June 3, 2026 9:44 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  1. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय विमानन कंपनियों की सहायता के लिए दस हजार करोड़ रुपये के विमानन ईंधन स्थिरता कोष को मंजूरी दी। दिल्लीएनसीआर क्षेत्र में पुराने ट्रकों और बसों को नये वाहनों से बदलने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड को भी स्‍वीकृति मिली।
  2. पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित विधायक ऋतब्रत बनर्जी को राज्‍य विधानसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया।
  3. कांग्रेस नेता डी.के. शिवकुमार ने कर्नाटक के 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। जी. परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की और 12 विधायकों ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।
  4. दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण आग में 21 लोगों की मौत। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की।
  5. मौसम विभाग ने कल केरलम और माहे में तेज वर्षा की चेतावनी दी।
  6. इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन में आयुष शेट्टी चीन के वेंग होंग यांग को हराकर सिंगल्‍स प्रीक्‍वार्टरफाइनल में पहुंचे।

 

*****

 

केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने विमानन ईंधन की कीमतों को स्थिर रखने के लिए तेल विपणन कंपनियों को दस हजार करोड़ रुपये की एकमुश्त बजटीय सहायता देने का निर्णय लिया है। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय विमानन कंपनियों की सहायता के लिए यह आत्मनिर्भर कोष छत्तीस महीने के लिए लागू रहेगा।

 

एटीएफ प्राइस स्टेबलाइजेशन फंड में एक सेल्‍फ सस्‍टेनिंग रिवॉलविंग फंड बनाया गया है। एटीएफ प्राइज फोर दी एयरलाइन कैरियर हू वॉन टू पार्टिशिपेट इन दिस। उनको एक स्‍टेबल एटीएफ प्राइस अभी करंट क्राइसेस के दौरान मिलेगा। इससे हमारे एनटायर एविएशन सेक्‍टर में करीब सत्तर लाख से अधिक जो जॉब्‍स हैं, जिनके ऊपर इम्‍पैक्‍ट पडना आरंभ होने लगा था। बिकॉज़ दी स्‍ट्रेस इन दी सेक्‍टर। वो इससे सिग्निफिकेंट, मिटीग्रेट होगा।

 

मंत्रिमंडल ने दिल्ली-राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पुराने ट्रकों और बसों को नए वाहनों से बदलने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड को सहायता प्रदान करने की योजना को भी मंजूरी दी है। श्री वैष्‍णव ने बताया कि योजना के अंतर्गत लगभग दो लाख ट्रक और 16 हजार बसें बीएस-6 या इलेक्ट्रिक वाहनों से बदली जाएंगी।

 

दिल्‍ली के पॉल्‍यूशन को रोकने के लिए लगातार कई स्‍टेप्‍स लिए जा रहे हैं। उन स्‍टेप्‍स में एक बहुत बड़ा निर्णय लिया गया कि जो 40 प्रसेंट कॉन्‍ट्रिब्‍यूशन है, पार्टिक्‍युलर मेटेरियल का वो ट्रांसपोर्टेशन सेक्‍टर के कारण होता है और उस ट्रांस्‍पोटेशन में सबसे बड़ा कॉन्‍ट्रिब्‍यूटर है, हेवी ट्रक्‍स और बसें, पूरानी ट्रक और बसों को रिप्लेस करने का इसमें फैसला लिया गया है।

 

मंत्रिमंडल की आर्थिक कार्य समिति ने ओडिशा में रामेश्वर से पारादीप तक 163 किलोमीटर से अधिक लंबे तटीय राजमार्ग के निर्माण को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना की कुल लागत आठ सौ 30 करोड़ रुपये से अधिक होगी। श्री वैष्‍णव ने बताया कि इससे रामेश्वर और पारादीप के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग ढाई घंटे कम हो जाएगा।

 

ओडिशा में कोस्‍टल हाईवे, जो स्‍टेट की बहुत लम्‍बे समय से एक डिमांड रही है, बिकॉज कोस्‍टल एरिया का बारबार साइक्‍लोन से इम्‍पैक्‍ट होना, कोस्‍टल एक्‍टिविटी जो है, फिशिंग हो, पान की खेती हो, धान की खेती हो, कई तरह के इक्‍नॉमी एक्‍टिविटी है और साथ ही साथ टूरिजम और श्रद्धा के बडे केन्‍द्र हैं जैसे पुरी हो गया, चिलिका हो गया, इन सबकी कनेक्‍टिविटी, कैसे हो, एक लम्‍बे टाइम से ओडिशा की डिमांड रही है, तो इस डिमांड को आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी ने आज कैबिनेट में एप्रूव किया।

 

मंत्रिमंडल ने बिहार में राष्‍ट्रीय राजमार्ग 31 और 231 के खगड़िया-पूर्णिया खंड को चार लेन करने को भी मंजूरी दी है। इसकी लागत 3 हजार 936 करोड़ रुपये से अधिक होगी।

