मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाएं निश्चित रूप से पूरी होने का आश्वासन दिया। कहा- विकसित भारत सभी देशवासियों का सपना होना चाहिए।
- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने श्री मोदी को लगातार देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी।
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण को और आंध्र प्रदेश के अमरावती में ढांचागत परियोजनाओं को स्वीकृति दी।
- सरकार ने वस्त्रों के लिए पीएलआई योजना के तीसरे चरण के अंतर्गत 96 कंपनियों को मंजूरी दी। इन कंपनियों ने लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
- रक्षा मंत्रालय संचालन सुरक्षा बढ़ाने के लिए नौसेना के जहाजों के लिए 20 आधुनिक जैमर खरीदेगा।
- ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन में पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश के 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाएं अवश्य पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन -एनडीए ने हमेशा देश के भरोसे को मजबूत किया है। नई दिल्ली में एनडीए की बैठक में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विश्वासघात के बाद देश की जनता ने एनडीए सरकार पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि 2014 में आशा की जो किरण जगी थी, वह आज नए आत्मविश्वास की किरण में बदल गई है। उन्होंने कहा कि पहली बार देश की जनता ने देखा है कि जब कोई सरकार सही इरादों से चलाई जाती है, तो विकास भी तेजी से होता है।
एनडीए सरकार के इन 12 वर्षों में 25 करोड़ से ज्यादा लोगों का गरीबी से बाहर निकलना यह दिखाता है कि हमारी नीतियां सही हैं। हमारी दिशा सही है। यह सफलता आज देश के हर उस व्यक्ति को एक भरोसा देती है कि एक ना एक दिन उसका संघर्ष भी खत्म होगा। एक दिन उसके सपने भी पूरे होंगे।
श्री मोदी ने कहा कि देश लगातार विकास के नये किर्तिमान स्थापित कर रहा है।
एनडीए की बारह वर्षों की उपलब्धियों की एक और विशेषता है। हमें यह उपलब्धियां वैश्विक अस्थिरता और अशांति के दौर में हासिल हुई है। दुनिया के बड़े–बड़े देशों की अर्थव्यवस्थाएं संघर्ष कर रही हैं। तब भी 2025-26 में भारत ने 7 प्वाइंट 7 परसेंट की ग्रोथ रेट हासिल की है और पिछला र्क्वाटर तो जो 31 मार्च को खत्म हुआ उसमें भी भारत की ग्रोथ 7 प्वाइंट 8 परसेंट रही।
श्री मोदी ने कहा कि एनडीए राष्ट्र की सेवा और विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए नए जोश के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा।
महिलाओं को आरक्षण, तीन तलाक के खिलाफ कानून, सीएए का कानून, भारतीय न्याय सहिंता, सैनिकों को वन–रैंक–वन–पेंशन एनडीए सरकार, राष्ट्र हित में कोई भी काम करने से पीछे नहीं रही और हम सभी को इस बात पर गर्व है। मैं आज देश को फिर आश्वस्त करूंगा, देश हित के बड़े फैसलों का यह सिलसिला और भी तेज होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता ने राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक स्थिरता के महत्व को समझ लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत सभी देशवासियों का सपना होना चाहिए।
आज देश का हर नागरिक विकसित भारत के सपने से भरा हुआ है। विकसित भारत का सपना अब किसी एक व्यक्ति का नहीं रहा, किसी सरकार का नहीं रहा, किसी दल का नहीं रहा, देश के जन–जन का सपना बन चुका है, संकल्प बन चुका है और इस सपने की पूर्ति के लिए हमें अपना हर पल समर्पित करना है। एनडीए के बारह वर्षों की बड़ी सफलता यह भी है कि देश कांग्रेस के कूचक्र से आजाद हुआ है।
इससे पहले, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन -एनडीए ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने की उपलब्धि पर बधाई देते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। प्रस्ताव पेश करते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। श्री मोदी इस महान राष्ट्र के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने के लिए सही समय पर, सही स्थान पर, सही नेता हैं। गठबंधन के सभी घटक दलों के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेता और एनडीए शासित सभी 22 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी बैठक में शामिल हुए।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी० पी० राधाकृष्णन और केन्द्रीय मंत्रियों ने इस उपलब्धि पर श्री मोदी को बधाई दी है।
*****
प्रधानमंत्री को दुनिया भर से बधाई संदेश आ रहे हैं। एक रिपोर्ट………
