मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सूरत और दमण में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
- प्रधानमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर बल दिया। कहा- भारत आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर हरित भविष्य की ओर अग्रसर।
- वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर सात दशमलव सात प्रतिशत रहने का अनुमान।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- स्मार्ट बॉर्डर परियोजना लागू किये जाने के अंतिम चरण में; संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में अगले वर्ष इसे प्रायोगिक आधार पर शुरू किया जाएगा।
- दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर, गोवा और कर्नाटक के कई क्षेत्रों में पहुंचा।
- भारत, पाकिस्तान को 5-3 से हराकर अंडर-18 एशिया कप हॉकी के फाइनल में पहुंचा।
———
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सूरत और दमण में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दमण में नौ हजार दो सौ 70 करोड रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने नमो अस्पताल और नमो हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री इस समय एक जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। आइये सुनते हैं उनका संबोधन।
——–
गुजरात के सूरत में आज 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि दुनिया हरित भविष्य की ओर बढ़ रही है और भारत आर्थिक विकास तथा पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
आज भारत प्रकृति के साथ प्रगति का मंत्र लेकर विकास कर रहा है। इकोनॉमी भी इकोलॉजी भी, सूरत में तो यह प्रत्यक्ष दिखता है। आजकल सूरत की सर्कुलर वाटर इकोनॉमी की बहुत चर्चा होती है। यहां शहर के …. वेस्ट वाटर को ट्रीट करके इंडस्ट्री को सप्लाई किया जाता है। इसे गंदे पानी का मैनेजमेंट भी हो जाता है और पानी से कमाई भी होती है।
श्री मोदी ने कहा कि भारत की कुल 250 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में से 50 गीगावाट क्षमता अकेले गुजरात में है।
उन्होंने कहा कि गुजरात सौर ऊर्जा से आगे बढ़कर ग्रीन हाइड्रोजन और ग्रीन अमोनिया के क्षेत्र में भी बड़ी भूमिका निभाने जा रहा है। यह भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम सौर ऊर्जा उत्पादन में पांच प्रमुख देशों में से एक हैं।
यह जो वैश्विक संकट चल रहा है, यह दिखाता है कि एनर्जी के मामले में आत्म निर्भरता कितनी जरूरी है और बीते 12 वर्षों में देश ने जो कैपिसिटी तैयार की है, उसका कितना बड़ा महत्व है। 12 वर्ष पहले भारत में सौर ऊर्जा का उत्पादन नाम मात्र का था। आज हम दुनिया के टॉप फाइफ देशों में से एक हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता ने सदैव अराजकता और अस्थिरता की राजनीति को नकारकर विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने लोगों से विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। सूरत के विकास का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सूरत एक ग्रीन सिटी के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सूरत सिर्फ स्वच्छता और सर्कुलर इकोनॉमी तक की सीमित नहीं है बल्कि ग्रीन ग्रोथ के दूसरे माध्यमों का भी अभूतपूर्व गति से विस्तार हो रहा है। सूरत ऐसी व्यवस्था बनाने में जुटा है जहां सड़कों पर चलने वाली सारी बसें इलेक्ट्रिक होंगी।
———-
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सीमा सुरक्षा को अधिक मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार स्मार्ट बॉर्डर परियोजना को अंतिम रूप दे रही है। गृह मंत्री आज त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश सीमा पर लंकामुरा सीमा चौकी क्षेत्र में प्रहरी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
हमने तय किया है कि बीएसएफ जहां-जहां है, एस.एस.बी. जहां जहां है वहां पर स्मार्ट बॉर्डर का निर्माण करना और एक चतुष्कोण सुरक्षा रणनीति के तहत स्थानीय प्रशासन को साथ में लेते हुए टेक्नोलॉजी को साथ में लेते हुए सीमाओं को एकदम अभेद बनाना और स्मार्ट बॉर्डर का कॉन्सेप्ट फाइनलाइजेशन के स्टेज पर है। इसका पायलट प्रोजेक्ट आने वाले साल में हम निश्चित रूप से इंट्रोड्यूस कर देंगे। एक साथ देश की अलग-अलग सीमाओं पर सात या आठ जगह पर पायलट प्रोजेक्ट दिए जाएंगे।
गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और बिहार की सीमाओं पर घुसपैठ के कारण जनसंख्या में किसी भी तरह के बदलाव को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बाड़ लगाने का काम प्राथमिकता पर किया जा रहा है। इसी कड़ी में त्रिपुरा में 119 किलोमीटर लंबी सीमा पर नई डिजाइन की बाड़ लगाने को मंजूरी दी गई है। इसका पहला चरण शुरू हो चुका है। कार्यक्रम में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीण कुमार तथा कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर बरकरार है। वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद में पिछले वित्त वर्ष के सात दशमलव एक प्रतिशत की तुलना में 2025-26 में सात दशमलव सात प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। एक रिपोर्ट-
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अनुसार 2025-26 में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद तीन सौ 23 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा। प्राथमिक क्षेत्र में तीन दशमलव दो प्रतिशत की वृद्धि दर देखी गई है, जो मुख्य रूप से कृषि और मत्स्य पालन क्षेत्रों के प्रदर्शन से प्रेरित है। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में भारत की वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर सात दशमलव आठ प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है। वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद 87 लाख 77 हजार करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद सरकार ने आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए कई सक्रिय कदम उठाए हैं। अंकित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
