मुख्य समाचार:-
- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मेरठ में रैली को संबोधित कर उत्तर प्रदेश में चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे।
- अरुणाचल प्रदेश में नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद भारतीय जनता पार्टी के दस विधायक निर्विरोध निर्वाचित घोषित।
- प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धन–शोधन मामले में दिल्ली के मंत्री कैलाश गहलोत से पूछताछ की।
- दिल्ली पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत न्यूज़ क्लिक और इसके संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया।
- मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में कल तक तेज वर्षा जारी रहने की संभावना व्यक्त की।
- आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जाइंट्स ने पंजाब किंग्स को 21 रन से हराया।
*******
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश में चुनाव अभियान का शुभारम्भ करेंगे। वे मेरठ में जनसभा को संबोधित करेंगे। एक रिपोर्ट-
भारतीय जनता पार्टी ने टीवी धारावाहिक रामायण के अरूण गोविल को मेरठ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी और भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेता इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान होना है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एनडीए ने फिर से केन्द्र की सत्ता में आने का विश्वास व्यक्त किया है और इसके लिए उत्तर प्रदेश सर्वाधिक 80 संसदीय सीटों के साथ महत्वपूर्ण साबित होगा। आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।
*******
अरुणाचल प्रदेश में कल नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद भारतीय जनता पार्टी के 10 विधायकों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। अरुणाचल प्रदेश में 60 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों के लिए मतदान एक ही चरण में 19 अप्रैल को होगा। ब्योरा के साथ हमारे संवाददाता-
60 सदस्यीय अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के लिए अब शेष 50 विधानसभा सीटों के लिए ही मतदान कराये जाएंगे। छह विधानसभा क्षेत्रों में एकल नामांकन पत्र दाखिल किया गया था, जबकि चार अन्यों में विपक्षी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वाापस ले लिया है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उपमुख्यमंत्री चाउना मीन और ईटानगर विधायक तेची कासो उन प्रमुख उम्मीदवारों में से हैं जिन्होंने निर्विरोध जीत हासिल की है। भाजपा ने सभी 60 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दोनों संसदीय क्षेत्रों के लिए 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें अरुणाचल पश्चिम संसदीय क्षेत्र के लिए 8 और अरुणाचल प्रदेश पूर्व संसदीय क्षेत्र के लिए 6 उम्मीदवार हैं।
*******
असम में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में पांच सीटों पर मतदान होगा। इन सीटों के लिये 35 उम्मीदवार मैदान में हैं। जोरहाट सीट से कल एक उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया। भारतीय जनता पार्टी सभी पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि डिब्रूगढ़ सीट पर असम जातीय परिषद को समर्थन दिया है। हमारे गुवाहाटी संवाददाता ने बताया कि पहले चरण में भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, सांसद प्रधान बरुआ, कामाख्या प्रसाद तासा, तपन कुमार गोगोई और विधायक रंजीत दत्ता प्रत्याशी हैं। कांग्रेस से सांसद गौरव गोगोई, पूर्व विधायक रोजलिना तिर्की और उदय शंकर हजारिका चुनाव मैदान में हैं।
*******
मध्य प्रदेश में 29 लोकसभा सीटों के लिए चार चरणों में वोट डाले जाएंगे। पहले चरण की छह सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दूसरे चरण की सात सीटों के लिए नामांकन भरे जा रहे हैं। ब्योरा हमारे संवाददाता से-
मध्य प्रदेश में लोकसभा की 29 में से 25 सीटों पर मुकाबले की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। भाजपा ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। वहीं, कांग्रेस ने अब तक तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं जबकि एक सीट उसने समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ दी है।
