October 18, 2026 9:29 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-   

 

  1. देशभर में दुर्गा पूजा का पर्व धार्मिक श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है।
  2. गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता भगदड़ में घायलों से मुलाकात की। सभी सात आरोपी 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेजे गए।
  3. फ्रांस में बढ़ती महंगाई और विद्यालयों की खराब स्थिति के विरोध में देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान हिंसक झडपों और लूटपाट के बाद पुलिस ने एक हजार आठ सौ लोग गिरफ्तार किए।
  4. तमिलनाडु, पुदुच्‍चेरी और कराईक्‍काल में बुधवार तक अत्‍यधिक तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
  5. एशियाई पैरा गेम्‍स जापान के आइची-नागोया में आरंभ। 100 पदक जीतने के लक्ष्‍य के साथ भारत के डेढ सौ से अधिक खिला‍ड़ी शामिल। 
  6. कुआलालम्‍पुर में भारत के लोकेश सुब्रमानी ने मलेशिया स्‍क्‍वॉश जूनियर ओपन खिताब जीता लिया है।

 

*****

 

देशभर में आज दुर्गा पूजा का पर्व धार्मिक श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। विभिन्‍न राज्‍यों में भव्‍य पूजा पंडालों में भक्‍तों की भीड उमड़ रही है।

 

दिल्ली के चितरंजन पार्क के पंडाल में बांग्‍ला संस्‍कृति की झलक दिखाई गई है। रवीन्‍द्रनाथ ठाकुर के कोलकाता स्थित घर की तर्ज पर बनाया गया भव्‍य पंडाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जूट और बांस से इको-फ्रेंडली पंडाल सजाया गया है। ग्रेटर कैलाश में ‘वंदे मातरम’ थीम पर पंडाल बनाया गया है और कालकाजी, झंडेवालान तथा छतरपुर मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है। तिमारपुर, पंडारा रोड और ग्रेटर कैलाश-2 में दिव्‍यांग्‍जनों, बुर्जुगों और बच्‍चों के लिए विशेष व्‍यवस्‍था की गई हैं। दुर्गा पूजा का यह आयोजन दशहरे तक चलेगा। समाचार कक्ष से मैं सरफिरोज़ी। 

 

*****

 

उत्‍तर प्रदेश में भी आज दुर्गा पूजा धूम-धाम से मनाई जा रही है। एक रिपोर्ट

 

आज महाअष्टमी तिथि पर पूरे प्रदेश भर में देवी दुर्गा के महागौरी स्वरूप की पूजा अर्चना की जा रही है। प्रदेश के सभी शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में आज सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। मंदिरों के साथ-साथ सड़कों और प्रमुख चैराहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गोरखनाथ मंदिर में होने वाले विशिष्ट अनुष्ठान में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री आज रात अष्टमी तिथि पर महानिशा पूजन करेंगे। सुशील चन्‍द्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

 

*****

 

सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता के शानदार उदाहरण के रूप में असम की बांग्‍ला भाषी बराक घाटी दुर्गा पूजा के भव्य उत्सव में पूरी तरह रमी है। 1874 तक अविभाजित बंगाल का हिस्सा रहे असम के कछार, श्रीभूमि (करीमगंज) और हैलाकांडी में आज भी बंगाली विरासत से जुड़ी पुरानी परंपराएं, कलात्मक भव्यता और भाषाई आत्मीयता देखने को मिलती है। पूरी घाटी में सड़कें और रास्ते रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष थीम पर आधारित भव्य पंडालों से सजाए गए हैं।

 

*****

 

ओडिशा में दुर्गा पूजा पूरे धार्मिक उत्साह और पारंपरिक उमंग के साथ मनाई जा रही है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से –

 

राजधानी भुवनेश्वर और सिल्वर सिटी कटक दुर्गा पूजा के उत्सव की रौनक से जगमगा रहे हैं, मंदिरों की तर्ज पर बने शानदार प्रवेश द्वारों से लेकर भारत और विदेशों के प्रसिद्ध स्थलों की झलक पेश करती कलात्मक संरचनाओं तक ये पंडाल भक्ति, वास्‍तुकला और रचनात्‍मकता का एक अद्भुत संगम है। रंग-बिरंगी रोशनी, बारीक सजावट और देवी दुर्गा की मनमोहक प्रतिमाओं ने इन जुड़वा शहरों को उत्‍सव के जीवंत केंद्रों में बदल दिया है। प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार, भुवनेश्‍वर।

 

*****

 

त्रिपुरा में दुर्गा पूजा का उत्सव पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। राज्यभर में श्रद्धालु और पर्यटक मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पंडालों में पहुंच रहे हैं। यह पर्व राज्यभर में खुशियों, सामुदायिक सद्भाव और आपसी एकजुटता की भावना को बढ़ावा दे रहा है।

 

*****

 

