मुख्य समाचार:-
- सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली के लिए सेवा अनुबंध से संबंधित मामलों की जांच के लिए समिति का गठन किया।
- भारत ने नेपाल के साथ द्विपक्षीय मामलों के समाधान में तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप को नकारा।
- भारत ने वायु से सतह पर मार करने वाली स्वदेशी मिसाइल रुद्रम-टू का सफल परीक्षण किया।
- प्रसार भारती के वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म ने दो साल के भीतर ही एक करोड़ यूजर्स का आंकड़ा पार किया।
- यूक्रेन में रूस के हमलों में 21 लोग मारे गए।
- महिला क्रिकेट में, भारत आज रात टॉनटन में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा और अंतिम टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलेगा।
*****
सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली के लिए सेवा अनुबंध से संबंधित मामलों की जांच के लिए एक सदस्यीय समिति का गठन किया।
समिति की अध्यक्षता क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस. राधा चौहान करेंगी। समिति एक माह के अंदर कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
इस बीच, बोर्ड ने आज कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियों में पाई गई त्रुटियों के सत्यापन और उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन हेतु ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया है। यह सुविधा केवल उन्हीं छात्रों के लिए उपलब्ध है जिन्होंने अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियां प्राप्त कर ली हैं।
पोर्टल शुरू होते ही इससे बडे स्तर पर साइबर हमलों के जरिए इसकी सेवाओं को बाधित करने का प्रयास किया गया। सीबीएसई ने बताया कि इन्ही प्रयासों के क्रम में मात्र दो मिनट में पोर्टल पर 15 लाख हिट्स दर्ज की गई और अनधिकृत रूप से फाइलों तक पहुंचने के लिए एक लाख से अधिक प्रयास किये गए। बोर्ड ने साफ किया कि उसकी टीमें पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ काम कर रही हैं, ताकि छात्रों को हर सम्भव सुविधा प्रदान की जा सके। छात्रों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर, सीबीएसई ने प्लेटफॉर्म में और कई सुधार किए हैं, इसके तहत प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और निर्बाध बनाने के लिए सेशन की समय सीमा भी बढ़ा दी गई है। पुर्नमूल्यांकन पोर्टल पर वर्तमान में 8 हजार से अधिक उपयोगकर्ता एक साथ काम कर रहे हैं। अब तक 16 हजार से अधिक छात्र सफलतापूर्वक अपना मूल्यांकन जमा कर चुके हैं। पोर्टल 6 जून तक खुला रहेगा। आनंद कुमार के साथ सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*****
भारत ने नेपाल के साथ सीमा विवाद सुलझाने में तीसरे पक्ष की किसी भी तरह हस्तक्षेप को नकार दिया है। कुछ दिन पहले नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने काफी समय से लंबित विवाद को सुलझाने में चीन और ब्रिटेन के शामिल होने की मांग की थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सीमा मुद्दों के सभी पहलुओं को सुलझाने के लिए स्थापित द्विपक्षीय तंत्र मौजूद हैं।
भारत-नेपाल सीमा का लगभग 98 प्रतिशत हिस्सा निर्धारित हो चुका है। सीमा के निर्धारित हिस्सों में सीमा पार कब्जे और नो मैन्स लैंड, अतिक्रमण के मामले भी हैं जिसका संयुक्त रूप से मानचित्रण किया जा रहा है। हमने सीमा सम्बंधित सभी मामलों से निपटने के लिए द्विपक्षीय तंत्र स्थापित किए हैं। भारत और नेपाल के बीच जो भी द्विपक्षीय मामले हैं, उसमें किसी तरह से तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं हैं।
श्री जायसवाल ने कहा कि भारत ने जम्मू-कश्मीर के बारे में पाकिस्तान-यूरोपीय संघ के संयुक्त वक्तव्य में अनुचित संदर्भों को भी खारिज कर दिया है।
भारत के आंतरिक मामलों पर संयुक्त वक्तव्य में किए गए ऐसे अवांछित संदर्भों को अस्वीकार करते हैं, केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न तथा अविभाज्य अंग हैं, जिनका ऐसे मामलों में कोई अधिकार नहीं है, उन्हें इन पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
*****
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज कल से चार दिन के भारत दौरे पर रहेंगी। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि डेल्सी रोड्रिग्ज के साथ कैबिनेट के प्रमुख मंत्री भी रहेंगे। श्री जायसवाल ने बताया कि वह अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता करेंगी।
वेनेजुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इन वार्ताओं में भारत-वेनेजुएला सम्बंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा होगी और ऊर्जा, व्यापार, निवेश, फार्मास्विटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन तथा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों के खोज पर भी चर्चा होगी।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा माशातिले से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट पर राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच घनिष्ठ मित्रता है और दोनों देश वैश्विक दक्षिण में प्रमुख स्थान रखते हैं। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार की निरंतर वृद्धि का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों पक्षों को प्रौद्योगिकी, औषधीय, ऊर्जा, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों तथा कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग करना चाहिए।
इससे पहले, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति से मुलाकात की। उनके साथ दक्षिण अफ्रीका सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी था।
*****
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ तथा वायुसेना ने स्वदेश निर्मित वायु से सतह पर मार करने में सक्षम रुद्रम-टू मिसाइल सफल परीक्षण किया है।
ये परीक्षण ओडिसा के चांदीपुर के एकीकृत परीक्षण रेंज में अत्यंत कठिन परिस्थितियों में किए गए। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि परीक्षण के दौरान मिसाइल सटीकता के साथ अपने निर्धारित लक्ष्य तक पहुंची।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि के लिए डीआरडीओ, भारतीय वायुसेना, रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, विकास और उत्पादन भागीदारों तथा संबंधित उद्योग हितधारकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सफल परीक्षण स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकियों की बढ़ती परिपक्वता को प्रदर्शित करते हैं और उन्नत हथियार प्रणालियों में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
*****
भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने आज सर्वोच्च न्यायालय के पांच नए न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति शील नागू, श्री चंद्रशेखर, संजीव सचदेवा और अरुण पल्ली के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना ने सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम की सिफारिश पर केंद्र द्वारा उनकी नियुक्ति को मंजूरी दिए जाने के बाद न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
*****
सर्वोच्च न्यायालय ने तमिलनाडु और केरलम में अगस्त्यमलाई पारिस्थितिकी परिदृश्य के संरक्षित क्षेत्रों में अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए एक समयबद्ध अतिक्रमण उन्मूलन योजना तैयार करने और इसे प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का निर्देश दिया है। शीर्ष न्यायालय ने ये भी निर्देश दिया कि अतिक्रमण करने वाले सभी 118 वर्तमान और सेवानिवृत्त सरकारी सेवकों के खिलाफ अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय को पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। न्यायमूर्ति राय बृहस्पतिवार को मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू की सेवानिवृत्ति के बाद शुक्रवार से पदभार ग्रहण करेंगी।
*****
दिल्ली की एक अदालत ने नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले में पांच आरोपियों की न्यायिक हिरासत 15 तारीख तक बढ़ा दी है। विशेष न्यायाधीश न्यायमूर्ति अजय गुप्ता ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई की उस याचिका को स्वीकार कर लिया जिसमें मंगिलाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल, यश यादव और धनंजय लोखंडे की न्यायिक हिरासत बढ़ाने की मांग की गई थी।
एनटीए ने 3 मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा रद्द कर दी थी। पुनर्परीक्षा 21 जून को निर्धारित की गई है।
*****
प्रसार भारती के डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म-वेव्ज ओटीटी की नवम्बर 2024 में शुरूआत के दो वर्ष से भी कम समय में पंजीकृत उपयोगकर्ताओं की संख्या एक करोड से अधिक हो गई है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने बताया है कि देश के सार्वजनिक डिजिटल मीडिया तंत्र के विकास में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मंत्रालय ने कहा है कि यह भारत और दुनियाभर के दर्शकों को विश्वसनीय, समावेशी और विविध सामग्री प्रदान करने वाले स्वदेशी डिजिटल प्लेटफार्मों को तेजी से अपनाये जाने को दर्शाता है।
*****
देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास सिद्धांत के तहत पिछले 12 वर्ष में उल्लेखनीय बदलाव आया है। आकाशवाणी समाचार पिछले 12 वर्षों में प्रमुख क्षेत्र में सरकार के प्रयासों पर विशेष कार्यक्रम का प्रसारण कर रहा है। आज महिला सशक्तिकरण की दिशा में हुए प्रयासों पर एक विशेष रिपोर्ट।