भारतीय जनता पार्टी ने 6 महिलाओं को टिकट दिया है जबकि कांग्रेस ने अब तक एक महिला को उम्मीदवार बनाया है। मध्य प्रदेश में पहले चरण में 6 सीटों पर करीब एक करोड़ 12 लाख वोटर और दूसरे चरण में 7 सीटों पर एक करोड़ तीन लाख से ज्यादा मतदाता अपने प्रत्याशी का चयन करेंगे। वहीं, तीसरे चरण में एक करोड़ 60 लाख मतदाता लोकसभा की 8 सीटों पर मतदान करेंगे जबकि चौथे और अंतिम चरण में भी लोकसभा की 8 सीटों के लिए डेढ़ करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
*******
तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव के लिए एक ही चरण में मतदान होना है। कुल भरे गये नामांकन पत्रों में एक हजार 85 नामांकन वैध पाये गए हैं। एक सौ 38 उम्मदीवारों ने नाम वापस ले लिए हैं। मतदान 19 अप्रैल को होगा।
निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए 39 सामान्य पर्यवेक्षकों, 20 पुलिस पर्यवेक्षक और 58 व्यय पर्यवेक्षकों की तैनाती की है। चुनाव संबंधी शिकायतों के लिए राज्य के लोगों से सी-विजिल एप और 1950 हेल्प डेस्क नम्बर का उपयोग करने को कहा गया है।
*******
बिहार में, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी – मार्क्सवादी लेनिनवादी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। विपक्षी महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर कल हुए समझौते के अनुसार, पार्टी तीन लोकसभा सीटों– आरा, नालंदा और काराकाट पर चुनाव लड़ेगी।
आरा से सुदामा प्रसाद और नालंदा से संदीप सौरव चुनाव लड़ेंगे। राजाराम सिंह काराकट लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी होंगे।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज नई दिल्ली में पूर्व उपप्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को देश के शीर्ष नागरिक पुरस्कार प्रदान करेंगी। राष्ट्रपति ने कल राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि वैज्ञानिक एम एस स्वामीनाथन और बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया। अलंकरण समारोह के दौरान, सम्मान पाने वाले विभूतियों के परिवारजनों ने अलंकरण प्राप्त किया।
*******
प्रवर्तन निदेशालय ने कल दिल्ली के परिवहन मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता कैलाश गहलोत से पांच घंटे तक पूछताछ की। दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुडे कथित धन शोधन मामले में यह पूछताछ की गई। बाद में संवाददाताओँ से बातचीत में श्री गहलोत ने कहा कि उन्होंने एजेंसी के सभी सवालों के जवाब दिये हैं और आगे भी जांच में सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि यह प्रवर्तन निदेशालय का दूसरा समन था क्योंकि लगभग एक महीने पहले दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के कारण वे पहले समन पर उपस्थित नहीं हो पाये थे।
*******
दिल्ली पुलिस ने न्यूज क्लिक पोर्टल और इसके संस्थापक प्रबीर पुरकायस्था के खिलाफ गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत आरोप पत्र दायर किया है। आरोप है कि न्यूज पोर्टल को चीन के पक्ष में प्रचार के लिए धनराशि मिली। लगभग नौ हजार पृष्ठ के आरोप पत्र में जांच के दौरान विभिन्न छापों में जब्त 480 इलैक्ट्रॉनिक उपकरणों से संबंधित जानकारी है। पुरकायस्था के खिलाफ कश्मीर और अरूणाचल प्रदेश को भारत का हिस्सा नहीं बताने से संबंधित आरोप भी हैं। दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत ने 16 अप्रैल को इस मामले की अगली सुनवाई निर्धारित की है।
*******
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में कल तक तेज वर्षा जारी रहने की संभावना व्यक्त की है अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों में कल तक तेज बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल के हिमालय वर्ती क्षेत्र और सिक्किम में पांच अप्रैल तक गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।
*******
आईपीएल क्रिकेट में आज अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस का मुकालबा सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मैच दिन में साढ़े तीन बजे से खेला जाएगा। विशाखापत्तनम में देल्ही कैपिटल्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा। कल लखनऊ में लखनऊ सुपर जाइंट्स ने पंजाब किंग्स को 21 रन से हरा दिया।
