मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न क्षेत्रों में महिला नेतृत्व में विकास को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों पर बल दिया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम अमरनाथ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध।
- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा – सीमावर्ती क्षेत्रों में बाड़ लगाने का काम शुरू।
- भारत ने अमरीकी दूतावास के उप-प्रमुख जेसन मीक्स को तलब कर भारतीय नाविकों वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमरीकी हमलों का कड़ा विरोध किया।
- दक्षिण कोरिया की एक अदालत ने उत्तर कोरिया में ड्रोन घुसपैठ और शक्ति के दुरुपयोग के लिए पूर्व राष्ट्रपति यून सुक योल को 30 वर्ष की कारावास की सजा सुनाई।
- पीवी सिंधु ऑस्ट्रेलियाई ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंची।
———-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में आज श्री मोदी ने कहा कि ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से अवसरों के नए रास्ते खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन और उद्यमिता से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, साफ़-सफ़ाई, आवास, खेल, विज्ञान और शासन तक, महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों में अहम भूमिका निभा रही हैं।
———–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ देश में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आकाशवाणी समाचार, इस अवसर पर “12 साल – विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” नाम से विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज के अंक में हम विदेश नीति के माध्यम से भारत को वैश्विक नेता के रूप में स्थापित करने की दिशा में सरकार के कदमों पर जानकारी दे रहे हैं।
पिछले 12 वर्षों में भारत अपनी साहसिक पहलों के दम पर एक मजबूत ग्लोबल लीडर के रूप में उभरा है। इन पहलों में बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का जज्बा और काम करने की लगन दोनों शामिल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इन कोशिशों को जिम्मेदारी और सब को साथ लेकर चलने की भावना से जोड़ा गया है। जिससे भारत की आवाज पूरी दुनिया में गूंज रही है, भारत ने इंडिया फर्स्ट के सिद्धांत को सबसे ऊपर रखते हुए अपनी विदेश नीति में नई ऊर्जा भरी है। पुराने रिश्तों को मजबूत किया है और नए दोस्त भी बनाए हैं। दुनियाभर में भारत के जुड़ाव का एक बहुत बड़ा हिस्सा मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्य है। नवम्बर 2025 में श्रीलंका के पूर्वी तट पर चक्रवात दित्वा टकराया था। जिसमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई। श्रीलंका के लोगों के साथ खड़े होकर भारत ने उन्हें तुरंत मानवीय सहायता और आपदा राहत पहुंचाने के लिए ऑपरेशन सागर बंधु शुरू किया। इस बचाव और राहत कार्य में भारतीय नौसेना, वायु सेना, थल सेना और आपदा प्रतिक्रिया के दलों ने मिलकर काम किया। भारत ने श्रीलंका को हर तरह की मदद दी। पानी साफ करने वाली किट, दवाएं व सर्जिकल उपकरण और साठ टन विशेष मशीनें शामिल थी। भारतीय नौसेना के जहाजों ने तमिलनाडु से एक हजार टन से ज्यादा राहत सामग्री पहुंचाई। भारतीय नौसेना के हैलीकॉप्टरों ने 264 लोगों की जान बचाकर उन्हें सुरक्षित निकाला और 50 टन सामग्री एयरलिफ्ट की। इसके अलावा वहां फंसे ढाई हजार से ज्यादा भारतीयों को भी सुरक्षित बाहर निकल गया। चक्रवात दित्वा के बाद प्रभावित इलाकों में रास्तों को फिर से जोड़ने और मजबूत करने के लिए भारत में 14 लोहे के अस्थाई पुल भेजें। भारत सरकार को धन्यवाद देते हुए श्रीलंका के बंदरगाह और नगर विमान उपमंत्री जनिथ रुवान कोदिथुवक्कु ने कहा कि भारत ने श्रीलंका के लोगों के प्रति प्यार और अपनापन दिखाया है। भारत की विदेश नीति की सबसे बड़ी सफलता कोविड महामारी के दौरान देखने को मिली। भारत ने वैक्सीन मैत्री पहल शुरू की जो इंसानों को ध्यान में रखकर की गई भारत की कूटनीति का एक बड़ा उदाहरण है। जनवरी 2021 से भारत ने 99 देशों संयुक्त राष्ट्र की दो संस्थाओं को 30 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज सप्लाई की है इसमें 50 से ज्यादा देशों को तोहफे में दी गई और कोवैक्स पहल के जरिए दी गई डोज शामिल है। वैक्सीन मैत्री के तहत भारत में अपनी पड़ोसी प्रथम नीति के अंतर्गत अपने पड़ोसी देशों को सबसे आगे रखा।
आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए बांग्लादेश के रहने वाले फिजिओथेरेपिस्ट और योग शिक्षक डॉ. ज्योतिष्को बिस्वास ने कहा –
इंडिया जो किया हमारे लिए वैक्सीन उस टाइम में खास रिस्पोंस किया और भेज दिया हम भी वह वैक्सीन लिया तो हमारे लिए बहुत अच्छा हुआ। हमारे रिलेटिव्स और देशवासियों के लिए भी एक बहुत अच्छा तोफा था इंडिया से, इसलिए हम बहुत कृतज्ञ हूं। पिछले 12 वर्षों में वैक्सीन मैत्री, ऑपरेशन सागर बंधु जैसी पहलों के जरिये भारत एक ग्लोबल लीडर के रूप में आगे आया है। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
