June 9, 2026 9:40 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-

 

  1. भारत ने पाकिस्तान के कब्‍जे वाले जम्मूकश्मीर में प्रदर्शनकारियों पर घातक कार्रवाई में 30 नागरिकों की मौत पर गहरी चिंता व्यक्त की। पाकिस्‍तान पर मानवाधिकार उल्लंघनों को छिपाने के लिए फर्जी खबरों का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया।
  2. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा – पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार की विदेश नीति देश की मूल लक्ष्यों के अनुरूप।
  3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में बदलती सुरक्षा स्थिति पर कुवैत के अमीर से टेलीफोन पर बात की।
  4. सरकार ने कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का बोझ कम करने के लिए तेल विपणन कंपनियों को एक लाख 23 हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी।
  5. गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा पार माल और यात्री आवागमन को डिजिटल और सुव्यवस्थित करने के लिए भूमि पत्‍तन प्रबंधन प्रणाली का उद्घाटन किया।
  6. रक्षा मंत्रालय दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश में बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली के साथ 250 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करेगा।

 

*****

 

विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के कब्‍जे वाले जम्‍मू-कश्मीर में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की बर्बरता की कई रिपोर्टों की पुष्टि की है। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने कहा उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान को उसके कृत्‍यों और दुर्व्यवहारों के लिए जवाबदेह ठहराएगा।

 

पाकिस्तान के कब्‍जे वाले जम्‍मू-कश्मीर में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों में 30 से अधिक लोग मारे गए हैं और लगभग 200 अन्य घायल हुए हैं। आर्थिक और राजनीतिक शिकायतों को लेकर विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व कर रहे संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी पर प्रतिबंध लगाने के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान से लगातार आ रही फर्जी खबरों और वीडियो के बारे में भी बताया।

 

पाकिस्तान की ओर से फर्जी खबरों और वीडियो का एक सिलसिला लगातार देखने को मिला है। यह अपनी विफलताओं को छुपाने और अपने मानवाधिकारों के उल्लंघन, हनन से ध्यान भटकाने का पाकिस्तान का हताशा पूर्ण प्रयास है।

 

अफगानिस्‍तान की जनता के कल्याण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, श्री जायसवाल ने कहा कि भारत खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा और दवा सहायता से संबंधित उपायों के माध्यम से अफगानिस्तान की सहयता जारी रखे हुए है।

 

श्री जायसवाल ने बताया कि एम टी मैरिवैक्‍स जहाज के चालक दल के सभी 24 सदस्‍यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

 

जब ये हादसा हुआ उस समय तुरंत ही हमारे भारतीय दूतावास जो की ओमान में है तुरंत एक्शन में आए और वहां ओमनी अधिकारियों से उन्होंने संपर्क किया तुरंत उन्होंने कार्यवाही की और 24 भारतीय नागरिक को सुरक्षित वहां से निकला गया। यह सभी नागरिक, हमारे नागरिक सुरक्षित हैं।

 

*****

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि भारत की विदेश नीति उसके मूल राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप है। डॉ. जयशंकर ने डीडी न्‍यूज को दिए एक साक्षात्‍कार में कहा कि विदेश नीति और कूटनीति सामाजिक सुरक्षा और राष्ट्रीय विकास पर केंद्रित सरकार की प्राथमिकताओं के साथ एकीकृत हो गई हैं।

 

हमने उन देशों के साथ लगातार बातचीत जारी रखी जो तेल, गैस, एलएनजी, एलपीजी तथा उर्वरकों के उत्पादक हैं। क्योंकि यह राष्ट्रीय हित का विषय है। इसलिए विदेश नीति पूरी तरह से उस समय के प्रमुख राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप संचालित होती है।

 

डॉ. जयशंकर ने कहा कि चाहे प्राकृतिक आपदा हो, आर्थिक संकट हो या कोविड-19 महामारी जैसी स्थितियां, दुनिया भारत को संकट की स्थिति में पहले सहायता प्रदान करने वाले देश के रूप में देखती है। डॉ. जयशंकर ने बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच प्रमुख क्षेत्रों में भारत की संतुलित भागीदारी पर भी जोर दिया।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में बदलती सुरक्षा स्थिति पर आज कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल सबाह से टेलीफोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री ने तनाव बढ़ने पर गहरी चिंता व्यक्त की और कुवैत की संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता पर हमलों की निंदा की। उन्होंने शांति और स्थिरता शीघ्र बहाल करने तथा तनाव कम करने के लिए संवाद और कूटनीति की आवश्‍यकता पर बल दिया।

 

*****

 

केंद्र सरकार ने कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बोझ से उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए तेल विपणन कंपनियों को लगभग एक लाख 23 हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है। सरकारी सूत्रों के अनुसार यह सहायता पश्चिम एशिया संघर्ष के शुरुआती 78 दिनों के लिए दी गई है। इसमें उत्पाद शुल्क में कटौती भी शामिल है।

