मुख्य समाचार :-
- भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग की आठवीं बैठक नई दिल्ली में संपन्न। रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और संपर्क सहित प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा।
- पश्चिम बंगाल सरकार पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बढावा देने के लिए दार्जिलिंग, मिरिक, कुर्सियोंग, कलिम्पोंग और सिलीगुड़ी को हिमालयी शहरों के रूप में विकसित करेगी।
- दक्षिण-पश्चिम मानसून, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ा।
- उलानबटोर ओपन में भारतीय पहलवानों का शानदार प्रदर्शन। पुरुष फ्रीस्टाइल कुश्ती में दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते।
- क्रिकेट में भारत के साथ एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अफगानिस्तान पहली पारी में 451 रन से पीछे।
*****
भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग की आठवीं बैठक आज नई दिल्ली में आयोजित की गई। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर और इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगिओनो ने बैठक की सह-अध्यक्षता की। बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापक रणनीतिक भागीदारी के अंतर्गत द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की।
बैठक के दौरान भारत और इंडोनेशिया ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मज़बूत करने के बारे में पर चर्चा की। इनमें राजनीतिक, रक्षा और सुरक्षा, समुद्री, व्यापार और निवेश, फ़ार्मा और स्वास्थ्य सेवा, डिजिटल, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, अंतरिक्ष और शिक्षा जैसे क्षेत्र शामिल हैं। दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग और समन्वय की अपनी प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया। डॉ. जयशंकर और श्री सुगियोनो ने द्विपक्षीय संबंधों में हो रहे सकारात्मक विस्तार का स्वागत किया। इससे पहले अपनी प्रारंभिक टिप्पणी में डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच यह बैठक चार वर्षों के अंतराल के बाद हो रही है, और इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*****
पश्चिम बंगाल की महिला, बाल विकास और सामाजिक कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा है कि राज्य सरकार दार्जिलिंग, मिरिक, कुर्सियोंग, कलिम्पोंग और सिलीगुड़ी को हिमालयी शहरों के रूप में विकसित करेगी। सिलीगुड़ी में आज एक उच्च स्तरीय प्रशासनिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता के बाद सुश्री पॉल ने ये बात कही।
सुश्री पॉल ने कहा कि केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने इन शहरों के विकास के लिए समर्थन व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन, व्यापार, चाय उद्योग और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। सुश्री पॉल ने कहा कि राज्य में शहरी बुनियादी ढांचे और स्वच्छता में सुधार के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। 1 जुलाई से पार्किंग की अनुमति केवल निर्धारित क्षेत्रों में ही होगी और अवैध पार्किंग पर जुर्माना लगेगा। पदभार ग्रहण करने के बाद सुश्री प़ॉल की यह उत्तर बंगाल क्षेत्र की पहली आधिकारिक यात्रा है। बैठक में नगरपालिका मामलों, महिला, बाल विकास, सामाजिक कल्याण, स्वच्छता, यातायात नियमन और विभिन्न सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन पर चर्चा हुई। कुर्सीयोंग से आशोक चौरसिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
*****
पश्चिम बंगाल आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू करने वाला देश का 36वां राज्य बन जाएगा। इस संबंध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच कल नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उपस्थित रहेंगे। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाता है। योजना के लागू होने से राज्य के लाखों लोगों को बेहतर और किफायती स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
*****
गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को नई दिल्ली में लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम–एल.पी.एम.एस का शुभारंभ करेंगे। गृह मंत्रालय के अनुसार, यह डिजिटल प्रणाली सीमा चौकियों के संचालन को अधिक सुगम, पारदर्शी और सुरक्षित बनाएगी। इसके माध्यम से सीमा पार व्यापार और यात्रियों की आवाजाही को तकनीक आधारित सुविधाओं से बेहतर बनाया जाएगा।
इस अवसर पर गृह मंत्री मेघालय के डावकी और त्रिपुरा के श्रीमंतपुर लैंड पोर्ट पर विकसित नई आवासीय सुविधाओं का भी उद्घाटन करेंगे।