———-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युएल मैक्रों रविवार को नीस में भारत इनोवेट्स शिखर सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि इस कार्यक्रम में पिछले 12 वर्ष के दौरान स्टार्टअप के क्षेत्र में भारत की महत्वपूर्ण यात्रा दिखाई जाएगी।
भारत सरकार की शिक्षा विभाग में प्रधानमंत्री जी की इस विजनरी सजेशंस को एक एक्शन में परिवर्तित किया है, एक बहुत क्रिटिकल स्क्रुटनी के माध्यम से हजारों प्रपोजल के माध्यम से 120 स्टार्टअप्स को सेलेक्ट किया गया है। 13 प्रायरिटी सेक्टर में 120 स्टार्टअप को इकट्ठा किया गया है और उसमें लगभग 20 से ज्यादा भारत की प्रीमीयर इंस्टीट्यूशंस की पार्टनरशिप रहा है।
देश में 2014 में स्टार्टअप्स की संख्या लगभग तीन सौ पचास थी। अब भारत में दो लाख 35 हजार से अधिक स्टार्टअप और 131 यूनीकॉर्न है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भारत अब स्टार्टअप के मामले में विश्व का तीसरा प्रमुख देश है।
पिछले 12 वर्षों में सरकार द्वारा किए गए अनेक सुधारो जैसे स्टार्टअप इंडिया की शुरुआत अटल इनक्यूबेशन सेंटरों की स्थापना फंड आफ फंड्स की व्यवस्था तथा अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने जैसे कदमों ने भारत के उद्यमिता परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया है। आज देश का स्टार्टअप इको-सिस्टम, डीप टेक्नोलॉजी, अंतरिक्ष, रक्षा, कृषि, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी और स्वच्छ ऊर्जा जैसे विविध क्षेत्रों तक विस्तारित हो चुका है। शिखर सम्मेलन में जिन स्टार्टअप्स को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा, उनमें मेडेवप्लस भी शामिल है। भारत फ्रांस इनोवेशन ईयर के अंतर्गत आयोजित यह सम्मेलन दोनों देशों के बीच उभरती प्रौद्योगिकियों, स्टार्टअप्स और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने का प्रयास है। आकाशवाणी समाचार के लिए नीस, फ्रांस से शैलेश मेनन जी की रिपोर्ट के साथ सकलेन अख्तर।
———-
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार श्रृद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम अमरनाथ यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। श्री शाह ने आज नई दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक में अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की और तीर्थ यात्रा के मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड बनाने का निर्देश दिया। एक रिपोर्ट-
बैठक के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने ड्रोन सीसीटीवी और आधुनिक निगरानी प्रणाली जैसी तकनीकों का उपयोग कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। श्री शाह ने कहा कि सीएफपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरी यात्रा के दौरान शिविर स्थलों पर प्रबंधों की लगातार निगरानी करेंगे। उन्होंने तीर्थ यात्रियों के पंजीकरण, रहने की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और आपदा प्रबंधन सहित सभी जरूरी सेवाओं के लिए के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। केंद्रीय मंत्री ने मौसम की मौजूदा स्थितियों और पूर्वानुमान के अनुसार तीर्थ यात्रियों के जत्थों की आवाजाही को नियंत्रित करने के भी निर्देश दिए। यह भी कहा गया कि यात्रा से जुड़े सभी स्थानीय लोगों और जानवरों का पंजीकरण किया जाए और उन्हें क्यू आर कोड वाले पहचान पत्र जारी किए जाएं। दीपेंद्र के साथ आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
श्री अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगी।
————
पश्चिम बंगाल में सीमावर्ती क्षेत्रों में बाड लगाने का कार्य शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आज कोलकाता में यह जानकारी दी। श्री अधिकारी ने इस परियोजना को राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला बताया। उन्होंने बताया कि लोग भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड लगाने के लिए अपनी जमीन दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जमीन के बदले आम आदमी को उचित कीमत दे रही है।
जमीन हैंडोवर करने का काम कर दिया। डेली हैंडोवर हो रहा है। अब तक 100 किलोमीटर के आसपास की जमीन हम लोग हैंडोवर कर दिया है। नॉर्थ बंगाल में कुछ एरिया जो चिकन नेक से लगा हुआ है उसमें हेलसिंग का काम बीएसएफ चालू भी कर दिया है। हम लोग समयबद्ध तरीके से यह भी पूरा करने का काम करेंगे, यह देश की सुरक्षा का सवाल है।
————
कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन ने आज राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एन.टी.ए के महानिदेशक अभिषेक सिंह के साथ बैठक में नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पुनर्परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी और सुरक्षित आयोजन के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर बल दिया। नीट पुनर्परीक्षा 21 जून को होगी।
