में विश्‍व टे‍बल टेनिस बेरूत टूर्नामेंट में भारत के सत्‍यन ज्ञानसेकरन ने पुरूष सिंगल्‍स का खिताब जीता।

****

 

 

 

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.