*****
कक्षा 12वीं की परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद संबंधित मुद्दों की जांच और उत्तर-पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की आज अंतिम तिथि है। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बताया कि पोर्टल मध्यरात्रि तक खुला रहेगा।
*****
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में नरेन्द्र मोदी सरकार ने भारत को अवसर, नवाचार और आत्मविश्वास से प्रेरित आकांक्षी राष्ट्र में बदल दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था वर्तमान में लगभग 9 अरब डॉलर की है। इसके अगले सात से आठ वर्षों में बढ़कर 45 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि देश में स्टार्टअप की संख्या वर्ष 2014 में लगभग 400 से बढ़कर दो लाख 30 हजार से अधिक हो गई है। इससे करीब 25 लाख लोगों को रोजगार मिला है।
*****
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि राज्य सरकार की वर्षा की स्थिति पर नजर रखे हुए है और किसानों के हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। नागपुर में उन्होंने कहा कि इस वर्ष सामान्य वर्षा का अनुमान है, लेकिन एल-नीनो के प्रभाव के कारण मराठवाड़ा, पश्चिम विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में कम वर्षा हो सकती है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय-समय पर आवश्यक सलाह दी जा रही है और फसल नुकसान को कम करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
*****
महाराष्ट्र में राजस्व खुफिया निदेशालय-डीआरआई ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोना तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन गोल्डन नेक्सस के अंतर्गत निदेशालय ने करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य का तीन किलो दो सौ ग्राम विदेशी सोना जब्त किया है। मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें हवाई अड्डे के तीन कर्मचारी भी शामिल हैं।
*****
आंध्र प्रदेश सरकार ने आज योगांध्र-2026 अभियान की शुरुआत की। इसका उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले योग और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। 14 दिवसीय इस अभियान का समापन 21 जून को अमरावती में भव्य आयोजन के साथ होगा। इस अभियान के दौरान विभिन्न योग गतिविधियों के माध्यस से 1 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए गांव, मंडल और जिला योग सत्र तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया है।
*****
16यूरोपीय संघ का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल कल दो दिवसीय दौरे पर असम के गुवाहाटी पहुंचेगा। इसका उद्देश्य भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के साथ सहयोग को मजबूत करना है। यूरोपीय संघ की चर्चा उन क्षेत्रों पर केंद्रित होगी जिनमें यूरोप और पूर्वोत्तर के साझा हित हैं। इनमें नवीकरणीय और हरित ऊर्जा, सतत शहरी बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य सेवा और फार्मास्यूटिकल्स शामिल हैं।
*****
इस्राएल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में आज गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। एक हमलावर को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
*****
अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष के 100 दिन पूरे हो गए हैं। फरवरी के अंत में ईरान पर अमरीका और इस्राएल के हमलों से शुरू हुआ यह संघर्ष अब एक व्यापक क्षेत्रीय संकट में बदल गया है। संघर्ष से होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित समुद्री यातायात के लिए खतरा और लेबनान में नए सिरे से तनाव बढ गया है।
अमरीका की केंद्रीय कमान ने आज कहा कि अमरीकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के दो ड्रोन को मार गिराया। इससे पहले कल ईरान ने बहरीन और कुवैत की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागकर जवाबी कार्रवाई की।
*****
इस बीच, सरकार ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलपीजी की कीमतों में वृद्धि के बावजूद देश में वैश्विक स्तर पर इसका मूल्य सबसे कम है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि भारत में एलपीजी सिलेंडर का मूल्य अमरीका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे विकसित देशों की तुलना में काफी कम है।
*****
दक्षिण-पश्चिम मानसून आज पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ गया। मानसून उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों तथा नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में भी दस्तक दे चुका है। इसके अलावा, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मानसून पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने कल तटीय और आंतरिक कर्नाटक, केरलम, माहे, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड में अगले चार से पांच दिन बारिश हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दक्षिण कोंकण क्षेत्र में प्रवेश कर लिया है। महाराष्ट्र के रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के कुछ हिस्सों में मानसून की बारिश शुरू हो गई है। मंगलवार तक रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में आज शाम बारिश हुई। समाचार कक्ष से मैं आकर्षिता सिंह।
