June 4, 2026 9:46 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. भारत और वेनेजुएला ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की। ऊर्जा, व्यापार, स्वास्थ्य सेवा तथा अन्य क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशने पर चर्चा की।
  2. गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्‍तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों से नई पीढ़ी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, मशीन लर्निंग और ब्लॉकचेन के बुनियादी ढांचे पर ध्यान देने को कहा।
  3. अहमदाबाद में विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप का शुभारंभ; प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि इससे योगासन को वैश्विक खेल पहचान मिलेगी।
  4. पेट्रोल और एथेनॉल की अलग-अलग मात्रा के मिश्रित ईंधन से चलने वाली देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल यात्री कार लॉन्‍च।
  5. मानसून ने दी केरलम में दस्‍तक। केरलम, कर्नाटक और तमिलनाडु में अगले सात दिन तक मूसलाधार बारिश का अनुमान।
  6. और भारतीय मुक्‍केबाज जैस्मीन लैंबोरिया विश्व बॉक्सिंग रैंकिंग में पहले स्‍थान पर पहुंचीं। प्रिया घंघास और विश्‍वनाथ सुरेश ने शीर्ष तीन में जगह बनाई।

 

*****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत और वेनेजुएला के बीच संबंधों पर चर्चा की तथा ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवा और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर विचार-विमर्श किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर बताया कि दोनों देशों के बीच ऊर्जा, महत्‍वपूर्ण खनिज, तकनीक, कृषि, स्वास्थ्य और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लैटिन अमेरिका में एक महत्वपूर्ण साझेदार के रूप में वेनेजुएला के साथ भारत का घनिष्ठ सहयोग विकासशील देशों के उत्‍थान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

बैठक के बाद विदेश मंत्रालय में पूर्वी क्षेत्र के सचिव रूद्रेंद्र टंडन ने मीडिया को बताया कि आज की बातचीत का मुख्य विषय ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करना था।

 

 

आर्थिक सहयोग को सिर्फ ऊर्जा क्षेत्र तक सीमित न रखकर खनन, पशुपालन, परिवहन, कृषि उपकरण, ऑटोमोबाइल और दवा उद्योग जैसे क्षेत्रों तक विस्‍तारित करने पर चर्चा हुई। चर्चा का उद्देश्य ऐसे अवसर और तरीके तलाशना है, जिनसे भारतीय कंपनियां वेनेज़ुएला के बाज़ार में सफलतापूर्वक अपना कारोबार बढ़ा सकें।

*****

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि नरेन्‍द्र मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर में हिंसा के युग का अंत करके  इस क्षेत्र को विवादों के केन्‍द्र से अवसरों के केन्‍द्र में बदल दिया है। पूर्वोत्तर परिषद के 73वें पूर्ण सत्र में भाग लेने के बाद सोशल मीडिया पोस्‍ट में गृहमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर परिषद इस क्षेत्र के विकास के लिए रणनीतिक योजना बनाने का कार्य कर रही है।

बैठक में गृहमंत्री ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि वे कानून-व्यवस्था पर ध्यान देने के बजाय नागरिकों के अधिकारों की रक्षा पर ध्यान केंद्रित करें, क्योंकि उग्रवाद अब कोई मुद्दा नहीं रह गया है। उन्होंने राज्यों को नई पीढ़ी के लिए आर्टिफिशिल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग का बुनियादी ढांचा तैयार करने को भी कहा।

*****

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज नई दिल्ली में भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल यात्री कार का लोकार्पण किया। इसका निर्माण मारुति सुजुकी ने किया है।

इस अवसर पर श्री पुरी ने कहा कि यात्री वाहनों में फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक की शुरुआत भारत की ऊर्जा परिवर्तन यात्रा का एक नया अध्याय है।

 

श्री नितिन गडकरी ने कहा कि फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों से प्रदूषण कम करने, कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने और विदेशी मुद्रा की बचत करने में मदद मिलेगी।

 

 

हमारे देश से करीब 22 से 23 लाख करोड रुपए हम फॉसिल फ्यूल के इंपोर्ट के लिए खर्चा करते हैं। हमारे प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि हमको आत्मनिर्भर भारत बनाना है। अगर आत्मनिर्भर भारत बनाना है तो हमें इंपोर्ट को कम करना पड़ेगा और एक्सपोर्ट को बढ़ाना होगा । हमारे देश में अगर यह इंपोर्ट को कम करना है, तो हमें अल्टरनेटिव फ्यूल और बायो फ्यूल पर काफी कम करने की आवश्यकता थी। और इसलिए यह जो इंडस्ट्री है यही हमारे देश के ग्रोथ का ग्रोथ इंजन है।