पिछले बारह वर्षों में, केंद्र सरकार के लगातार प्रयासों से महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। साल 2015 में शुरू की गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत लाखों महिलाओं को बिना किसी गारंटी के ऋण मिल रहा है। जिसके कारण उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने और आगे बढ़ाने में मदद मिली है। इस योजना के तहत, इस वर्ष मार्च तक 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के ऋण लाभार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 17 लाख करोड़ रुपये महिलाओं को दिए गए। तमिलनाडु के तिरुपुर की रहने वाली वनिश्री ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि इस योजना ने उन्हें उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया।
इस योजना की सहायता से मैंने अपनी नई बुटिक शॉप खोली है और मैं यह गर्व के साथ कह सकती हूं कि ये शॉप बहुत अच्छी चल रही है। इसके साथ ही मैं अब अपने प्रतिष्ठान की तीन से चार और शाखाओं का सफल संचालन करने में सक्षम हो गई हूं।
वहीं, प्रधानमंत्री जन धन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और वुमनिया जैसी प्रमुख योजनाओं ने महिलाओं की बैंकिंग, बचत और उद्यमिता से जोड़ने की क्षमता को मजबूत किया है। जन धन योजना के तहत अब तक 58 करोड़ से अधिक खाते खोले जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 33 करोड़ खाते महिलाओं के नाम पर हैं। हिमाचल प्रदेश के शिमला की रहने वाली सरोज बाला ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि जन धन खाता खोलने के बाद अब सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचता है।
ये जीरो बैलेसिंग खाता आराम से खुल जाता है। इसके लिए कोई राशि जमा नहीं करवानी पड़ती। जब कोरोना था जब किसी के पास एक रूपया भी नहीं होता था उस समय लोगों को 15 सौ रूपया मोदी सरकार ने दिया। मोदी जी के 12 वर्ष का कार्यकाल बहुत अच्छा है। उन्होंने आम जनमानस को बहुत सुविधाएं दी हैं। ये हमारे को बीमा योजना मिली है दो लाख बीमा कवर मिलता है।
वहीं, मोदी सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल लखपति दीदी है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सालाना कम से कम एक लाख रुपये की स्थायी आय प्राप्त करने में सक्षम बनाना है। यह पहल अब लगभग छह लाख गांवों तक पहुंच चुकी है और सरकार ने देशभर में छह करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। वहीं, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के कारण राष्ट्रीय लिंगानुपात वर्ष 2014-15 के 918 से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 929 हो गया है। सरकार की निरंतर नीतियों और योजनाओं के चलते महिलाएं आज आत्मनिर्भर और समावेशी अर्थव्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*****
भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सी.बी.एस.ई. का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्री सीताराम इससे पहले गृह मंत्रालय में अपर सचिव के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने श्री राहुल सिंह का स्थान लिया है।
*****
रूस ने कीव और यूक्रेन के अन्य शहरों पर ड्रोन और मिसाइलें दागीं, जिनमें 21 नागरिक मारे गए और 100 से अधिक घायल हो गए।
राष्ट्रपति व्लोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि देश में नागरिक बुनियादी ढांचे और ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया गया। उन्होंने अमरीका से यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइलें भेजने का आग्रह किया।
*****
दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के अंतर्गत सेवारत 550 से अधिक भारतीय शांति रक्षकों को संघर्षग्रस्त देश में नागरिकों की सुरक्षा और शांति स्थापना प्रयासों में उनके समर्पण और प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया गया। इनमें 53 महिलाएं शामिल हैं।
*****
महिला क्रिकेट में, भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा और अंतिम टी-20 मैच आज इंग्लैंड के टॉनटन में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 11 बजे शुरू होगा।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली के लिए सेवा अनुबंध से संबंधित मामलों की जांच के लिए समिति का गठन किया।
- भारत ने नेपाल के साथ द्विपक्षीय मामलों के समाधान में तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप को नकारा।
- भारत ने वायु से सतह पर मार करने वाली स्वदेशी मिसाइल रुद्रम-टू का सफल परीक्षण किया।
- प्रसार भारती के वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म ने दो साल के भीतर ही एक करोड़ यूजर्स का आंकड़ा पार किया।
- यूक्रेन में रूस के हमलों में 21 लोग मारे गए।
- महिला क्रिकेट में, भारत आज रात टॉनटन में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा और अंतिम टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलेगा।
*****