मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नागरिकों से विभाजनकारी शक्तियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। दशहरा को बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव कहा।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने मुंबई में ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ त्रिपक्षीय बैठक की।
- अमरीकी विदेश मंत्री ने भारत को अमरीका का महत्वपूर्ण वाणिज्यिक और व्यापारिक साझेदार बताया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में मादक पदार्थों के विरोध में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से मुलाकात की। पंजाब को दिसंबर 2029 तक नशामुक्त करने का आश्वासन दिया।
- और, भारत ने एशियाई पैरा खेलों में 35 पदक जीते। पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में तीनों पदक किए अपने नाम ।
———-
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा आज देशभर में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय राजधानी के आईपी एक्सटेंशन में दशहरा समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने नागरिकों से विभाजनकारी शक्तियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि देश के सभी संस्थान और राजनीतिक दल राष्ट्रीय हित में एकजुट होकर काम करेंगे।
विजयादशमी विजय का पर्व है, जीत का पर्व है। ये पर्व हमें साहस देता है कि शत्रु कितना भी बड़ा क्यों ना हो लेकिन जब हम सच्चाई और मानवता के साथ होते हैं तो अंत में जीत हमारी होती है। विजयादशमी की यही भावना हमेशा भारत की विचारधारा रही, राष्ट्र की सभी संस्थाएं, सभी राजनीतिक दल राष्ट्र हित के लिए एक साथ खड़े हैं।
प्रधानमंत्री ने देश को भारत के दुश्मनों की पहचान करने और उन्हें पराजित करने के अपने संकल्प को भी दोहराया।
हमें मां भारती के शत्रुओं को पहचानना होगा, उन्हें परास्त करना होगा और राष्ट्र प्रथम का संकल्प लेते हुए सबको एक साथ आना होगा। मुझे विश्वास है अयोध्या मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान राम से राष्ट्र और देव से देश की जो संकल्पना हमने की है उसे हम जरूर पूरा करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए उनकी सरकार सुशासन के माध्यम से रामराज्य की भावना को साकार करना चाहती है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज शाम दिल्ली के द्वारका में दशहरा समारोह में भाग लिया। राष्ट्रपति ने देशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान राम के जीवन से पर्यावरण और प्रकृति के संरक्षण का महत्व भी सीखा जा सकता है।
संत कबीर और संत रविदास जैसे भारत के महान समाज सुधारक भक्त कवियों ने परम सत्य को राम का ही नाम दिया है। मुझे यह देखकर प्रसन्नता होती है कि आज का भारत राम कथा में वर्णित समानता और समावेश के आदर्श के अनुसार आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद थीं।
—————–
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज मुंबई में संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान और अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ त्रिपक्षीय बैठक की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि इस दौरान ऊर्जा, कनेक्टिविटी और मौजूदा घटनाक्रमों पर विचार विमर्श हुआ।
बैठक में ऊर्जा, संपर्क और समसामयिक घटनाक्रमों पर चर्चा हुई। डॉ. जयशंकर ने अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की। दोनों मंत्रियों ने व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा पश्चिम एशिया संकट पर विचारों का आदान-प्रदान किया। डॉ. जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता की। उन्होंने बताया कि व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर के बाद से दोनों देशों के बीच व्यापार 100 अरब अमरीकी डॉलर के पार पहुंच गया है और आपसी निवेश भी बढ़ रहा है। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत को अमरीका का महत्वपूर्ण वाणिज्यिक और व्यापारिक साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि भारत अपने ऊर्जा आपूर्ति स्रोतों में विविधता ला रहा है।
मुझे लगता है कि भारत अपने ऊर्जा पोर्टफोलियो में विविधता लाना चाहता है, जो कि एक समझदारी भरा कदम है। रातों-रात ऐसा कर पाना आसान नहीं है। उन्होंने इस दिशा में काफी अच्छी प्रगति की है और यह देखकर हमें खुशी है।
———-
