मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्थिक सलाहकार परिषद के साथ बैठक की। देश के आर्थिक परिवर्तन और दीर्घकालिक विकास प्राथमिकताओं की समीक्षा की।
- केंद्र ने खाद्य तेलों के लिए मानक पैकिंग साईज लागू किए। इसका उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और एकसमान पैकेजिंग को बढ़ावा देना है।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने नई दिल्ली में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से बातचीत की। कहा- दोनों देश खुली सीमा पर सुरक्षा बनाए रखने के लिए निकट सहयोग कर रहे हैं।
- कुवैत और बहरीन में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा।
- जापान में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जापान को हराकर अंडर-18 एशिया कप जीता। भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रधानमंत्री-आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्यों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। प्रधानमंत्री और परिषद ने वैश्विक उथल-पुथल के दौर में भारत की आर्थिक वृद्धि को और बढ़ावा देने के लिए कई विचारों और उपायों पर चर्चा की। जीवनयापन और व्यापार को सुगम बनाने के लिए विभिन्न सुधारों पर भी विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने भारत और विश्व पर पश्चिम एशिया संघर्ष से पड़ने वाले प्रभाव का भी आकलन प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने भारत के आर्थिक परिवर्तन और दीर्घकालिक विकास प्राथमिकताओं से संबंधित व्यापक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। सभी सदस्यों ने सुधार यात्रा को और गति देने तथा जीवनयापन और व्यापार में सुगमता सुनिश्चित करने के लिए भी अपने विचार साझा किए। आर्थिक सलाहकार परिषद एक स्वतंत्र निकाय है जो भारत सरकार विशेष रूप से प्रधानमंत्री को आर्थिक और संबंधित मुद्दों पर सलाह देती है।
*****
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया ने कहा है कि युवा देश की सबसे बडी शक्ति हैं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। नई दिल्ली में ‘विकसित भारत के लिए युवा — माई भारत यूथ कन्वेंशन‘ में श्री मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की आकांक्षाओं, विचारों और स्वैच्छिक योगदान की भावनाओं को साझा करने के लिए देश को यह मंच प्रदान किया है।
देश का 65 पापुलेशन बिलो 35 है यानि की देश युवा देश है, एक देश की युवा की शक्ति को विकसित भारत के राह पर ले जाने के लिए संयोजने का काम नरेंद्र मोदी जी ने करा है।
*****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारत और नेपाल लंबी और खुली सीमा पर सुरक्षा बनाए रखने के लिए घनिष्ठ सहयोग कर रहे हैं और दोनों देश संकट के समय हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। नई दिल्ली में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के साथ बैठक के दौरान डा. जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध जीवंत जन-संबंध, सीमा पार संपर्क तथा साझा सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं की मजबूत नींव पर बना है।
सुरक्षा बनाए रखने के लिए मिलकर काम करना होगा। दोनों देश आवश्यकता के समय हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। पश्चिम एशिया और मध्य पूर्व में जारी संकट के बावजूद, हमने नेपाल को ईंधन की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रखी है। दोनों पक्षों की ओर से इस रिश्ते को जो महत्व दिया जाता है वह हाल ही में सामने आया है।
श्री खनाल ने कहा कि भारत नेपाल का सबसे महत्वपूर्ण साझेदार है और नेपाल ने भारत को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
*****
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रतिबंधों की धमकी देकर भारत की संप्रभुता को कमजोर करने का कोई भी प्रयास उल्टा पड़ेगा। सेंट पीटर्सबर्ग में श्री पुतिन ने स्वतंत्र निर्णय लेने और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने बाहरी दबाव की परवाह किए बिना हमेशा अपने हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए हैं। श्री पुतिन ने कहा कि रूस और भारत के संबंध आपसी विश्वास पर आधारित हैं और व्यापार से कहीं आगे तक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल कार्यक्रम सहित संयुक्त अनुसंधान और विकास परियोजनाओं में सक्रिय रूप से शामिल हैं।