 

*****

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा में ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा तृणमूल कांग्रेस के बागी विधायकों के एक समूह को अलग विधायक दल के रूप में मान्यता देने के बाद यह नियुक्ति हुई है। एक रिपोर्ट –

 

ऋतब्रत बनर्जी पहले मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्यसभा सांसद थे और बाद में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए। उन्‍हें लगभग साठ विधायकों का समर्थन मिल गया है। यह संख्‍या दलबदल विरोधी कानून के अंतर्गत आवश्यक दो-तिहाई बहुमत के आंकडों से अधिक है। ममता बनर्जी गुट ने इससे पहले शोभनदेब चट्टोपाध्याय को विपक्ष का नेता नामित किया था। इससे पहले पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति के लिए जमा किए गए हस्ताक्षरों से जुड़े विवाद में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में विधायक ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को निष्कासित कर दिया था। कोलकाता से संदीपन दासगुप्ता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशेष शुक्‍ला।

 

*****

 

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आज नबन्ना में सामाजिक सुरक्षा योजना अन्नपूर्णा की शुरुआत की। इसके अंतर्गत 28 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 3-3 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए। योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को पंजीकरण कराने के लिए 90 दिन का समय दिया गया है। 25 से 60 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाएं योजना के लिए पात्र होंगी।

 

*****

 

कर्नाटक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डी.के. शिवकुमार ने आज राज्‍य के 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सिद्धारमैया मंत्रिमंडल में गृह विभाग संभाल रहे डॉ. जी. परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की और 12 विधायकों ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से…………

 

मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार द्वारा शपथ ग्रहण के बाद एक्‍स साइट में कहा कि इस बदलते टेनॉलोजी के युग में कर्नाटक नए आईडिया के साथ अपने विकास पथ में सबसे आगे बढे। लोक भवन से विधानसौधा पहुंचने के बाद उन्‍होंने महात्मा गांधी, डॉ. बी.आर. अंबेडकर और जगत ज्‍योति बसवन्ना और अन्‍य महान पुरूषों की पुतली पर पुष्प नमन किया, उसके बाद उन्होंने विधानसौधा के नॉर्थ गेट पर झुककर नमस्‍कार किया। अपने पहले कैबिनेट मीटिंग में वह कुछ नए समाज कल्‍याण कार्यक्रमों की घोषणा करने की संभावना है। सुधींद्र आकाशवाणी समाचार बेंगलुरु।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने श्री डीके शिवकुमार को बधाई दी है। श्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार जनता के कल्याण के लिए कर्नाटक सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।

 

*****

 

दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल में आज सुबह आग लगने की घटना में 21 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। एक रिपोर्ट………

 

दिल्ली पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में होटल में आग लगने की घटना के मामले में गैरइरादतन हत्याके आरोप में एफआईआर दर्ज किया है। इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई थी। 26 लोगों का अभी इलाज चल रहा हैं। दिल्ली नगर निगम ने भी घटना की जांच के आदेश दिए हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा है कि कल से, जिला मजिस्‍ट्रेटो, पुलिस उपायुक्‍तों और नगर निगम के उपायुक्‍तों की संयुक्त नेतृत्व में एक महीने तक चलने वाला प्रवर्तन और रोकथाम अभियान शुरू किया जाएगा। अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचार हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

 

*****

 

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा बाजार बनकर उभरा है। श्री यादव ने बताया कि 2025 तक वार्षिक सौर ऊर्जा क्षमता वृद्धि के मामले में देश ने अमरीका को पीछे छोड़ दिया है।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्‍वास और सबका प्रयास सिद्धांत के अंतर्गत देश में पिछले 12 वर्ष में उल्‍लेखनीय बदलाव आया है। इस दौरान मोदी सरकार ने निर्धनों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्‍याण और सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्‍वपूर्ण पहल शुरु की हैं। आकाशवाणी समाचार पिछले 12 वर्ष में प्रमुख क्षेत्र में सरकार के प्रयासों पर विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज बात मध्यम वर्ग के कल्याण के लिए सरकार के कदमों की।

 

केन्द्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में, विभिन्न योजनाओं और सुधारों के माध्यम से, मध्यम वर्ग के लोगों को सशक्त बनाया है। सरल कर व्यवस्था, बेहतर बैंकिंग, बीमा और पेंशन जैसी सुविधाओं ने, मध्यम वर्ग की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की है। नई कर व्यवस्था के तहत, सालाना 12 लाख रुपये तक कमाने वाले लोगों को कोई आयकर नहीं देना पड़ता। वहीं जीएसटी ने भी कर व्यवस्था को सरल बनाकर और रोजमर्रा की चीजों की लागत कम करके, मध्यम वर्ग को राहत पहुंचाया है। 2015 में शुरू की गई प्रधानमंत्री आवास योजना अर्बन ने लाखों लोगों को पक्का घर उपलब्ध कराया है। इस योजना के तहत स्वीकृत एक करोड़ 25 लाख घरों में से, 98 लाख से अधिक घर बनकर लाभार्थियों को दिए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश के अभिषेक कुमार ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि इस योजना के जरिये गरीबों को अपना घर मिल रहा है और किराए के मकान से मुक्ति मिल रही है।