इस बीच, एनटीए ने 21 जून को नीट यूजी पुनर्परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ाकर 195 मिनट कर दी है।
———-
विदेश मंत्रालय ने आज भारत में अमरीकी दूतावास के उप-प्रमुख जेसन मीक्स को तलब किया। मंत्रालय ने ओमान तट के निकट वाणिज्यिक जहाजों पर अमरीकी नौसेना के निरंतर हमलों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। इन जहाजों पर चालक दल के सदस्यों में भारतीय शामिल थे। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि असैन्य जहाज पर जानलेवा हमला और खतरनाक साधनों का उपयोग गंभीर चिंता का विषय है और यह बात अमरीका राजनयिक को बताई गई। इसी तरह के एक हमले में जहाज पर तैनात तीन भारतीय मारे गए।
———
पश्चिम एशिया में संघर्ष रोकने के राजनयिक प्रयासों से अब तक कोई हल नहीं निकला है। ईरान ने कहा है कि अमरीका के साथ प्रस्तावित समझौते पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इससे पहले, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा था कि बातचीत में जल्द ही सफलता मिल सकती है। एक रिपोर्ट-
पश्चिम एशिया के लिए यह नई कूटनीतिक कोशिश बहुत महत्वपूर्ण मोड़ पर हो रही है। राष्ट्रपति ट्रंप की हमले रद्द करने की घोषणा से, कुछ समय के लिए यह उम्मीद जगी थी कि इलाके में बड़े टकराव को टाला जा सकता है। हालांकि, ईरान का कहना है कि किसी भी अंतिम समझौते को मंज़ूरी नहीं मिली है और कई बड़े मुद्दे अभी भी नहीं सुलझे हैं। मुख्य अड़चनों में ईरान का परमाणु कार्यक्रम, रोकी गई संपत्ति की बहाली और होर्मुज़ जलडमरूमध्य से जुड़ी भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था शामिल हैं। भले ही बातचीत करने वाले पर्दे के पीछे काम कर रहे हों, लेकिन पूरे इलाके में सैन्य गतिविधियां जारी हैं, जिससे यह खतरा बना हुआ है कि कोई भी गलत कदम कूटनीतिक प्रगति को तेज़ी से पटरी से उतार सकता है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर ड्रोन हमले करने का आरोप लगाया है। उनका यह बयान भारत में अमरीकी दूतावास के उप प्रमुख जेसन मीक्स को तलब कर हमलों का कड़ा विरोध करने के बाद आया है।
————
दक्षिण कोरिया की एक अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति यून सुक योल को आज 30 वर्ष की जेल की सजा सुनाई। अदालत ने उन्हें उत्तर कोरिया के साथ तनाव बढ़ाने के लिए ड्रोन घुसपैठ का आदेश देने और दिसंबर 2024 में मार्शल लॉ लागू करने को उचित ठहराने का दोषी पाया। पूर्व रक्षा मंत्री किम योंग-ह्यून को भी इस मामले में 30 वर्ष की सजा सुनाई गई है।
————
पीवी सिंधु ऑस्ट्रेलियाई ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गईं हैं। सिंधु ने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की चेन सु यू को हराया। सेमीफाइनल में उनका सामना जापान की अकाने यामागुची से होगा।
———–
फीफा विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट में आज ग्रुप बी के मैच में सह-मेजबान कनाडा का मुकाबला बोस्निया-हर्ज़ेगोविना से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात साढ़े 12 बजे शुरू होगा।
———–
10वां आईसीसी महिला टी-20 क्रिकेट विश्व कप आज से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मैच आज रात 11 बजे से इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा।
———–
मौसम विभाग ने कल असम और मेघालय में मूसलाधार वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल पूर्वोत्तर क्षेत्र, बिहार, केरल, माहे, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तराई क्षेत्रों में तेज वर्षा की आशंका है। इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून आज उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा तथा झारखंड में और आगे बढ़ गया है।
कल दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, कोंकण और गोवा में बिजली चमकने और तेज हवा चलने की संभावना है। अगले दो दिनों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईक्काल और छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह के मौसम की संभावना है।
———-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न क्षेत्रों में महिला नेतृत्व में विकास को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों पर बल दिया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम अमरनाथ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध।
- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा – सीमावर्ती क्षेत्रों में बाड़ लगाने का काम शुरू।
- भारत ने अमरीकी दूतावास के उप-प्रमुख जेसन मीक्स को तलब कर भारतीय नाविकों वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमरीकी हमलों का कड़ा विरोध किया।
- दक्षिण कोरिया की एक अदालत ने उत्तर कोरिया में ड्रोन घुसपैठ और शक्ति के दुरुपयोग के लिए पूर्व राष्ट्रपति यून सुक योल को 30 वर्ष की कारावास की सजा सुनाई।
- पीवी सिंधु ऑस्ट्रेलियाई ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंची।
*****