*****
केंद्र सरकार ने कानूनी माप प्रणाली के अंतर्गत खाद्य तेलों के लिए मानक पैकिंग लागू की है। इससे बाजार में अधिक पारदर्शिता और एकरूपता आएगी। उपभोक्ता कार्य विभाग ने खाद्य तेलों और घी की शुद्ध मात्रा तथा मानक पैक आकार निर्धारित करने संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया में संशोधन किया है। स्वीकृत पैक आकार 200 ग्राम, 500 ग्राम, 1 से 5 किलो, 15 और 20 किलो हैं। इस पहल का उद्देश्य बाजार में विभिन्न पैकेज आकारों की बढ़ती संख्या कम करना है। इससे उपभोक्ताओं के लिए कीमतों की तुलना और सोच-समझकर खरीदारी करना आसान हो जाएगा।
*****
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से लंबित रेलवे परियोजनाओं का समाधान होने से राज्य में रेलवे अवसंरचना विकास के एक नए युग की शुरुआत होगी। कोलकाता के नबन्ना में श्री वैष्णव ने बताया कि वर्ष 2026-27 के रेल बजट में पश्चिम बंगाल के लिए 14 हजार 205 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। रेल मंत्री ने अगले पांच वर्षों में कोलकाता मेट्रो के लिए 60 नई रेलगाडियों को शुरू करने की घोषणा की।
मेट्रो के लिए स्टील न्यू ट्रेंस न्यू जनरेशन की ट्रेंस अगले पांच वर्षों में इंडेक्ट करेंगे। नई जनरेशन की ट्रेंस आने से कोलकाता के निवासियों को बहुत अच्छी फैसलिटी मिलेगी। वो भी एक बहुत बड़ा आगे स्टेप लिया जाएगा।
*****
संचार और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्र शेखर ने आज आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के नारकोदुरु गांव में समृद्धि केंद्र का लोकार्पण किया। यह गांवों को डिजिटल व्यवस्था में परिवर्तित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नारकोदुरु एकीकृत ग्रामीण विकास मॉडल अपनाने वाला भारत का तीसरा और तेलुगु भाषी राज्यों का पहला गांव बन गया है।
*****
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में चौथे लैवेंडर महोत्सव का शुभारंभ किया। महोत्सव की थीम है- “लैवेंडर गोज ग्लोबल”। दो दिन के इस महोत्सव में बैंगनी क्रांति की उपलब्धियों और क्षेत्र में बढ़ते लैवेंडर उद्योग को प्रदर्शित किया गया है। इससे लैवेंडर की खेती और उद्यमिता की बढ़ती सफलता का पता चलता है। राज्य के किसानों और युवा उद्यमियों के लिए लैवेंडर की खेती ने आजीविका के नए अवसर सृजित किए हैं।
*****
मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने आज नामांकन पत्र भोपाल में भरा। कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया है। उधर, आंध्र प्रदेश में जन सेना पार्टी के लिंगमनेनी रमेश ने अमरावती में नामांकन दाखिल किया।
*****
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन झारखंड के दो दिन के दौरे पर आज रांची पहुंचे। उन्होंने कहा कि झारखंड उनकी जन्म स्थली और दूसरा घर है। केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने श्री नवीन की यात्रा को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
*****
कुवैत और बहरीन में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के मिसाइले हमलों से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है।
खाड़ी देशों और अमरीका के एयर डिफेंस सिस्टम ने ज़्यादातर मिसाइलों को हवा में ही नाकाम कर दिया। इससे जान–माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी ड्रोन की गतिविधियों की खबरों के बाद अमरीकी सेना ने केशम द्वीप और गोरुक में ईरान के रडार और निगरानी ठिकानों को निशाना बनाया था। इसके कुछ ही घंटों बाद ने ईरान यह हमले किए। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि लगातार जारी अभियानों से ईरान की मिसाइल क्षमता काफी कम हो गई है, हालांकि ईरान ने इस दावे को खारिज कर दिया है। संघर्ष–विराम पर बातचीत रुकी हुई है और क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
*****
भारत ने कहा है कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अपनी अस्थायी सदस्यता का दुरुपयोग जम्मू-कश्मीर के बारे में झूठे दावे फैलाने के लिए कर रहा है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने चेतावनी दी कि पाकिस्तान को अपनी जिम्मेदारियों का ध्यान रखना चाहिए।