फ्लेक्स-फ्यूल वाहन पेट्रोल और एथेनॉल के विभिन्न मिश्रणों पर चल सकते हैं।

*****

 

पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के सिद्धांतों के आधार पर भारत में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आकाशवाणी समाचार, सरकार के पिछले 12 वर्षों के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए प्रयासों पर एक विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज हम इस श्रृंखला में बात करेंगे ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों के बारे में।

 

 

केन्द्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के साथसाथ कारोबार को आसान बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। इन सुधारों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और भारत दुनिया में प्रतिस्पर्धी व्यापारिक केंद्र के रूप में मजबूत हुआ है। 2016 में शुरू की गई स्टार्टअप इंडिया योजना नवाचार, उद्यमिता और निवेश आधारित विकास को बढ़ावा दे रही है। सरकार के प्रयासों के कारण देश में स्टार्टअप की संख्या 2016 में लगभग 500 से बढ़कर इस साल मार्च तक दो लाख 23 हजार से अधिक हो गई है। वहीं, जून 2021 में आयकर विभाग ने नया ईफाइलिंग पोर्टल शुरू किया, ताकि करदाताओं को अधिक सुविधा और बेहतर ऑनलाइन सेवाएं मिल सकें। महाराष्ट्र के ठाणे के चार्टर्ड अकाउंटेंट मनोज बासेर ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों में किए गए सुधारों से अर्थव्यवस्था को स्थिरता मिली है।

 

 

वहीं सरकारी खरीद प्रक्रिया को डिजिटल, सरल और सभी के लिए सुलभ बनाने के लिए 2016 में गवर्नमेंट ईमार्केटप्लेस (GeM) की शुरुआत की गई। GeM पर अब तक कुल कारोबार 18 लाख करोड़ रुपये से अधिक का हो चुका है। जेम से जुड़ी एक विक्रेता कामिनी गुप्ता ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि जेम की प्रक्रिया काफी सरल और पारदर्शी है और सरकारी खरीददारो तक पहुंच प्रदान करता है।

 

 

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमएम.एस.एम.. के पंजीकरण को आसान बनाने के लिए, केन्द्र सरकार ने उद्यम पंजीकरण पोर्टल की शुरुआत की। इस पोर्टल पर पंजीकरण की संख्या अक्टूबर 2020 में 10 हजार थी जो बढ़कर अब आठ लाख 31 हजार से अधिक हो गई है। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि योग मानवता को भारत का एक अनमोल उपहार है। अहमदाबाद में आयोजित विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह को वर्चुअल माध्‍यम से सम्‍बोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि योग मन, शरीर और आत्मा को एकजुट करता है।

श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रथम विश्व योग चैंपियनशिप, योगासन को वैश्विक खेल पहचान दिलाएगी और युवाओं के लिए व्यापक अवसर उपलब्‍ध कराएगी।

 

 

इस चैंपियनशिप के माध्यम से योगासन को एक कॉम्पिटेटिव स्‍पोर्ट्स के रूप में नई पहचान मिलेगी।  मुझे विश्वास है कि भविष्य में योगासन भी अंतरराष्ट्रीय खेलकूद में अपनी जगह बनाएगा, चाहे ओलंपिक हो या मल्टी स्पोर्ट्स इवेंट्स हो हम जितनी मेहनत करेंगे, सुखद परिणाम आ भी सकता है।

हमारी संवाददाता ने बताया है कि विश्व योगासन चैंपियनशिप का आयोजन युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, आयुष मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से किया गया है।

 

 

अहमदाबाद का एका एरिना आज से शुरू हुई पहली विश्‍व योगासन चैंपियनशिप के साथ ही एक बडे ऐतिहासिक बदलावा का गवाह बन रहा है। इस वैश्विक प्रतियोगिता में  अमेरिका, घाना, केन्या और मलेशिया सहित 60 से अधिक देशों 400 से अधिक प्रतिभागी हिस्‍सा ले रहे हैं। मेजबान देश भारत ने छह आयु श्रेणियों में मुकाबले के लिए अपनी 122 सदस्यों की टीम उतारी है। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

