June 11, 2026 9:57 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अनिश्चितता के माहौल के बीच भारत की विकास गाथा विश्व को निरंतर प्रेरित कर रही है। श्री मोदी ने नई दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता की।
  2. केंद्र सरकार और असम तथा नागालैंड ने कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के अन्वेषण और उत्पादन के लिए समझौता किया।
  3. भारत ने ओमान तट के पास तेल टैंकर पर अमरीकी हमले में तीन भारतीय नाविकों के मारे जाने की कड़ी निंदा की। अमरीका के प्रभारी राजदूत को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
  4. ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन में पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा सिंगल्‍स क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
  5. फीफा विश्व कप आज रात रंगा-रंग उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होगा। पहले मुकाबले में मेजबान मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका होंगे आमने-सामने। 

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अनिश्चितता के माहौल के बीच भारत की विकास गाथा विश्व को निरंतर प्रेरित कर रही है। उन्होंने आत्मनिर्भरता के प्रति राष्ट्र के संकल्प को और मजबूत करने पर बल दिया तथा विशेष रूप से नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में वैश्विक उत्‍कृष्‍ट पद्धतियां अपनाने और लागू करने के महत्व को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पहली बार 28 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और प्रशासक शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्र और राज्यों को मिलकर काम करना होगा।

 

*****

 

नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने बताया है कि बैठक के दौरान मुख्यमंत्रियों की दूरदर्शी टिप्पणियों और उनके राज्यों में किए गए कार्यों से नीति आयोग को लाभ हुआ।

 

गवर्निंग काउंसिल की बैठक का विषय ‘विकसित भारत 2047’ के लिए समावेशी मानव विकास था।

इसमें राज्यों ने अपने कामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस समावेशी मानव विकास में जीवन के चारों चरण शामिल हैं – बचपन, युवावस्था, कामकाजी जीवन और बुढ़ापा।

 

*****

 

केंद्र सरकार और असम तथा नागालैंड ने कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के अन्वेषण और उत्पादन के लिए त्रिपक्षीय समझौता किया। यह समझौता नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो की उपस्थिति में हुआ। गृहमंत्री ने कहा कि यह निर्णय राष्ट्र प्रथम और सहकारी संघवाद की भावना को दर्शाता है।

 

आज हम सब एक ऐतिहासिक क्षण के साक्षी हो रहे हैं। ऑयल और नेचुरल गैस के एक्‍सप्लोरेशन की संभावनाएं बढ़ी है, मिनरल की भी खनन की संभावना खड़ी होती है। दोनों राज्‍यों ने ये निर्णय किया 50 – 50 प्रतिशत कर कर भारत के तेल के उत्‍खनन में बाधा न बने। क्‍यूंकि राष्‍ट्रीय संपदा है और मुझे लगता है ये भाव बहुत महत्‍वपूर्ण है।

 

*****

 

भारत ने ओमान तट पर जहाज एम.टी. सेट्टेबेलो पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। इसमें तीन भारतीयों की मौत हो गई थी। नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस संबंध में सरकार ने अमरीका के प्रभारी राजदूत को तलब किया और कड़ा विरोध दर्ज कराया।

 

हम अपने नाविकों के कल्याण और सुरक्षा को बहुत महत्व देते हैं। क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। ये हमले तुरंत बंद होने चाहिए। हम संवाद और कूटनीति का भी आह्वान करते हैं, ताकि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और स्थिरता बहाल हो सके।

 

नाविक कल्याण कोष समिति को प्रत्येक मृतक नाविक के परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया गया है। इस बीच, पत्तन पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि अधिकरियों को एमटी सेट्टेबेलों से 21 बचे भारतीयों की जल्‍द वापसी और मृत नाविकों के के शवों को शीघ्र स्‍वदेश लाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

*****

 

उधर, आज उत्तरी ओमान के शिनास बंदरगाह के पास एक वाणिज्यिक टैंकर एमटी जलवीर में आग लग गई है। इस जहाज पर करीब 20 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार है। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पिछले 72 घंटों में ओमान के जलक्षेत्र में भारतीय चालक दल वाले जहाजों से जुड़ी यह तीसरी घटना है।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए रविवार को फ्रांस और स्लोवाकिया के पांच दिन के दौरे रवाना होंगे। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय में पश्चिमी मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज ने बताया कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा अत्यंत उपयोगी और व्यापक होगी। श्री जॉर्ज ने बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर श्री मोदी 52वें जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।

 

यह दौरा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्‍सा लेने वाले विश्व नेताओं के साथ, भारत और ग्‍लोबल साउथ के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगा। यह जी7 शिखर सम्मेलन में भारत की 13वीं भागीदारी और प्रधानमंत्री मोदी की जी7 शिखर सम्मेलन में लगातार सातवीं भागीदारी होगी।

 

श्री मोदी 14 जून से 16 जून तक स्लोवाकिया में रहेंगे। 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का स्लोवाकिया का पहला दौरा होगा।

 

*****

 

भारत ने मालदीव सरकार को खसरे के टीके की 20 हजार खुराक और लगभग 3 टन चिकित्सा सामग्री की खेप भेजी है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह सहायता मालदीव में खसरे के बढ़ते मामलों से निपटने और सरकार के राहत प्रयासों को मजबूत करने में सहायक होगी।

 

*****

 

उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि भारत ने वर्ष 2025-26 में अनाज उत्पादन का नया रिकॉर्ड बनाया है। इस दौरान चावल और गेहूं का उत्पादन अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया है। श्री जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि देश की खाद्य सुरक्षा को और सुदृढ़ करेगी, किसानों को सशक्त बनाएगी और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाएगी। 

 

*****

 

वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि भारत का वस्त्र बाजार वर्ष 2014-15 में लगभग आठ लाख पचास हजार करोड़ रुपये का था, जो वर्तमान में बढ़कर 16 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि कृषि के बाद वस्त्र उद्योग देश में सबसे अधिक रोजगार देने वाला क्षेत्र है।

 

एक्‍स्‍पोर्ट भी लगभग दो लाख तैंतीस हजार पांच सौ 36 करोड़ का दस साल में हुआ और मोदी जी के कार्यकाल में तीन लाख 25 हजार तीन सौ 39 करोड़ का हुआ।

 

*****

 

पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांतों के आधार पर भारत में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आकाशवाणी समाचार, इस अवसर पर “12 साल – विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” नाम से विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज बात सरकार द्वारा गरीबों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों के बारे में।  

 

पिछले 12 वर्षों में, केन्द्र सरकार ने गरीबों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए, कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की। गरीबों के लिए पक्का घर उपलब्ध कराना, मोदी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत, ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए, चार करोड़ से अधिक घर आवंटित किए गए। वहीं खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत, देशभर के 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। ओडिशा के कालाहांडी जिले के, इंद्रमणि नायक ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि इस योजना से, गरीब लोगों को बहुत लाभ मिल रहा है।

 

दुनिया की सबसे बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य योजना – आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत, जरूरतमंद परिवारों को पांच लाख रुपये तक का, स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है। देशभर में अब तक लगभग 10 करोड़ 82 लाख लोगों ने आयुष्मान भारत योजना के तहत, कैशलेस इलाज का लाभ लिया है।

 

जम्मू-कश्मीर के बारामूला के रहनेवाले फ़ैयाज़ अहमद ने कहा कि यह योजना, आपातकालीन परिस्थितियों में, गरीब लोगों के इलाज में बहुत मददगार साबित हो रही है।

 

वहीं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों पर, लोगों को सस्ती दरों पर जेनेरिक दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत की, जिसके तहत अबतक 10 करोड़ 55 लाख से अधिक महिलाओं को मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन दिए गए। वहीं, सड़क किनारे कारोबार करने वाले, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को, ऋण देने के लिये शुरू की गई – पीएम स्वनिधि योजना के तहत, अब तक एक करोड़ 12 लाख से अधिक लोगों को ऋण दिए जा चुके हैं। भारत ने सामाजिक सुरक्षा में, महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2015 में 19 प्रतिशत लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल रहा था जो वर्ष 2025 में बढ़कर 64 प्रतिशत से अधिक हो गया है। सरकार द्वारा किये गये प्रयासों से लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*****

 

फीफा विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट आज से रंगारंग कार्यक्रम के साथ शुरू हो रहा है। उद्घाटन मैच में आज रात साढे बारह बजे से मेजबान मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा। यह टूर्नामेंट 19 जुलाई तक अमरीका, कनाडा और मैक्सिको में आयोजित किया जाएगा। एक रिपोर्ट-

 

फीफा विश्व कप का यह अब तक का सबसे बड़ा संस्करण है। इसमें पहली बार 48 टीम भाग ले रही हैं। मेजबान देश अमरीका, कनाडा और मैक्सिको को विश्‍व कप में सीधे प्रवेश मिला है। विश्‍व कप के इतिहास में अब तक ब्राजील, इटली, जर्मनी, स्‍पेन, अर्जेंटीना, इंग्‍लैंड, फ्रांस और उरुग्‍वे ने फीफा ट्राफी जीती है। टूर्नामेंट में 12 ग्रुप हैं, प्रत्येक ग्रुप में चार-चार टीमें शामिल हैं। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सीधे नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी। प्रतियोगिता में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें 72 ग्रुप स्टेज और 32 नॉकआउट मुकाबले शामिल होंगे। फाइनल 19 जुलाई को खेला जाएगा। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।

 

*****

 

पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन के सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं हैं। सिंधु ने ईशरानी बरुआ को और तन्वी ने मालविका बंसोड़ को हराया।

 

*****

 

मौसम विभाग ने शनिवार तक देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है और कल शाम तक तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका व्‍यक्‍त की है। पूर्वोत्तर भारत और हिमालय की तराई वाले पश्चिम बंगाल में 17 जून तक मूसलाधार बारिश का अनुमान है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में कल शाम तक बारिश का अनुमान है।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अनिश्चितता के माहौल के बीच भारत की विकास गाथा विश्व को निरंतर प्रेरित कर रही है। श्री मोदी ने नई दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता की।
  2. केंद्र सरकार और असम तथा नागालैंड ने कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के अन्वेषण और उत्पादन के लिए समझौता किया।
  3. भारत ने ओमान तट पर तेल टैंकर पर अमरीकी हमले में तीन भारतीय नाविकों के मारे जाने की कड़ी निंदा की। अमरीका के प्रभारी राजदूत को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
  4. ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन में पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा सिंगल्‍स क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
  5. फीफा विश्व कप आज रात रंगा-रंग उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होगा। पहले मुकाबले में मेजबान मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका होंगे आमने-सामने।

 

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.