गुजरात में भी दुर्गा पूजा के अवसर पर हर्षोल्‍लास का माहौल है।

 

आज नवरात्रि के आठवें दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा हो रही है। आज आठवें दिन माताजी को निवेद यानी कि भोग लगाने का भी विशेष महत्व है। नवरात्रि में किए गए जप, तप और पूजा को आठवें दिन हवन के जरिए पूरा किया जाता है। आज आठवें दिन ज्यादातर घरों और मंदिरों में हवन और यज्ञ का खास आयोजन किया गया है। प्रवेश अडिएचा, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

 

*****

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता भगदड़ के घायलों से मुलाकात की। गृह मंत्री के साथ राज्‍य के मुख्‍यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी घायलों से मिलने अस्‍पताल गए। श्री शाह ने कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

 

*****

 

पश्चिम बंगाल में कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के मामले में आज स्थानीय अदालत ने सात लोगों को दस दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पंडाल में भगदड़ से 19 लोगों की मृत्यु हो गई थी और 25 घायल हो गए थे।

 

घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए विशेष कार्यबल ने भी जांच शुरू कर दी है। इस बीच राज्‍य के दुर्गा पंडालों में सुरक्षा व्‍यवस्‍था कड़ी कर दी गई है।

 

पश्चिम बंगाल में चोरबागान पूजा पंडाल में दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद महा-सप्तमी के अगले दिन का माहौल बिल्कुल बदल गया है। लोग पूजा पंडालों में भाग ले रहे हैं। पुलिस, नागरिक प्रशासन, आपदा प्रतिक्रिया विभाग और अग्निशमन तथा आपातकालीन विभाग राज्य के सभी पूजा पंडालों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। इसका उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करना और पंडालों में लोगों के आने-जाने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करना है। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।  

 

*****

 

फ्रांस में बढ़ती महंगाई और विद्यालयों की खराब स्थिति के विरोध में देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान लगभग एक हजार आठ सौ लोग गिरफ्तार किए गए हैं। कई शहरों में उपद्रवियों ने आगजनी की और सरकारी इमारतों पर हमले किए। पूरे फ्रांस में लगभग पांच लाख 50 हजार लोग प्रदर्शनों में शामिल हुए। पेरिस पुलिस ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। लेकिन इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। गृह मंत्री लॉरां नुनेज ने बताया कि 500 से अधिक पुलिसकर्मी और अग्निशमन कर्मी घायल हुए हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आज वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ आपातकालीन बैठक करेंगे। इसके बाद वह राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू ने हिंसा की निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन स्वीकार्य हैं, लेकिन आगजनी, लूटपाट और हमले बर्दाश्त नहीं किए जा सकते।

 

*****

 

शंघाई सहयोग संगठन -एससीओ की शासनाध्यक्ष परिषद की दो दिन की बैठक कल से ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे में शुरू हो रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत का प्रतिनिधित्‍व करेंगे। इस सम्मेलन में एससीओ सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग के विस्तार पर चर्चा होगी। व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, संपर्क सुविधा, नवाचार और सांस्कृतिक जनसंपर्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष बल दिया जाएगा। वर्तमान सहयोग गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और संगठन के वित्तीय और संस्थागत कामकाज से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

 

भारत शंघाई सहयोग संगठन के विभिन्न मंचों में सक्रिय रूप से भाग लेता रहा है। स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे तथा लोगों के बीच आपसी संपर्क और आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भी भारत क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने में योगदान देता रहा है। यह बैठक भारत को संगठन के अन्य सदस्य देशों के साथ व्यावहारिक और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा का अवसर प्रदान करेगी। समाचार कक्ष से मैं सरफिरोज़ी!

 

*****

 

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय समुदाय से मौजूदा स्थिति को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। दूतावास ने आज जारी परामर्श में कहा है कि हवाई हमले की स्थिति में तुरंत निकटतम सुरक्षित स्थान पर पहुंचें। परामर्श में भारतीय नागरिकों को मौजूदा घटनाक्रम से जुड़ी किसी भी जानकारी, तस्वीर या वीडियो को रिकॉर्ड करने, प्रकाशित करने या साझा करने से बचने की सलाह दी गई है।

 

दूतावास के अधिकारी घायल भारतीय नागरिकों के परिजनों के संपर्क में हैं और चिकित्‍सा सहित आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

 

इस बीच, रियाद का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उड़ानों के लिए बंद है। दम्माम, जेद्दा और मदीना के हवाई अड्डों पर परिचालन जारी है, हालांकि कुछ व्यवधान अब भी बने हुए हैं।

     

भारतीय विमानन कंपनियों ने सऊदी अरब की उड़ानों को 24 अक्तूबर तक स्थगित कर दिया है। वहीं, अकासा एयर ने भी 27 अक्तूबर तक उड़ानें निलंबित कर दी हैं।  