*******
मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में आज भारत के रोहन बोपन्ना और ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू एब्डेन का सामना अमरीका के ऑस्टिन क्रेजिसेक और क्रोएशिया के इवान डोडिग से होगा। प्रतियोगिता में कल इस जोड़ी ने स्पेन के मार्सेल ग्रेनोलर्स और अर्जेंटीना के होरेसियो ज़ेबालोस को छह-एक छह-चार से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। यह बोपन्ना के लिए चौदहवां ए.टी.पी. मास्टर्स फाइनल है। वह अब तक 25 डबल्स खिताब जीत चुके हैं।
*******
राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने ईस्टर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक संदेश में कहा कि प्रभु मसीह के पुनर्जीवन की स्मृति में मनाया जाने वाला यह पर्व प्रेम और करुणा का प्रतीक है। उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने संदेश में कामना की है कि ईस्टर सबके जीवन में शांति और सद्भाव लेकर आए।
*******
नई दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी इंडी गठबंधन की आज ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ होगी। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि गठबंधन के कई प्रमुख नेता इसमें शामिल होंगे।
*******
भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस का यह दावा कर भ्रम फैला रही है कि आयकर विभाग ने उसके खातों को फ्रीज कर दिया है। पार्टी ने कहा कि केवल नाममात्र की राशि फ्रीज की गई है और खाते की शेष राशि पर कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in/hindi पर भी उपलब्ध हैं
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- सिद्धार्थ सिंह।
- कल राष्ट्रपति भवन में देश के सबसे बडे अलंकरण समारोह की खबर को अधिकांश अखबारों ने आज सुर्खियों में दिया है। अमर उजाला, देशबंधु, हरि भूमि और वीर अर्जुन ने चित्र के साथ लिखा है – भारत रत्न से सम्मानित हुई चार विभूतियां। राष्ट्रीय सहारा ने लिखा है – श्री लालकृष्ण आडवाणी को आज अलंकृत किया जाएगा।
- नवभारत टाइम्स की पहली खबर है – वित्त वर्ष का आखिरी दिन है, आज भी खुलेंगे कई कार्यालय।
- दिल्ली में आज इंडी गठबंधन की रामलीला मैदान में रैली को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा जारी परामर्श की चर्चा हिंदुस्तान ने मुख पृष्ठ पर की है, साथ ही खबर है प्रधानमंत्री मेरठ से चुनावी रैली का शंखनाद करेंगे।
- विभिन्न राज्यों में राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों की सूचियां और अन्य राजनीतिक घटनाक्रम भी पहले पन्ने पर छाए हुए हैं।
- अमर उजाला ने पहले पन्ने पर लिखा है – भारतीय नौसेना ने बारह घंटे अभियान चलाकर 23 पाकिस्तानी लोगों की जान बचाई। समुद्री लुटेरों से जान बचाने पर पाकिस्तानी बोले – भारत जिंदाबाद। पंजाब केसरी ने लिखा है – नौ समुद्री लुटेरे भारत लाए गए, चलेगा मुकदमा।
- दैनिक ट्रिब्यून की पहली खबर है – पंजाब, हिमाचल में मौसम ने गेंहू उत्पादकों की चिंता बढाई, अंधड ने मचाई तबाही, बारिश ने किसानों के सपनों पर पानी फेरा। जनसत्ता ने लिखा है – हिमाचल और उत्तराखंड की चोटियों पर बिछी बर्फ की चादर। मनाली के रोहतांग दर्रे में बर्फबारी के बाद अटल सुरंग में यातायात रोका।
- हरि भूमि की खबर है – भारत का विदेशी मुद्रा भंडार सर्वोच्च स्तर पर पहुंचा।
- राजस्थान पत्रिका ने कल रंग पंचमी के अवसर पर इंदौर में उत्सव में डूबे लाखों लोगों की भीड के बीच पलभर में एक एंबुलेंस को तुरंत रास्ता खाली कर राह देने के चित्र के ऊपर अनुशासन की तारीफ करते हुए लिखा है – वाह इंदौर, वाह, कभी न छूटे मानवता का यह रंग।
- राजस्थान पत्रिका ने बारह हजार गीतों के विश्लेषण के बाद यूरोप के एक शोध के हवाले से लिखा है – पिछले चार दशक में सकारात्मक गीतों की जगह एग्रेसिव गीतों ने ली, चालीस वर्ष में संगीत सुनने के तरीके में बदलाव।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मेरठ में रैली को संबोधित करेंगे।
- अरुणाचल प्रदेश में नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद भारतीय जनता पार्टी के दस विधायक निर्विरोध निर्वाचित घोषित।
- प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धन-शोधन मामले में दिल्ली के मंत्री कैलाश गहलोत से पूछताछ की।
- दिल्ली पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत न्यूज़ क्लिक और इसके संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया।
- मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में कल तक तेज वर्षा जारी रहने की संभावना व्यक्त की।
- आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जाइंट्स ने पंजाब किंग्स को 21 रन से हराया।
*******