 

प्रधानमंत्री आवास योजना में आवेदन किया था, आवेदन करने के बाद मेरे को लॉटरी ड्रॉ के माध्‍म से मुझे यह मकान आवंटित हुआ। स्‍कीम बहुत ही बढिया है, जिससे गरिबो लोगों को आवास मिल रहे हैं, सबको सहुलियत हो रही है।

 

वहीं आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 43 करोड़ 52 लाख स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के अंतर्गत, जन औषधि केंद्रों के माध्यम से, लोगों को सस्ती और गुणवत्ता पूर्ण दवाईयां मिल रही है जो बाजार से, 50 से 80 प्रतिशत सस्ती दरों पर उपलब्ध है। बिहार के रहने वाले ब्रह्मदेव ने बताया कि इन केंद्रों पर दवाइयाँ बहुत कम कीमत पर मिलती हैं।

 

लगभग एक साल से दवाईयां ले रहा हूं, यहां सस्‍ती दवा मिलती है। डॉ० का विश्‍वास है कि जन औषधि से दवाईयां खरीदो।

 

हीं 2015 में शुरू की गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के कारण, लोग अपना व्यवसाय शुरू कर रहे हैं और दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं। इस योजना के तहत, अब तक लाभार्थियों को 40 लाख करोड़ रुपये के ऋण दिए जा चुके हैं। भारत के मध्यम वर्ग के लोगों की आय बढ़ने और नए अवसर मिलने के कारण, अब वे देश की आर्थिक प्रगति, विकास और समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*****

 

मौसम विभाग ने कल केरलम और माहे में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड, पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, कोंकण, गोवा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईक्‍काल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में भी अगले दो दिन तेज बारिश हो सकती है।

 

*****

 

भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि प्रस्तावित भारत-अमरीका अंतरिम व्यापार समझौते का 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मुंबई में उन्‍होंने कहा कि दोनों देश बाकी बचे मुद्दों को सुलझाने में लगे हैं और उम्मीद है कि समझौता अगले कुछ सप्‍ताह में अंतिम रूप दिया जा सकता है।

 

*****

 

ईरान ने कुवैत और बहरीन में स्थित अमरीकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है। हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है।

 

*****

 

इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन में आयुष शेट्टी सिंगल्‍स तथा रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गद्दे मिकस्‍ड डबल्‍स प्री-क्‍वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। आयुष ने चीन के वेंग होंगयांग को हराया। रोहन कपूर और रुत्विका ने चीनी ताइपे के हू लिंग-फांग और यांग पो-ह्सुआन को पराजित किया।

 

*****

 

प्रवर्तन निदेशालय ने आज पंजाब और उत्तर प्रदेश में भारत और कंबोडिया से संचालित मानव तस्करी गिरोह मामले में तलाशी अभियान चलाया। ईडी ने बताया है कि इस गिरोह के मानव तस्करी, साइबर धोखाधड़ी और अवैध गतिविधियों में शामिल होने का संदेह है। निदेशालय ने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत जांच शुरू की गई।

 

*****

 

आर्थिक जगत

 

बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्‍स तीन सौ चार अंकों की गिरावट से 74 हजार तीन सौ 46 पर बंद हुआ। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 78 अंकों कम होकर 23 हजार चार सौ छह पर बंद हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया आज डॉलर की मुकाबले 44 पैसे कमजोर होकर 95 रुपये 70 पैसे प्रति डॉलर के स्‍तर पर बंद हुआ।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय विमानन कंपनियों की सहायता के लिए दस हजार करोड़ रुपये के विमानन ईंधन स्थिरता कोष को मंजूरी दी। दिल्लीएनसीआर क्षेत्र में पुराने ट्रकों और बसों को नये वाहनों से बदलने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड को भी स्‍वीकृति दी।
  2. पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित विधायक ऋतब्रत बनर्जी को राज्‍य विधानसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया।
  3. कांग्रेस नेता डी.के. शिवकुमार ने कर्नाटक के 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। जी. परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की और 12 विधायकों ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।
  4. दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण आग में 21 लोगों की मौत। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की।
  5. मौसम विभाग ने कल केरलम और माहे में तेज बारिश की चेतावनी दी।
  6. इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन में आयुष शेट्टी चीन के वेंग होंग यांग को हराकर सिंगल्‍स प्रीक्‍वार्टरफाइनल में पहुंचे।

 

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.