———–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि यह सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती, सुधारों की सफलता और 140 करोड़ भारतीयों के अथक परिश्रम को दर्शाती है। श्री मोदी ने कहा कि सरकार लोगों के जीवन को सुगम बनाने, व्यापार में सुगमता और युवाओं के लिए अवसरों को बढ़ाने के हर संभव प्रयास करेगी।
मई माह में भारत के यात्री वाहन बाजार में लगभग चार लाख 40 हजार वाहनों की बिक्री हुई है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पोस्ट में ऑटोमोबाइल सेक्टर के मजबूत प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद यह वृद्धि मजबूत उपभोक्ता मांग को दर्शाती है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने कहा है कि अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से लगभग 15 किलोमीटर दूर श्री विजयपुरम में प्राकृतिक गैस का भंडार मिला है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री पुरी ने कहा कि यह खोज अंडमान सागर की विशाल ऊर्जा क्षमता दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह खोज इस क्षेत्र में चल रहे अन्वेषण अभियान की सफलता का प्रतीक है। श्री पुरी ने कहा कि प्राकृतिक गैस का भंडार 355 मीटर की गहराई पर मिला है।
———–
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दिल्ली के मालवीय नगर में हुई आग की घटना में 13 विदेशी नागरिकों की मौत हुई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि मृतकों में एक व्यक्ति मोजाम्बिक, चार नाइजीरिया, एक लाइबेरिया, तीन किर्गिस्तान, एक उज्बेकिस्तान, एक बांग्लादेश, एक कांगो और एक इराक का नागरिक था। भारत-अमरीका के बीच व्यापार समझौते के बारे में प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों के बीच हुई बातचीत सकारात्मक रही है।
बातचीत करने वाली टीम, यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव के कार्यालय से आई थी, इसमें अमरीकी पक्ष के मुख्य वार्ताकार भी शामिल थे। यह बातचीत इस महीने की 1 और 4 तारीख के बीच हुई। यह चर्चा सकारात्मक और रचनात्मक रही है और दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
———–
नेपाल के विदेश मंत्री शिसिर खनाल तीन दिन की भारत यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंचे। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत नेपाल के साथ बहुआयामी साझेदारी मजबूत करने का इच्छुक है।
नेपाल के साथ हमारा एजेंडा बहुत व्यापक है, इसमें विकास के लिए सहयोग से लेकर लोगों के बीच आपसी संबंध और व्यापार तथा निवेश शामिल हैं। इसलिए, जब दोनों देशों के विदेश मंत्री मिलेंगे, तो इन सभी संबंधों पर चर्चा होगी। हम नेपाल के साथ अपनी इस बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने के इच्छुक हैं।
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर कल नेपाल के विदेश मंत्री से बातचीत करेंगे।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को रूस के पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान सुखोई एस.यू-57 देने की पेशकश की है। उन्होंने इस विमान के भारत में संयुक्त उत्पादन का भी प्रस्ताव दिया है। सेंट पीटर्सबर्ग आर्थिक मंच में श्री पुतिन ने कहा कि रूस भारत के साथ एकीकृत वायु रक्षा प्रणाली और अन्य महत्वपूर्ण रक्षा उपकरणों के उत्पादन में सहयोग करने के लिए तैयार है। भारत वर्तमान में अपनी स्वदेशी वायु रक्षा प्रणाली ‘सुदर्शन चक्र’ विकसित कर रहा है। इसमें रूस से प्राप्त एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली की महत्वपूर्ण भूमिका है।
————-
भारत ने तथाकथित गिलगित–बल्तिस्तान असेम्बली का आम चुनाव कराने की पाकिस्तान की योजना पर कड़ा विरोध दर्ज किया है। इस क्षेत्र पर पाकिस्तान का अवैध और जबरन कब्जा है। ये चुनाव 7 जून को होने वाले हैं। भारत ने अपने इस पुराने रुख को दोहराया है कि वर्ष 1947 से जम्मू-कश्मीर के भारत में पूर्ण, कानूनी और अपरिवर्तनीय विलय के परिणामस्वरूप गिलगित–बाल्टिस्तान सहित जम्मू-कश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश भारत के अभिन्न अंग हैं।
————
इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगिओनो तीन दिवसीय भारत दौरे पर कल नई दिल्ली पहुंचेंगे। विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर और सुगिओनो रविवार को नई दिल्ली में भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे।
———–
भारत एशिया कप अंडर-18 हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गया है। जापान के काकामिगाहारा में आज सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पांच-तीन से हरा दिया। भारत की ओर से आशीष तानी पूर्ति ने चार गोल किए। शाहरूख अली ने एक गोल किया। फाइनल में कल भारत का सामना जापान से होगा। इससे पहले, अंडर-18 लडकियों की टीम सेमी-फाइनल में चीन से पराजित हो गई थी।
———-
मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर में, गोवा और कर्नाटक के कईं क्षेत्रों में पहुंच गया है। तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। विभाग के अनुसार अरब सागर, कर्नाटक, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के अधिकतर हिस्सों के साथ-साथ गोवा, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पहुंचने की संभावना है। विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान बंगाल की खाड़ी के कईं क्षेत्रों के साथ-साथ पूर्वोत्तर राज्यों में ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सूरत और दमण में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
- प्रधानमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर बल दिया। कहा- भारत आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर हरित भविष्य की ओर अग्रसर।
- वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर सात दशमलव सात प्रतिशत रहने का अनुमान।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- स्मार्ट बॉर्डर परियोजना लागू किये जाने के अंतिम चरण में; संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में अगले वर्ष इसे प्रायोगिक आधार पर शुरू किया जाएगा।
- दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर, गोवा और कर्नाटक के कई क्षेत्रों में पहुंचा।
- भारत, पाकिस्तान को 5-3 से हराकर अंडर-18 एशिया कप हॉकी के फाइनल में पहुंचा।
————-