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत चांद पर पहुंच गया और अब वह आसमान की ऊंचाइयों को छूने का लक्ष्य बना रहा है। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने दोनों देशों के लोगों के लिए नए अवसर सृजित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के साथ काम करने की इच्छा व्यक्त की। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी की वर्षों की समर्पित सेवा और नेतृत्व को दर्शाती है। डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेते फ्रेडरिक्सन ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए उनके साथ काम जारी रखने की इच्छा व्यक्त की। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्षों से आर्थिक और विकासात्मक प्रगति का मार्गदर्शन किया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायका, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे और त्रिनिदाद तथा टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद–बिसेसर ने ग्लोबल साउथ के लिए श्री मोदी प्रयासों की सराहना की। समाचार कक्ष से जया भारती।
*****
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज एक प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री को बधाई दी। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह प्रस्ताव श्री मोदी की राष्ट्र के प्रति निरंतर सेवा में कई प्रतिबद्धताओं और उपलब्धियों को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री को बधाई देने के लिए सात सूत्रीय प्रस्ताव पारित किया।
उनके नेतृत्व में भारत के 25 करोड से अधिक गरीबों ने गरीबी को परास्त किया है। राष्ट्र सेवा के प्रति माननीय प्रधानमंत्री जी के अद्वितीय समर्पण एवं अथक परिश्रम के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ बनाने एवं भारत के हितों की रक्षा हेतु और समावेशी विकास एवं सामाजिक न्याय की दिशा में किए गए उनके प्रयासों की सराहना करता हैं और विकसित भारत के निर्माण की उनकी दूरदर्शी संकल्प और नेतृत्व के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त करता हैं।
इस बीच, मंत्रिमंडल ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण को भी मंजूरी दे दी है। इसमें कोटेश्वर रोड से हवाई अड्डे तक का गलियारा शामिल है। आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने आंध्र प्रदेश के अमरावती में केंद्र सरकार की दो प्रमुख ढांचागत परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी। इन परियोजनाओं से बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होगा।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ देश में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आकाशवाणी समाचार 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के – बारे में एक विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज बात युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के प्रयासों की।
पिछले 12 वर्षों में सरकार ने देश की युवा शक्ति को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 12 करोड़ से अधिक नए उद्यमियों को ऋण प्रदान किया गया है, जिससे युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिली है। सरकार युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए सशक्त बना रही है, जिससे वे नौकरी तलाशने वाले नहीं बल्कि, रोजगार देने वाले बन रहे हैं। छत्तीसगढ़ के रायपुर की महिला उद्यमी ईशा पटेल ने बताया कि कैसे उन्होंने घर पर खाना बनाने से शुरुआत करने से लेकर एक सफल कैफे व्यवसाय स्थापित करने तक की यात्रा की।
यूथ को लगता है कि हमारे पास फंडिंग नहीं है। बट वो गवर्नमेंट स्कीम के बारे में अवेयर नहीं हैं। तो मैं अपने साइड से यही उन्हें सजेशन देना चाहूंगी, आप थोड़ा रिसर्च करो जैसे मुद्रा लोन भी है वैसे पीएम ईजीपी लोन भी है कई लोन हो आपको विदआउट मोर्गेज मिल रहे हैं। आप में पोटेंशियल है, तो आप जॉब ड्रॉप करो क्योंकि स्काई हैज़ नो लिमिट्स फोर यू