*****

जाकार्ता में इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में एम.आर. अर्जुन और हरिहरण अमसाकरूणन ने क्‍वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। पुरूष डबल्‍स में आज भारतीय जोडी ने मलेशिया के एरॉन ताई और कैंग खाईजिंग को शिकस्‍त दी।

*****

विश्‍व बॉक्सिंग रैंकिंग में जैस्मीन लंबोरिया ने महिलाओं की 57 किलोग्राम भार वर्ग में नंबर एक स्‍थान हासिल कर लिया है। वहीं प्रिया घांघस 60 किलोग्राम भार वर्ग और विश्वनाथ सुरेश 50 किलोग्राम भार वर्ग में शीर्ष तीन में जगह बनाने में सफल हुए हैं।

*****

संघ लोक सेवा आयोग-यू.पी.एस.सी. ने परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए फेस ऑथेंटिकेशन प्रणाली की शुरूआत की है। आयोग ने इस तकनीक का सफल उपयोग हाल ही में आयोजित प्रारंभिक सिविल सेवा परीक्षा और इस वर्ष हुए भारतीय वन सेवा परीक्षा में किया।

इस प्रणाली के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया जाता है कि आवेदन पत्र भरते समय जिस उम्मीदवार की फोटो अपलोड की गई थी, वही उम्मीदवार परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ परीक्षा देने आया है।

*****

भारतीय जनता पार्टी ने आज राज्यसभा चुनाव और उपचुनाव के लिए अपने 11 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी ने मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है। राजस्थान से डॉ. अलका गुर्जर और डॉ. सतीश पूनिया को मैदान में उतारा गया है।

राज्यसभा की 24 सीटों के लिए चुनाव 18 जून को होने हैं। इसके अलावा ओडिशा, महाराष्ट्र और तमिलनाडु की एक-एक सीट पर उपचुनाव भी कराए जाएंगे।

*****

केन्‍द्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेन्‍द्र सिंह ने आज एक नए डिजिटल पोर्टल की घोषणा की, जिसे अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन के सहयोग से विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य भारत के शोध तंत्र को मजबूत करना है।

*****

और अब बात मौसम की दक्षिण-पश्चिम मानसून आज केरलम पहुंच गया है। मौसम विभाग ने केरलम और कर्नाटक में अगले सात दिनों तक मूसलाधार वर्षा की संभावना व्‍यक्‍त की है। तमिलनाडु में भी तेज बारिश हो सकती है। माहे, पुद्दुचेरी और कराईक्‍काल में भी कल तेज बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात, झारखंड और पश्चिम राजस्थान में भी कल गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है।

इस बीच, दिल्ली राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज तेज बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस भरे मौसम से थोड़ी राहत मिली। आज रात भी हल्की बारिश की संभावना है।

*****

महिला और बाल विकास मंत्रालय ने अगस्त-सितंबर सत्र के लिए अपने इंटर्नशिप कार्यक्रम में भाग लेने के लिए महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसमें छात्राएं, शोधकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षक शामिल हो सकते हैं जो किसी विश्वविद्यालय या अन्य शैक्षणिक/गैर-शैक्षणिक संस्थान से जुड़े हों।

आवेदन ऑनलाइन पोर्टल wcd.intern.nic.in के माध्यम से किए जा सकते हैं।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. भारत और वेनेजुएला ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की। ऊर्जा, व्यापार, स्वास्थ्य सेवा तथा अन्य क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशने पर चर्चा की।
  2. गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्‍तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों से नई पीढ़ी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, मशीन लर्निंग और ब्लॉकचेन के बुनियादी ढांचे पर ध्यान देने को कहा।
  3. अहमदाबाद में विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप का शुभारंभ; प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि इससे योगासन को वैश्विक खेल पहचान मिलेगी।
  4. पेट्रोल और एथेनॉल की अलग-अलग मात्रा के मिश्रित ईंधन से चलने वाली देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल यात्री कार लॉन्‍च।
  5. मानसून ने दी केरलम में दस्‍तक। केरलम, कर्नाटक और तमिलनाडु में अगले सात दिन तक मूसलाधार बारिश का अनुमान।
  6. और भारतीय मुक्‍केबाज जैस्मीन लैंबोरिया विश्व बॉक्सिंग रैंकिंग में पहले स्‍थान पर पहुंचीं। प्रिया घंघास और विश्‍वनाथ सुरेश ने शीर्ष तीन में जगह बनाई।

*****

 

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.