 

सूत्रों ने बताया कि सोने के आयात में कमी आई है और अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर पर कोई दबाव नहीं है।

 

*****

 

गृहमंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्‍ली में भूमि पत्तन प्रबंधन प्रणाली- विनिमय का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्‍य डिजिटल माध्‍यम से सीमा पार व्‍यापार और यात्रियों की आवाजाही को अधिक सुगम, पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है। भूमि पत्तनों के बीच संचालन के लिए बनाई गई इस प्रणाली से रसद और विनियामक संबंधी सुरक्षित और पल-पल की जानकारी का आदान-प्रदान किया जा सक‍ेगा। इस अवसर पर श्री शाह ने कहा कि यह आधुनिक और प्रौद्योगिकी संचालित सीमा प्रबंधन प्रणाली के निर्माण की दिशा में एक महत्‍वपूर्ण कदम है।

 

हमारी स्मार्ट बॉर्डर की संकल्पना में लैंड पोर्ट अथॉरिटी का बहुत बड़ा योगदान आने वाले दिनों में। ये जो लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम और स्मार्ट बॉर्डर की संकल्पना यह दो मिलकर एक प्रकार से अभेद और सुरक्षित बॉर्डर का निर्माण करेंगे इसमें मेरे मन में कम से कम कोई शंका नहीं है।

 

*****

 

रक्षा मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली सहित 250 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह 850 एकड़ की रक्षा भूमि पर स्थापित की जाएगी। रक्षा मंत्रालय की अपनी तरह की पहली परियोजना में रक्षा भूमि पर एकीकृत बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली सहायता के साथ बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा उत्पादन होगा।

 

इससे रक्षा प्रतिष्ठानों के लिए पारंपरिक ग्रिड बिजली की खरीद पर खर्च में काफी कमी आने की उम्मीद है।

 

*****

 

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के मुख्यालय का दौरा किया और 21 जून को नीट की पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यालय के बाहर पत्रकारों से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रश्न पत्रों की तैयारी से लेकर बाद की प्रक्रियाओं तक, पूर्ण गोपनीयता बनाए रखते हुए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए हैं।

 

सभी राज्य के मुख्यमंत्रियों को अनुरोध पत्र लिखा है। उनका पहले भी सहयोग रहा है इस बार और भी थोडा ध्यान दिया जाए। इस बीच अनेक राज्‍य के मुख्यमंत्री अपने राज्य की निजी उपस्थिति में डिस्ट्रिक्‍ट कलेक्‍टर की मीटिंग, एसपी की मीटिंग राउंड शुरू किये हैं। जिसमें एनटीए के डीजी स्‍वंय यहां ऑनलाइन जुडते हैं। अनेकों राज्‍यों की एक मीटिंग होती है। आज जैसे बिहार की मीटिंग। आने वाले दिनों में भारत सरकार की गृह सचिव भी इस पर एक उच्‍च स्‍तरीय मीटिंग लेने वाले हैं।

 

श्री प्रधान ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले के बारे में कहा कि सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।

 

इस बीच, दिल्ली की एक अदालत ने आज नीट-यूजी पेपर लीक मामले में आरोपी मनीषा वाघमारे की जमानत याचिका खारिज कर दी है। मामले की जांच कर रही सीबीआई ने अदालत में कहा कि पुणे स्थित शिक्षा सलाहकार वाघमारे ने पैसे के बदले विद्यार्थिंयों को परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक किए।

 

*****

 

सरकार ने मनरेगा के स्‍थान पर विकसित भारत – रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण की गारंटी अधिनियम – जी राम जी को सुचारू रूप से लागू करने को लेकर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 95 हजार 692 करोड़ रुपये के अंतरिम बजट आवंटन का प्रस्ताव रखा है। ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक के बाद इसकी घोषणा की।

 

विकसित भारत जी राम जी ये अधिनियम 1 जुलाई से लागू होने वाला, कोई दिक्कत मजदूर को न आये और विकास ग्रामीण भारत के गांव को वो भी चलता रहे। इसलिए राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इंकिम एलोकेशन का प्रस्ताव 95 हजार छह सौ 92 करोड़ का अंतरिम आवंटन प्रस्‍तावित किया गया है।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के आधार पर भारत में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

 

आकाशवाणी समाचार, मोदी सरकार के 12 वर्षों के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में किए गए प्रयासों पर एक विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज के अंक में हम स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सरकार के प्रायासों की जानकारी दे रहे हैं।

 

पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को काफी मजबूत किया है। जिससे यह पहले की तुलना में अधिक सुलभ, किफायती और बेहतर गुणवत्ता वाली बन गई है। 2018 में प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत सामाजिक-आर्थिक रूप से कमजोर गरीब परिवारों को हर साल प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक का मुफ्त स्‍वास्‍थ्‍य बीमा दिया जा रहा है। इस योजना के तहत अब तक 44 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं और 1 लाख अस्‍सी हजार करोड रुपए से अधिक का इलाज उपलब्ध कराया गया। सरकार ने अक्टूबर 2024 में योजना का विस्तार करते हुए आयुष्मान भारत वय वंदन योजना की शुरुआत की। जिसके तहत 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों को भी स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए दिल्ली के रोहित सिंह ने बताया कि इस कार्ड से अब वे निजी अस्‍पतालों में भी इलाज करा सकते हैं।

 

आयुष्मान कार्ड से मुझे बहुत फायदा होगा क्‍या था मैं प्राइवेट हॉस्पिटल में भी इलाज करवा सकूंगा अपना और अपनी फैमली का। इससे मुझे मतलब पांच लाख रुपये मिलेंगे।

 

सरकार ने हर मोहल्‍ले में प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य सेवा देने के लिए 1 लाख 86 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी स्थापित किए। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत भी लोगों को सस्ती और अच्छी गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही है। बिहार के दिलीप कुमार ने बताया की जन औषधि केंद्रों पर दवाईयां बहुत कम कीमत पर मिल जाती हैं।

 

यहां पर बहुत ही सस्‍ता है सौ की दवाई दस रुपये में मिल रहा है। बहुत ही हमको रिलिफ मिल रहा है। दवाई काम भी कर रहा है और हमारा रुपया का बहुत बचत हो रहा है। मैं गरीब आदमी आराम से दवाई खाकर ठीक-ठाक लग रहा हूं। 

 

सरकार ने मेडिकल शिक्षा का भी विस्तार किया है। 2014 में जहां सिर्फ 8 एम्स थे, अब वह बढकर 23 हो गई है। मेडिकल कॉलेजों की संख्‍या भी 387 से बढ़कर 818 हो गई है, वहीं पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने नवंबर 2014 में आयुष मंत्रालय की स्थापना की। देशभर में अब तक कुल 942 आयुष संस्थान स्थापित किया जा चुके हैं। पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं को हर व्‍यक्ति तक अधिक सुलभ और बेहतर बनाया है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को फ्रांस और स्लोवाकिया की छह दिन की यात्रा पर रवाना होंगे।

 

श्री मोदी रविवार को नीस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

 

*****

 

शिक्षा मंत्रालय ने विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित तीन विदेशी उच्च शिक्षा संस्थानों को आज स्वीकृति पत्र जारी किए। ये संस्थान ब्रिस्टल विश्वविद्यालय, यॉर्क विश्वविद्यालय और न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय हैं।

 

ये विश्वविद्यालय महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों में स्थापित किए जाएंगे। मंत्रालय ने बताया कि ये विश्वविद्यालय व्यवसाय, कंप्यूटर विज्ञान और साइबर सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में कार्यक्रम उपलब्‍ध कराएंगे।

 

*****

 

श्रीलंका के दांबुला में एकदिवसीय त्रिकोणीय क्रिकेट श्रृंखला के पहले मुकाबले में भारत ‘ए’ ने श्रीलंका ‘ए’ को 8 रन से हरा दिया है। भारत ‘ए’ के 278 रन के जवाब में श्रीलंका ‘ए’ 269 रन ही बना सकी।

 

*****

 

मौसम विभाग ने कल पूर्वोत्तर क्षेत्र के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल के हिमालय की तराई वाले इलाकों और कर्नाटक में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों में बिहार, केरल, माहे, कोंकण, गोवा, तमिलनाडु, पुदुच्‍चेरी, कराईक्‍कल और तेलंगाना में भी तेज बारिश का अनुमान है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कल लू चलने का अनुमान है।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. भारत ने पाकिस्तान के कब्‍जे वाले जम्मूकश्मीर में प्रदर्शनकारियों पर घातक कार्रवाई में 30 नागरिकों की मौत पर गहरी चिंता व्यक्त की। पाकिस्‍तान पर मानवाधिकार उल्लंघनों को छिपाने के लिए फर्जी खबरों का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया।
  2. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा – पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार की विदेश नीति देश के मूल लक्ष्यों के अनुरूप।
  3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में बदलती सुरक्षा स्थिति पर कुवैत के अमीर से टेलीफोन पर बात की।
  4. सरकार ने कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का बोझ कम करने के लिए तेल विपणन कंपनियों को एक लाख 23 हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी।
  5. गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा पार माल और यात्री आवागमन को डिजिटल और सुव्यवस्थित करने के लिए भूमि पत्‍तन प्रबंधन प्रणाली का उद्घाटन किया।
  6. रक्षा मंत्रालय दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश में बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली के साथ 250 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करेगा।

 

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.