June 8, 2026 10:01 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में रक्षा अलंकरण समारोह में सशस्त्र बलों और पुलिस कर्मियों को वीरता पुरस्कार प्रदान किए।

  2. पश्चिम बंगाल के आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल होने के साथ ही यह योजना पूरे देश में लागू।

  3. आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम इस्पात संयंत्र में भीषण अग्निकांड में आठ लोगों की मौत।

  4. भारत को इस वर्ष सितंबर के बाद भी यूरोपीय संघ को मत्स्य उत्पाद, शहद और अंडे निर्यात करने के लिए बाजार उपलब्‍ध रहेगा।

  5. भारत ने इजराइल और ईरान के बीच ताजा हमलों के बाद तनाव को तत्काल कम करने को कहा।

  6. क्रिकेट में भारत ने अफगानिस्‍तान को एकमात्र टेस्ट मैच में पारी और 300 रन से हराकर अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

*****

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्‍ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और पुलिस बलों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस कर्मियों को वीरता पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य केंद्रीय मंत्री तथा सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

*****

पश्चिम बंगाल, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू करने वाले देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शामिल हो गया है। यह योजना अब पूरे देश में लागू हो गई है। योजना पात्र लाभार्थियों को अस्पताल में भर्ती होने के लिए प्रति परिवार प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा प्रदान करती है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण और पश्चिम बंगाल सरकार ने आज नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि आयुष्मान भारत विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है।

 

2015 में भारत वर्ल्ड हेल्थ असेंबली का चेयरपर्सनशिप भारत को मिली। 2017 में इस पर कार्य शुरू किया और 9 महीने के अंदर 2018 में हम जब रांची में आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने लांच किया आयुष्मान भारत और यह विश्व का सबसे बड़ा हेल्थ कवरेज प्रोग्राम बना। वर्ल्‍ड हेल्‍थ ऑर्गनाइजेशन के डायरेक्‍टर जनरल डॉ. फ्रेडरोज ने कहा वर्ल्‍ड शूड नॉउ हाउ इंडिया हेज डन दिस आयुष्‍मान भारत।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से पश्चिम बंगाल के लोगों को लाभ होगा, भले ही वे राज्य से बाहर रहते हों।

 

हमारी इस साल आयुष्मान भारत का एग्रीमेंट आज हो गया। एक करोड़ 43 लाख फैमिली बेनिफिटेड होगा। जमीन में काम को किस तरीके से उतरना चाहिए मोदी जी का नेतृत्व में भारत सरकार यह सब काम कर रहा है।

*****

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने आज कलकत्ता उच्‍च न्‍यायालय में याचिका दायर कर पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष के ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाने के फैसले को चुनौती दी है। तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करने का निर्णय संसदीय परंपराओं और नियमों के खिलाफ है। मामले की अगली सुनवाई 11 जून को होगी।

*****

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्‍तनम स्टील प्लांट में आज हुए एक बड़े आग हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। छह अन्य घायल हुए हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज़ी से करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए। उपराष्‍ट्रपति सीपी राधाकृष्‍णन और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दुर्घटना में जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

*****

आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले से काशी तीर्थयात्रा के लिए जा रही एक निजी बस बिहार में एक लॉरी से टकरा गई। इस दुर्घटना में तीन तीर्थयात्रियों की मृत्‍यु हो गई और 15 अन्‍य घायल हो गये। मृतक तीर्थयात्रियों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को एक-एक लाख रुपये देने की भी घोषणा की है।

*****

यूरोपीय संघ के संशोधित नियामक ढांचे के अंतर्गत भारत को इस वर्ष सितंबर के बाद शहद, अंडे और जल जनित खाद्य उत्पादों के निर्यात के लिए यूरोपीय संघ के बाजार उपलब्ध हो रहेगा। कीटनाशकों से संबंधित चिंताओं को दूर करने के उद्देश्य से बनाए गए नए नियमों के बाद, यूरोपीय संघ ने भारत को इन उत्पादों के निर्यात के लिए पात्र अधिकृत देशों की सूची में शामिल कर लिया है। इससे भारतीय निर्यातकों को यूरोपीय बाजार में निर्बाध पहुंच सुनिश्चित होगी और मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा।