मैं पाकिस्तान को याद दिलाना चाहता हूँ कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का सदस्य होना एक बड़ी ज़िम्मेदारी है। यह पक्षपाती और झूठी बातें फैलाने का मंच नहीं है। मैं यह बात साफ़–साफ़ कहना चाहता हूं। जम्मू–कश्मीर भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। पाकिस्तान की खोखली बयानबाज़ी और झूठे दावों से यह बुनियादी सच्चाई नहीं बदलेगी।
*****
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि मादक पदार्थ मुक्त जम्मू–कश्मीर अभियान एक सशक्त जन आंदोलन के रूप में उभरा है। किश्तवाड में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि 19 जिलों में 56 दिनों से जारी इस अभियान ने बडी संख्या में लोगों को प्रभावित किया है। उपराज्यपाल ने कहा कि प्रशासन, मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के फिरोजपुर जिले में हुई दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। आज सुबह फिरोजपुर-फाजिल्का सड़क पर एक ट्रक से वाहन की टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई और 22 लोग घायल हो गए।
*****
महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज का 353वां राज्याभिषेक समारोह आज पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम रायगढ़ जिले के महाड तालुका में स्थित रायगढ़ किले में आयोजित किया गया। 6 जून 1674 को शिवाजी का ऐतिहासिक राज्याभिषेक हुआ था।
*****
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई ने अंक सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 जून कर दी है। सीबीएसई ने बताया कि विद्यार्थी अब कल मध्यरात्रि तक अपने आवेदन जमा कर सकेंगे। इससे पहले आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि आज तक ही निर्धारित थी।
*****
मौसम विभाग ने कल तटीय कर्नाटक, केरलम और माहे में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। पूर्वोतर राज्यों के अधिकांश हिस्सों, आंतरिक कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अगले दो दिनों तक तेज बारिश की संभावना है। इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून, आज महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोतर में आगे बढ़ गया है।
*****
जापान में भारतीय अंडर-18 पुरूष टीम ने एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट जीत लिया है। फाइनल में भारत ने जापान को चार-एक से हराया। आशीष तानी पूर्ति ने तीन और कप्तान केतन कुशवाहा ने एक गोल किया। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण कौशल और टीम वर्क का प्रदर्शन किया। उन्होंने अंडर-18 एशिया कप में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय महिला हॉकी टीम को भी बधाई दी।
*****
गोवा में भारत ने सैफ महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है। फाइनल में भारत ने बांग्लादेश को तीन-शून्य से हराया। भारत ने छठी बार यह खिताब अपने नाम किया है।
*****
अहमदाबाद में विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप में रोहन तायडे ने सब-जूनियर आर्टिस्टिक सिंगल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारत अब तक छह स्वर्ण पदक सहित कुल सात पदक जीत चुका है। पदक तालिका में भारत शीर्ष पर बरकरार है।
*****
न्यू चंडीगढ़ में भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने तीन विकेट पर 368 रन बना लिए हैं। कप्तान शुभमन गिल 103 और ऋषभ पंत 50 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। के एल राहुल ने एक सौ रन और सांई सुदर्शन ने 81 रन की पारी खेली। यह टेस्ट मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्थिक सलाहकार परिषद के साथ बैठक की। देश के आर्थिक परिवर्तन और दीर्घकालिक विकास प्राथमिकताओं की समीक्षा की।
- केंद्र ने खाद्य तेलों के लिए मानक पैकिंग साईज लागू किए। इसका उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और एकसमान पैकेजिंग को बढ़ावा देना है।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने नई दिल्ली में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से बातचीत की। कहा- दोनों देश खुली सीमा पर सुरक्षा बनाए रखने के लिए निकट सहयोग कर रहे हैं।
- कुवैत और बहरीन में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा।
- जापान में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जापान को हराकर अंडर-18 एशिया कप जीता। भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
*****