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत एक करोड़ 60 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। कुशल युवाओं की बढ़ती संख्या, मेक इन इंडिया पहल को नई ऊर्जा दे रही है। रोजगार मेलों के माध्यम से 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं, जिससे युवाओं के रोजगार के सपने साकार हो रहे हैं। देश में दो लाख बीस हजार से अधिक स्टार्टअप्स ने 23 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। वहीं, छात्रों द्वारा 16 लाख नवाचार परियोजनाएं विकसित की गई है। प्रधानमंत्री सेतु योजना के तहत एक हजार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों–आई.टी.आई. के आधुनिकीकरण के लिए 60 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं, जिससे युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान किया जा सकेगा। सरकार के सहयोग और देश की युवा शक्ति के प्रयासों से भारत के विकास का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। अनुपम मिश्रा के साथ सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*****
सरकार ने वस्त्रों के लिए उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना के तीसरे चरण के अंतर्गत 22 नए आवेदकों को मंजूरी दी है। वस्त्र मंत्रालय ने बताया है कि इसमें कुल 96 कंपनियों का चयन किया गया है। इन कंपनियों ने 12 हजार 822 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने का आश्वासन दिया है और इसका अनुमानित कारोबार 58 हजार करोड़ रुपये से अधिक है।
*****
रक्षा मंत्रालय ने आज भारतीय नौसेना के लिए उन्नत क्षमता के 20 वैश्विक दिशा सूचक उपग्रह प्रणाली-जी.एन.एस.एस. जैमर की खरीद के लिए चार सौ 49 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। इसमें न्यूनतम 75 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री का प्रावधान शामिल है। यह प्रणाली दुश्मन की उपग्रह आधारित दिशा सूचक प्रणाली को बाधित कर, उसकी संचालन क्षमता को कमजोर कर सकती है।
*****
सरकार ने सूक्ष्म वित्त संस्थानों के लिए दूसरे चरण की ऋण गारंटी योजना की वैधता को इस वर्ष 31 अगस्त तक या 20 हजार करोड़ रुपये की गारंटी जारी होने तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। अब तक कुल सात सौ 70 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं। योजना का उद्देश्य राष्ट्रीय ऋण गारंटी ट्रस्टी कंपनी लिमिटेड के माध्यम से ऋण गारंटी सहायता प्रदान करना है।
*****
भारत में वर्ष 2014-15 से 2025-26 के बीच 843 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ है जो इस अवधि से पिछले 12 वर्षों की तुलना में 169 प्रतिशत अधिक है। उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के अनुसार वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत में 2025-26 में 94 अरब डॉलर से अधिक का ऐतिहासिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ है।
*****
नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत विश्व की सबसे महत्वपूर्ण सफलताओं में से एक है। नई दिल्ली में श्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से लगभग 42 लाख परिवारों को लाभ हुआ है।
*****
मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर पश्चिम भारत में 13 जून तक बारिश होने की संभावना है। अगले पांच से सात दिन के दौरान उत्तर पश्चिम और उत्तर पूर्व भारत में तेज वर्षा का अनुमान है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की संभावना है।
*****
ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स में पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। सिंधु ने पेरू की इनेस कैस्टिलो को हराया और तन्वी शर्मा ने चीनी ताइपे की चियू पिन-चियान को मात दी।
*****
उधर, कार्डिफ में महिला टी-20 विश्व कप के वार्म अप मैच में इंग्लैंड ने भारत को पांच रन से हराया।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाएं निश्चित रूप से पूरी होने का आश्वासन दिया। कहा- विकसित भारत सभी देशवासियों का सपना होना चाहिए।
- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने श्री मोदी को लगातार देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी।
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण को और आंध्र प्रदेश के अमरावती में ढांचागत परियोजनाओं को स्वीकृति दी।
- सरकार ने वस्त्रों के लिए पीएलआई योजना के तीसरे चरण के अंतर्गत 96 कंपनियों को मंजूरी दी। इन कंपनियों ने लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
- रक्षा मंत्रालय संचालन सुरक्षा बढ़ाने के लिए नौसेना के जहाजों के लिए 20 आधुनिक जैमर खरीदेगा।
- ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन में पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा सिंगल्स के प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंची।
*****