*****

भारत ने पश्चिम एशिया में हुए नए हमलों पर चिंता व्यक्त की। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ये घटनाक्रम अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए अत्यंत चिंता का विषय है। भारत ने सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। मंत्रालय ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए चल रही राजनयिक वार्ता को पूरा करने की भी अपील की है।

*****

सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया संघर्ष के बावजूद देश में कच्चे तेल, एल.पी.जी. और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। नई दिल्ली में आज अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अपर सचिव प्रवीण खन्नूजा ने बताया कि देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि ईंधन की निर्बाध आपूर्ति और ऊर्जा सुरक्षा बनाए रखने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। रसायन और उर्वरक मंत्रालय की अपर सचिव अपर्णा शर्मा ने कहा कि देश में उर्वरकों का भंडार भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि दोपहर में जहाज एमटी मैरी वेक्स में आग की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार जहाज पर मौजूद सभी 24 भारतीय कर्मचारी सुरक्षित हैं।

*****

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज देशभर में 100 औद्योगिक पार्कों के विकास में तेजी लाने के लिए पोर्टल भव्‍य का शुभारंभ किया। नई दिल्ली में श्री गोयल ने कहा कि यह पोर्टल आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों के विकास में मदद करेगा।

 

औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को विकसित करने और पूरे भारत में बड़े पैमाने पर निवेश के माध्यम से बड़े स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए, हमने भव्ययोजना शुरू की है। भव्य योजना के अंतर्गत विभिन्न आकारों के सौ औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे। इस बार हम संभवतः स्टार्टअप्स, डीप टेक या तकनीकउन्मुख व्यवसायों, अनुसंधान और विकास तथा नवाचारउन्मुख व्यवसायों के लिए अधिक क्षेत्र निर्धारित करने पर भी विचार कर रहे हैं।

*****

इंडिया ब्लॉक की बैठक आज नई दिल्ली में हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे और राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी, नेशनल कांफ्रेस के उमर अब्दुल्ला और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरद पवार की सुप्रिया सुले शामिल थीं। वहीं, आम आदमी पार्टी और डी एम के पार्टी सहित कई दलों ने बैठक से दूरी बनाए रखी। श्री मल्लिकार्जुन खडगे ने बताया कि 25 राजनीतिक दलों के नेताओं ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उधर, भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने नई दिल्ली में कहा कि इंडिया ब्लॉक की लोगों के बीच विश्वसनीयता कम हो गई है।

*****

देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्‍वास और सबका प्रयास सिद्धांत के अंतर्गत पिछले 12 वर्ष में उल्‍लेखनीय बदलाव हुए हैं। इस दौरान मोदी सरकार ने निर्धनों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्‍याण और सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्‍वपूर्ण पहल की है। आकाशवाणी समाचार पिछले 12 वर्ष में प्रमुख क्षेत्र में सरकार के प्रयासों पर विशेष कार्यक्रम प्रसारित कर रहा है। आज बात पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हुए प्रयासों की।

 

केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। गंगा नदी और उसकी सहायक नदियों की सफाई और पर्यावरण में सुधार के लिए 2014 में नमामि गंगे कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस योजना के तहत अब तक कुल 524 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई जिनमें से 355 परियोजनाएं पूरी हो चुकी है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए सौरव गुप्ता ने कहा कि इस योजना के कारण गंगा की स्वच्छता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा नदी को स्वच्छ और इसका पुनरुद्धार करने के समग्र उपाय किए गए हैं। जिसमें अपशिष्ट जल प्रबंधन, नदी तट उपचार, वृक्षारोपण, जैव विविधता संरक्षण और जन भागीदारी शामिल है। देश में वनों के संरक्षण और उसे बढाने के लिए 2015 में ग्रीन इंडिया मिशन की शुरुआत की गई। वर्तमान में भारत का वन क्षेत्र आठ लाख वर्ग किलोमीटर से अधिक हो गया है जो देश के कुल भौगोलिक क्षेत्र का 25% से अधिक है। वहीं, कुल वन क्षेत्र के मामले में भारत दुनिया में नौंवे स्थान पर पहुंच गया है। इसके अलावा 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की। जो दुनिया के सबसे बड़े जन भागीदारी वाले पर्यावरण अभियानों में से एक बन गया है। इस अभियान के तहत दिसंबर 2024 तक 262 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए हरियाणा के अशोक भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने इस अभियान के तहत भिवानी जिले में पौधे लगाए। हमने जो पौधा लगाए हैं उसका संरक्षण भी जरूरी है। तो हम जो इस प्रकार की मॉनीटरिंग करते रहते हैं, जो पौधे लगाए हैं उनका संरक्षण भी करते हैं, उनमें खाद, पानी है जो समय समय पर देते रहते हैं ताकि पौधा है वो जीवित रहे। जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए 2022 में शुरू की गई मिशन लाइफ के जरिए पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली को बढ़ावा मिला है। भारत ने वर्ष 2005 के स्तर की तुलना में कार्बन उत्सर्जन को 33 से 35% तक काम करने का लक्ष्य निर्धारित समय से 11 वर्ष पहले ही हासिल कर लिया। इसके अलावा 2015 में शुरू की गई अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन भारत की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जो स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन से निपटने के क्षेत्र में भारत को एक अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। आज जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है वहीं भारत विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर लगातार आगे बढ़ रहा है। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*****

भारत ने अफगानिस्‍तान को एकमात्र क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन पारी और 300 रन से हराकर अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। मानव सुथार को अपने पहले ही मैच में सात विकेट लेने के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

*****

आकाशवाणी के आज गौरवशाली 90 वर्ष पूरे हो गए हैं। वर्ष 1936 में आज के ही दिन इंडिया    स्‍टेट ब्रॉडकास्टिंग सर्विस को ऑल इंडिया रेडियो नाम दिया गया था। यह दिवस देश के सांस्‍कृतिक, सूचना और प्रसारण इतिहास में विशिष्ट अवसर के रूप में अंकित है, जिससे पीढि़यों तक राष्‍ट्र की चेतना से जुड़ने वाली वाणी का अभ्‍युदय हुआ। इस अवसर पर आकाशवाणी दिल्‍ली में स्‍पैक्ट्कम नामक एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रसार भारती के अध्‍यक्ष प्रसून जोशी ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि नौ दशकों की निरंतर सेवा एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

 

आज से 90 साल पहले ऑल इंडिया रेडियो की स्थापना होने के बाद से हर दिन, हर पल आकाशवाणी श्रोताओं की और देश की धड़कन बन के रहा है। टेक्नोलॉजीस आगे बढ़ती रही, पहले मीडियम वेव, उसके आगे शॉर्ट वेव फिर एफएम और डिजिटल स्ट्रीमिंग, हर माध्यम से, देश के कोनेकोने में बसे हुए लोगों को उनकी आवाज में समाचार, सूचनाएं और मनोरंजन आकाशवाणी देती रही है।

*****

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में खेत बचाओ अभियान- रासायनिक उर्वरकों का अंधाधुंध उपयोग रोक कर टिकाऊ खेती की ओर एक महत्वपूर्ण पहल परिचर्चा प्रसारित करेगा।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में रक्षा अलंकरण समारोह में सशस्त्र बलों और पुलिस कर्मियों को वीरता पुरस्कार प्रदान किए।

  2. पश्चिम बंगाल के आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल होने के साथ ही यह योजना पूरे देश में लागू।

  3. आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र में भीषण अग्निकांड में आठ लोगों की मौत।

  4. भारत को इस वर्ष सितंबर के बाद भी यूरोपीय संघ को मत्स्य उत्पाद, शहद और अंडे निर्यात करने के लिए बाजार उपलब्‍ध रहेगा।

  5. भारत ने इजराइल और ईरान के बीच ताजा हमलों के बाद तनाव को तत्काल कम करने को कहा।

  6. क्रिकेट में भारत ने अफगानिस्‍तान को एकमात्र टेस्ट मैच में पारी और 300 रन से हराकर अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.