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारत और अमरीका के संबंधों में पिछले कुछ दशकों में काफी विस्तार हुआ है। दोनों देशों की साझेदारी में लगातार नए आयाम जुड़े हैं। डॉ. जयशंकर मुंबई में अमरीका की स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने क्वाड और पैक्स सिलिका को दोनों देशों की साझेदारी के प्रमुख उदाहरण बताया।
———-
गृह मंत्री अमित शाह ने आज पंजाब के मानसा और गुरदासपुर में नशे के विरोध में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने गुलजार सिंह के परिवार से भी मुलाकात की। गुलजार सिंह ने अपने पुत्र के नशे की लत के कारण कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। गृह मंत्री ने कहा है कि पंजाब को दिसंबर 2029 तक नशामुक्त बना दिया जाएगा।
मैं आज पंजाब की जनता को फिर से एक बार वादा कर कर जाता हूं कि 31 दिसंबर, 2029 तक हम पंजाब से नशे के कारोबार को समाप्त कर देंगे और जो कोई भी इसके लिए प्रयास करेगा कारोबार को बढ़ाने का उसको जेल की सलाखों को के पीछे डालने का काम नरेन्द्र मोदी सरकार करेगी।
श्री शाह ने कहा कि पीड़ित परिवारों की स्थिति देखकर वे विचलित हैं।
तीनों परिवारजनों को मिलकर और आसपास के जो भी चिट्टा के व्यापार से त्रस्त लोग, परेशान लोग थे वह भी उनके घरों पर इकट्ठा हुए थे। इन्होंने पंजाब की जो स्थिति बताई वह दिल्ली के कागजों की रिपोर्ट में जो पढ़ते थे, इससे कई गुना ज्यादा झंझोड़ कर रख देने वाली है। यहां पर मैं आज आप सरकार को पूछना चाहता हूं कि किसी ने बेटा खोया है किसी ने भाई खोया है किसी ने पति खाया है।
गृह मंत्री ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री द्वारा केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंपे गए परविंदर सिंह झोटा मामले की पूरी जांच की जाएगी। घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गृह मंत्री से मुलाकात के बाद पीड़ित परिवारों ने संतोष व्यक्त किया।
————–
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के समूचे तंत्र को खत्म करने के लिए एकजुट कार्रवाई का आह्वान किया है। श्री सिंह ने ताजिकिस्तान के दुशांबे में आज शंघाई सहयोग संगठन की राष्ट्राध्यक्ष परिषद की 25वीं बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।
टेरेरिज्म पीस और डवलपमेंट के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक बना हुआ है। टेरेरिज्म के कारण न केवल निर्दोष जीवन को हानि पहुंचती है बल्कि इनवेस्टमेंट और कॉमर्स भी बाधित होते हैं। टेरेरिज्म सोसायटी को रेडिकलाइज करता है और हमारे युवाओं को उन अवसरों से वंचित करता है जिनके वे हकदार हैं। इसलिए टेरेरिज्म के लिए कोई जस्टिफिकेशन नहीं हो सकता है। इससे निपटने में कोई दोहरा मापदंड नहीं हो सकता है और उन लोगों के लिए कोई जगह नहीं हो सकती है, जो आतंकवादियों को फाइनेंस, सपोर्ट या सेफ हेवेंस उपलब्ध कराते हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि संगठन को संप्रभु समानता, सर्वसम्मति और पारस्परिक सम्मान के सिद्धांतों पर दृढ़ रहना होगा। उन्होंने सुरक्षा, संपर्क और अवसर को सहयोग के तीन प्रमुख स्तंभ बताया।
माननीय प्रधानमंत्री ने एससीओ के लिए सिक्योरिटी, कनेक्टिविटी और अर्पोच्यनिटी के भारत के दृष्टिकोण को दोहराया है। ये तीनों स्तंभ सिक्यूरिटी इंवेस्टमेंट को संभव बनाती हैं और कनेक्टिविटी रेट को प्रशस्त करती है।
रक्षा मंत्री ने साझा समृद्धि के लिए कनेक्टिविटी के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान पर आधारित होनी चाहिए। श्री सिहं ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा और चाबहार बंदरगाह जैसी पहलों का मध्य एशिया को व्यापक बाजारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है।
————
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता आज विजयादशमी के अवसर पर लागू हो गया है। इस समझौते से भारतीय उत्पादों का न्यूजीलैंड को शत-प्रतिशत शुल्क-मुक्त निर्यात किया जा सकेगा। कल नई दिल्ली में भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते पर आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस समझौते से भारत के निर्यातकों, विशेषकर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों, कारीगरों, किसानों और दवा उद्योग के लिए नए अवसर मिलेंगे। श्री गोयल ने बताया कि दोनों देश वर्ष 2030 तक वस्तुओं और सेवाओं में द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करके लगभग 35 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने के लक्ष्य पर काम करने के लिए सहमत हुए हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस समझौते से विकसित अर्थव्यवस्था वाले देशों के साथ भारत की बाजार पहुंच बढ़ेगी और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