*****
खेल जगत –
न्यू चंडीगढ़ में खेले जा रहे एकमात्र क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने अफगानिस्तान पर अपनी पकड मजबूत कर ली है। भारत के 564 रन के जवाब में मेहमान टीम ने दिन की समाप्ति तक 5 विकेट खोकर 113 रन बना लिए थे। रहमत शाह 43 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने तीन विकेट जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिए। अफगानिस्तान अभी भी भारत से 451 रन पीछे है। वहीं, कुश्ती में मंगोलिया के उलानबटोर ओपन कुश्ती में भारतीय पहलवानों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। आज पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती में दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक भारत ने अपने नाम किए। दीपक ने 61 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कजाकिस्तान के असिल ऐताकिन को 6-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं दिनेश ने 125 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कजाकिस्तान के येदिगे कासिमबेक को 2-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उधर न्यू ताइपे सिटी एथलेटिक्स ओपन 2026 में आज भारतीय धावक और राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी अनिमेष कुजुर ने पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में 20 दशमलव चार-सात सेकंड का समय निकालते हुए रजत पदक अपने नाम किया। यह उनके करियर का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
*****
उधर, फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स के फाइनल में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव का सामना इटली के फ्लेवियो कोबोली से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक ज्वेरेव और कोबोली ने एक-एक सेट जीत लिया है। इससे पहले कल रूस की मिरा एंड्रीवा ने मायाह च्वालिंस्का को हराकर महिला सिंगल्स का खिताब अपने नाम किया।
*****
उपभोक्ता कार्य विभाग के ई-जागृति मंच को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार-2026 में रजत पुरस्कार मिला है। उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा कि ई-जागृति उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निपटारे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेजर अभिलाषा बराक को संयुक्त राष्ट्र सैन्य लैंगिक समर्थक पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सम्मान मेजर बराक की अनुकरणीय सेवा और संयुक्त राष्ट्र के शांति प्रयासों में भारत के दीर्घकालिक योगदान की पहचान है। मेजर बराक लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल में एंगेजमेंट टीम कमांडर और लैंगिक मामलों की प्रमुख अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
*****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग कल रात साढ़े नौ बजे पब्लिक स्पीक कार्यक्रम में, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान-आईसीएआर के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक डॉ. जे. पी. एस. डबास के साथ “खेत बचाओ अभियान: उर्वरकों के सीमित उपयोग और मृदा स्वास्थ्य को बढ़ावा” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान, श्रोता विषय से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं। प्रश्न पूछने के लिए नम्बर हैं- 0 1 1 – 2 3 3 1 0 4 8 1 व्हाट्सएप नम्बर 9 2 8 9 0 9 4 0 4 4 पर भी सवाल पूछे जा सकते हैं। हैशटैग आस्क–ए.आई.आर. के साथ एक्स पर भी सवाल पोस्ट किये जा सकते हैं।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग की आठवीं बैठक नई दिल्ली में संपन्न। रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और संपर्क सहित प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा।
- पश्चिम बंगाल सरकार पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बढावा देने के लिए दार्जिलिंग, मिरिक, कुर्सियोंग, कलिम्पोंग और सिलीगुड़ी को हिमालयी शहरों के रूप में विकसित करेगी।
- दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ा।
- उलानबटोर ओपन में भारतीय पहलवानों का शानदार प्रदर्शन। पुरुष फ्रीस्टाइल कुश्ती में दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते।
- और क्रिकेट में, भारत के साथ एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अफगानिस्तान पहली पारी में 451 रन से पीछे।
——