 

*****

 

उत्‍तर प्रदेश में वाराणसी के आईआईटी बीएचयू में आज “स्वास्थ्य और सहायक प्रौद्योगिकियों के लिए एआई” विषय पर सम्‍मेलन का आयोजन किया गया। इसे भारतीय सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क – एसटीपीआई तथा आईआईटी बीएचयू के नवाचार, इनक्यूबेशन और उद्यमिता केंद्र ने आयोजित किया। इस कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि कृत्रिम मेधा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने, नैदानिक निर्णय लेने की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने और सेवाओं की उपलब्धता तथा वितरण में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। यह विशेष रूप से उन समुदायों के लिए महत्वपूर्ण है, जिनकी स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित पहुंच है।

 

एसटीपीआई के महानिदेशक अरविंद कुमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि 1991 से भारत के आईटी/आईटीईएस उद्योग के विकास में एसटीपीआई ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्‍होंने कहा कि अब स्वदेशी नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से कृत्रिम मेधा के क्षेत्र में इस सफलता को दोहराने का अवसर है। आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और महत्वाकांक्षी नवोन्मेषकों के बीच उद्यमशीलता की सोच को पोषित करने के लिए व्‍यवस्थित संस्थागत ढांचा तैयार करने की आवश्‍यकता है। उन्‍होंने नवाचार और प्रौद्योगिकी-संचालित उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी बीएचयू की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। समाचार कक्ष से अमन यादव।

 

*****

 

मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुदुच्‍चेरी और कराईक्‍काल में 21 अक्‍तूबर तक तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश, केरलम, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं, कल आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुदुच्‍चेरी और कराईक्‍काल में बिजली और तेज हवाओं के साथ तूफान आने की आशंका है।

 

*****

 

एशियाई पैरा गेम्स आज से जापान के आइची-नागोया में शुरू हो गए हैं। उद्घाटन समारोह नागोया के पालोमा मिज़ुहो स्टेडियम में वाबी: हम खूबसूरत व्यक्ति हैं थीम के अंतर्गत आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने खिलाडियों को शुभकामनाएं दी हैं।

 

भारतीय पैरा एथलेटिक्स के मुख्य कोच सत्यनारायण ने कहा कि भारत के एक सौ पचास से अधिक खिलाडियों का लक्ष्य 100 से अधिक पदक जीतना है। इस प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण वेव्स ओटीटी ऐप और प्रसा र भारती स्पोर्ट्स के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।

 

*****

 

कुआलालंपुर में भारत के लोकेश सुब्रमानी ने मलेशिया स्क्वॉश जूनियर ओपन का खिताब जीत लिया है। लड़कों के अंडर-17 वर्ग के फाइनल में लोकेश ने मुहम्मद इफवत जुल्किफली को हराया।

 

*****

 

रायपुर में दूसरे महिला टी-20 क्रिकेट मैच में जिम्‍बाब्‍वे ने भारत को एक सौ तीन रन का लक्ष्‍य दिया है। जवाब में ताजा समाचार मिलने तक भारत ने दूसरे ओवर में बिना किसी नुकसान के 15 रन बना लिए हैं। भारत की निक्‍की प्रसाद ने सर्वाधिक दो विकेट लिए। तीन मैचों की श्रृंखला में भारत एक-शून्‍य से आगे है।

 

*****

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में कल रात साढ़े नौ बजे उपभोक्ता जागरूकता और संरक्षण विषय पर परिचर्चा चर्चा प्रसारित करेगा।

 

कार्यक्रम के दौरान श्रोता विषय से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं। हमारे टेलीफोन नंबर है : 011-23310481, 011-23717117, 011-23717106 और 011-23314444 । आप अपने प्रश्‍न व्हाट्सएप नंबर 928-909-4044 पर भी भेज सकते हैं।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. देशभर में दुर्गा पूजा का पर्व धार्मिक श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है।
  2. गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता भगदड़ में घायलों से मुलाकात की। सभी सात आरोपी 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेजे गए।
  3. फ्रांस में बढ़ती महंगाई और विद्यालयों की खराब स्थिति के विरोध में देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान हिंसक झडपों और लूटपाट के बाद पुलिस ने एक हजार आठ सौ लोग गिरफ्तार किए।
  4. तमिलनाडु, पुदुच्‍चेरी और कराईक्‍काल में बुधवार तक अत्‍यधिक तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
  5. एशियाई पैरा गेम्‍स जापान के आइची-नागोया में आरंभ। 100 पदक जीतने के लक्ष्‍य के साथ भारत के डेढ सौ से अधिक खिला‍ड़ी शामिल। 
  6. कुआलालम्‍पुर में भारत के लोकेश सुब्रमानी ने मलेशिया स्‍क्‍वॉश जूनियर ओपन खिताब जीता लिया है।

 

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.