न्यूजीलैंड ने भारतीय निर्यात को कवर करने वाली सभी टैरिफ श्रेणियों पर सीमा शुल्क समाप्त कर दिया है। जिससे अधिकतम दस प्रतिशत तक के शुल्क हट गए हैं। इस फैसले से कपड़ा, परिधान, चमड़ा, जूते-चप्पल, रत्न और आभूषण इंजीनियरिंग उत्पाद और ऑटोमोबाइल तथा ऑटो कलपूर्जे, रसायन, औषधियां, कृषि उत्पाद और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, लकड़ी के लट्ठों, कुकिंग कोयले और धातु के कचरे तथा स्क्रैप पर भी अब शुल्क नहीं लगेगा, साथ ही दवा और चिकित्सा उपक्रम उद्योगियों को भी आसान नियामक प्रक्रियों का लाभ मिलेगा। इसके अलावा पहली बार न्यूजीलैंड ने स्वास्थ्य और पारम्परिक चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में भारत को विशेष अवसर दिए हैं। वहीं, भारत के युवाओं और पेशेवरों को हर साल पांच हजार अस्थाई रोजगार प्रवेश वीजा और एक हजार वर्किंग हॉलिडे विजा का कोटा मिलेगा। सुपर्णा सैकिया के साथ दिलनशी आरजू आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
———–
फ्रांस की राजधानी पेरिस में बढ़ती महंगाई के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों में हिंसा के बाद आज हालात सामान्य हो गए हैं। सप्ताहांत में हुई हिंसा के बाद स्थिति पर काबू पाने के लिए कई शहरों में कर्फ्यू लगाया गया है। फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबास्तियन लेकोर्नू ने कहा है कि जरूरत के अनुसार अन्य इलाकों में भी कर्फ्यू लगाया जाएगा।
————-
यमन के दक्षिणी हिस्से में सैन्य शिविर पर हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमले में मरने वालों की संख्या 60 हो गई है। यमन के अधिकारियों ने बताया कि 12 लोग अब भी लापता हैं।
———-
इस बीच, ब्रिटेन ने हूती विद्रोहियों से सऊदी अरब की रक्षा के लिए अपनी सैन्य सहायता बढ़ाने की घोषणा की है। ब्रिटेन के रक्षा मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने कहा कि ये लड़ाकू विमान मिसाइल और ड्रोन हमलों से सऊदी अरब के बुनियादी ढांचे की सुरक्षा में मदद करेंगे, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्रिटिश विमान हूती ठिकानों पर हमला नहीं करेंगे।
————-
दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए 1 नवंबर से 28 फरवरी 2027 तक लागू होने वाले विंटर एक्शन प्लान तैयार किए हैं। इसके अंतर्गत दिल्ली के बाहर के ऐसे वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी जो बीएस-6 मानकों को पूरा नहीं करते।
————
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में आज भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण सहित 24 पदक जीते। पुरुष डिस्कस थ्रो में भारतीय एथलीटों ने तीनों पदक देश के नाम किए। पदक तालिका में भारत नौ स्वर्ण, 11 रजत और 15 कांस्य सहित कुल 35 पदकों के साथ छठें स्थान पर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नेरन्द्र मोदी और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने खिलाडियों को बधाई दी है।
——–
रायपुर में तीसरे और अंतिम महिला टी-20 क्रिकेट मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 217 रन का लक्ष्य दिया है। हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 91 रन की पारी खेली। वहीं, शेफाली वर्मा ने 69 रन बनाए। तीन मैचों की श्रृंखला में भारत दो-शून्य से आगे है।
——–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नागरिकों से विभाजनकारी शक्तियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। दशहरा को बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव बताया।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने मुंबई में ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ त्रिपक्षीय बैठक की।
- अमरीकी विदेश मंत्री ने भारत को अमरीका का महत्वपूर्ण वाणिज्यिक और व्यापारिक साझेदार बताया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में मादक पदार्थों के विरोध में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से मुलाकात की। पंजाब को दिसंबर 2029 तक नशामुक्त करने का आश्वासन दिया।
- और, भारत ने एशियाई पैरा खेलों में 35 पदक जीते। पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में तीनों पदक अपने नाम किए।
****